परतों वाले कुरकुरे मसाला नमक पारे - होली स्पेशल Crispy and Spicy Layered Namak Pare

होली के इस खास अवसर पर आज हम बनाने जा रहे हैं पफ बिस्किट जैसी परतों वाले कुरकुरे मसाला नमक पारे. इन्हें बनाना बहुत ही आसान है. हम इनकी शीट इस तरह बनाएँगे की ये एकदम लेयर वाले नमक पारे बनेंगे. ये इतने स्वादिष्ट होंगे की आपके मेहमानों को इसका स्वाद बेहद लाजवाब लगेगा. तो आप भी होली के इस अवसर पर पहले ही मसाले लेयर वाले नमक पारे बनाएं और त्यौहार पर मेहमानों का दिल जीतें.
नमकपारे के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Masala Layered Namak Paare
मैदा - Refined Flour - 2 कप (250 ग्राम)
नमक - Salt - ¾ छोटी चम्मच
जीरा - Cumin Seeds - 1 छोटी चम्मच
लाल मिर्च - Red Chilli - ½ छोटी चम्मच
काली मिर्च - Black Pepper - ¼ छोटी चम्मच
कलौंजी - Fennel Flower - ½ छोटी चम्मच
अजवाइन - Carom Seeds - ½ छोटी चम्मच
हींग - Asafoetida - 1 पिंच
घी - Ghee - 4 बड़े चम्मच (60 ग्राम)
सांटा के लिए For Saanta
घी - Ghee - 2 बड़े चम्मच
मैदा - Refined Flour - 2 बड़े चम्मच
तेल तलने के लिए - Oil for frying
डो बनाने की विधि Process of making the Dough
बाउल में 2 कप मैदा, ¾ छोटी चम्मच नमक, 1 छोटी चम्मच जीरा, ½ छोटी चम्मच लाल मिर्च, ¼ छोटी चम्मच काली मिर्च, ½ छोटी चम्मच कलौंजी, ½ छोटी चम्मच अजवाइन (मसल कर), 1 पिंच हींग और 4 बड़े चम्मच घी डालिए.
इन्हें अच्छे से मिला कर थोड़ा-थोड़ा पानी डाल कर सख्त डो गूंधिए. गूंधने पर इसे ढक कर आधे घंटे के लिए रख दीजिए.
नमक पारे असेम्बल करने की विधि Process of assembling Namak Pare
डो को 2-3 मिनट अच्छे से मसल कर स्मूद कीजिए. फिर इसे गोल करके दबा कर हल्का बढ़ाएं. अब इसके बराबर के 4 टुकड़े काट कर 1 निकाल कर बाकी ढक कर रख दीजिए. 1 हिस्से को बेल चौकोर करके पतला चौकोर बेलिए.
अब कटोरी में 2 बड़े चम्मच घी पिघला कर इसमें 2 बड़े चम्मच मैदा डाल कर अच्छे से मिला कर एक पेस्ट बनाएं. इसकी एक पतली लेयर बेली हुई शीट पर लगाएं. फिर शीट के ऊपर के हिस्से को बीच में लाते हुए किनारों को मिलाते हुए फोल्ड कीजिए. अब दूसरे किनारे को भी बीच में लाते हुए फोल्ड कीजिए.
अब इसपर सांटा की पतली लगाएं, फिर इसके दोनों कोनों को बीच में लाते हुए फोल्ड कीजिए. इसे अच्छे से चिपका कर वापस बेलिए, पहले जैसे पतला और बड़ा नहीं बस हल्का मोटा बेलना है. फिर इसे तीन हिस्सों में फोल्ड कीजिए, एक बार फोल्ड कीजिए फिर दूसरी बार इसे ढकते हुए फोल्ड कीजिए.
इसे अच्छे से दबा कर लम्बाई में बेलिए, साथ ही हल्का चौड़ाई में भी बेलिए. फिर इसकी ½-¾ इंच की स्ट्रिप्स काटिए. साथ ही हल्के चौड़े स्ट्रिप्स भी काट सकते हैं, ये बच्चों के लिए बिस्किट जैसे बन जाएँगे. काट कर इन्हें प्लेट पर रखिए और बाकी हिस्से भी इसी तरह फोल्ड करके सांटा लगा कर चिपका कर काट लीजिए.
नमक पारे तलने की विधि Process of frying Namak Pare
कढ़ाही में तेल गरम कीजिए, तेल मीडियम से भी कम गरम होना चाहिए और फ्लेम लो-मीडियम होनी चाहिए. हल्के गरम तेल में कुछ नमक पारे डाल कर इन्हें तलने दीजिए. 2-3 मिनट बाद जब ये तैर कर ऊपर आजाएं तब इन्हें पलट-पलट कर हल्का गुलाबी होने तक तलिए.
इन्हें निकाल कर बाकी भी इसी तरह तल लीजिए, इस तरह मसाला लेयर वाले कुरकुरे नमक पारे बनकर तैयार हो जाएँगे. इन्हें परोसिए और इनके स्वाद का आनंद लीजिए.
सुझाव Suggestions
डो को हल्का सख्त गूंधना है.
तलते समय तेल मीडियम से भी कम गरम होना चाहिए और फ्लेम लो-मीडियम होनी चाहिए.
इन्हें पूरी तरह ठंडा होने पर किसी भी एयर टाइट कंटेनर में रखिए. इन्हें पूरे 2 महीने तक खा सकते हैं.
परतों वाले कुरकुरे मसाला नमक पारे - होली स्पेशल Crispy and Spicy Layered Namak Pare
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।