गाजर का इंस्टेंट हलवा Gajar ka Halwa, a Quick Recipe

📅 2 फरवरी 2022 👁 13.9 हज़ार बार देखी गई 💬 0 कमेंट

गाजर के इस सीजन में आज हम बनाने जा रहे हैं मीठा-मीठा गाजर का हलवा.  आज की हमारी रेसिपी में हम झटपट गाजर का हलवा बनाकर तैयार करेंगे.  इसमें ना ही तो हम दूध मिलाएँगे, ना मावा, ना कन्डेंस्ड मिल्क और ना ही मिल्क पाउडर.  बिना इन सामग्री के एकदम स्वादिष्ट गाजर का हलवा बनाकर तैयार करेंगे.  तो इस आसान विधि से आप भी मीठा सा स्वादिष्ट गाजर का हलवा बनाएं और अपने परिवार के साथ इसके स्वाद का आनंद लें.

गाजर का हलवा के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Gajar ka Halwa

गाजर - Carrots - 600 ग्राम

मलाई - Malai - 1 कप

चीनी - Sugar - ½ कप

काजू - Cashew - 2-3 छोटी चम्मच

बादाम - Almonds - 2-3 छोटी चम्मच

इलायची - Cardamom - 4, दरदरी कुटी हुई

गाजर ग्रेट करने की विधि Process of grating Carrots

600 ग्राम गाजर को छीले कर अच्छे से धो कर सुखा लीजिए.  फिर अगर गाजर लम्बी हो तो इन्हें दो या तीन हिस्से में काट लीजिए.  अब थोड़े मोटे वाले ग्रेटर से गाजर को ग्रेट कीजिए, सभी गाजर एक बाउल में ग्रेट कर लीजिए.  याद रखिए जो बीच का पीला भाग होगा उसे निकाल देना है क्योंकी वो मीठा नही होता और हलवा का स्वाद बिगड़ सकता है.

गाजर का हलवा बनाने की विधि Process of making Gajar ka Halwa

कुकर में ग्रेट की हुई गाजर और 1 कप घर में निकले दूध की ताज़ा मलाई डालिए.  अब फ्लेम जला कर मलाई और गाजर को अच्छे से मिलाएं.  फिर कुकर बंद करके तेज़ फ्लेम पर एक सीटी आने तक पकाएं.  सीटी आने पर धीमी फ्लेम पर इसे 2 मिनट पकाएं.

समय पूरा होने पर कुकर को ठंडा होने दीजिए, फिर इसे खोलिए.  मलाई से हल्का दूध अलग हो गया होगा, फ्लेम जला कर मीडियम-हाई फ्लेम पर लगातार चलाते हुए दूध के गजर में मिलने तक पकाएं.  जब दूध लगभग खतम हो जाए तब इसमें ½ कप चीनी डाल कर चलाते हुए चीनी के हलवा में घुलने तक पकाएं.

चीनी के अच्छे से घुलने पर और हलवा के थिक होने पर इसमें 2-3 छोटी चम्मच काजू, 2-3 छोटी चम्मच बादाम और 4 दरदरी कुटी छोटी इलायची डालिए.  इन्हें अच्छे से मिला कर फ्लेम बंद करके हलवा निकाल लीजिए.  इस तरह गाजर का हलवा बनकर तैयार हो जाएगा, इसे थोड़े काजू बादाम से गार्निश करके परोसिए और इसके स्वाद का आनंद लीजिए.

सुझाव Suggestions

जब कुकर खोल कर हलवा को पकाएं तो थोड़ी-थोड़ी देर में उसे चलाते रहिए.

इसे फ्रिज में रख कर पूरे 7 दिन तक खा सकते हैं.

ड्राई फ्रूट्स आप अपनी पसंद के कोई भी, कम या ज़्यादा भी डाल सकते हैं.  नहीं पसंद करते हों तो इसे हटा भी सकते हैं.

गाजर का इंस्टेंट हलवा Gajar ka Halwa, a Quick Recipe

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (0)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।