पनीर खुरमा - खास रेसीपी Paneer Khurma Special Recipe

मिठाईयों में खास आज हम बनाने जा रहे हैं पनीर खुरमा. इसे छेना गोझा और बेलग्रामी भी कहते हैं. ये बहुत ही स्वादिष्ट होती है. ट्रेडिश्नली इसे बनाने में बहुत वक्त लग जाता है. इसलिए आज हम आपके लिए एक आसान विधि के साथ पनीर खुरमा बनाएँगे. तो आप भी इस आसान विधि के साथ पनीर खुरमा बनाएं और अपने परिवार के साथ इसके स्वाद का आनंद लें.
पनीर खुरमा के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Paneer Khurma
पनीर - Paneer - 200 ग्राम
चीनी - Sugar - ¾ कप
पनीर खुरमा बनाने की विधि Process of making Paneer Khurma
कुकर में ¾ कप चीनी और 1.25 कप (1 कप + ½ कप) पानी डाल कर चीनी को पानी में घुलने तक पकाएं. इस बीच 200 ग्राम पनीर के पेक के पीस काट लीजिए. फिर चीनी के घुल जाने पर एक-एक करके पनीर के पीस कुकर में डालिए.
अब कुकर को बंद करके एक सीटी आने तक इसे तेज़ फ्लेम पर पकाएं. सीटी आने पर फ्लेम को एकदम धीमा करके इसे लो फ्लेम पर 30 मिनट के लिए पकाएं. समय पूरा होने पर फ्लेम बंद करके कुकर को खोल दीजिए. फिर चाश्नी के गाढ़ा होने तक इसे खुले ही पकाएं.
इन्हें पकाते समय थोड़ी-थोड़ी देर में चलाते भी रहना है ताकी ये नीचे ना लगे. जब चाश्नी एक तार की बन जाए तब फ्लेम बंद करके इन्हें हल्का ठंडा कर लीजिए. ठंडा होने पर इन्हें छान कर चाश्नी अलग कर लीजिए. फिर इसे छलनी में ही 2 घंटे के लिए रख दीजिए.
समय पूरा होने पर ये सख्त हो जाएँगे और इस तरह पनीर खुरमा बनकर तैयार हो जाएगा. इन्हें परोसिए और अपने परिवार के साथ इनके स्वाद का आनंद लीजिए.
सुझाव Suggestions
पनीर ज़्यादा सॉफ्ट नहीं लेना है.
पनीर खुरमा पकाते समय एक सीटी आने पर फ्लेम एकदम धीमी कर देनी है, ताकी इसमें 30 मिनट तक बस प्रेशर बनता रहे मगर सीटी बार-बार ना आए.
इन्हें पूरी तरह से ठंडा होने के बाद किसी भी कंटेनर में रख कर फ्रिज में रख दीजिए.
इन्हें पूरे 15 दिन तक रख कर खा सकते हैं.
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।