चोको चिप्स बनाना केक
![]()
केक अगर चुटकियों में बनकर तैयार हो जाये तो यह सिर्फ बच्चों की ही नहीं आपकी भी फेवरेट लिस्ट में शामिल हो जाएगा। आइये बनाते है चोको चिप्स बनाना केक जिसमें बनाना का पोषण भी है और चॉकलेटी स्वाद भी। यह रेसिपी खाने में जितनी स्वादिष्ट है बनाने में उतनी ही आसान। तो चलिए शुरू करते हैं।
केक बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
केला - 2
ओलिव ऑयल - 1/4 कप
दही - 1/2 कप
चीनी - 1/2 कप (100 ग्राम )
मैदा -1 कप + 2 टेबलस्पून (150 ग्राम)
बेकिंग पाउडर - 1 छोटा चम्मच
बेकिंग सोडा - 1/4 छोटा चम्मच
वनीला एसेंस - 1/2 छोटा चम्मच
चोको चिप्स - 1/4 कप
बनाना केक बनाने की विधि
2 अच्छी तरह पके हुए केले छीलकर, टुकड़ों में काटकर एक जार में डाल दीजिये। अब इसमें ओलिव आयल,दही और चीनी मिलाकर पेस्ट तैयार कर लीजिए।

ड्राई सामग्री तैयार करने के लिए एक प्याले में मैदा, बेकिंग पाउडर और बेकिंग सोडा मिक्स करें। एक दूसरे प्याले में इस मिश्रण को 2 बार छान लीजिए। इससे मिश्रण अच्छी तरह मिक्स हो जायेगा और गुठलियां भी निकल जाएंगी।

केक बनाने के लिए एक कंटेनर लीजिये और चारों ओर तेल लगाकर अच्छे से ग्रीस कर लीजिए। तले पर एक बटर पेपर लगाकर ऊपर से दोबारा ग्रीस कर लीजिए।

बेक करने के लिए एक कुकर लीजिए। 2 कप नमक डालकर ऊपर से एक जाली स्टैंड रख दीजिए। कुकर के ढ़क्कन की सीटी और गैस केट हटाकर, कुकर बंद करके 7-8 मिनट तक तेज़ आंच पर गरम कर लीजिए।
एक प्याले में केले का पेस्ट लेकर, थोड़ी-थोड़ी ड्राई सामग्री डालते हुए मिक्स कर लीजिए। अब मिश्रण में वैनिला एसेंस और 3/4 चोको चिप्स डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिए। मिश्रण को कंटेनर में डालकर टैप करिए और बाकी के बचे हुए चोको चिप्स ऊपर से गार्निश कर दीजिए।
8 मिनट बाद ,कंटेनर को कुकर में रखकर बंद कर दीजिए। अब इसे मध्यम - धीमी आंच पर लगभग 50 मिनट के लिए बेक कर लीजिए। 50 मिनट बाद केक को निडल डालकर चेक कर लीजिए,अगर निडल साफ़ निकल आये तो समझिये केक तैयार हो चुका है।
केक को कुकर से निकालकर 30 मिनट ठंडा होने के लिए रख दीजिए। ठंडा करने के बाद चाकू और प्लेट की मदद से केक को कंटेनर से निकाल लीजिए। केक पर से बटर पेपर निकाल दीजिए।
सॉफ्ट और स्पंजी बनाना केक बिलकुल तैयार है। यह रेसिपी बच्चों को ज़रूर पसंद आयेगी।
सुझाव
ओलिव ऑयल की जगह आप कोई भी रिफाइंड ऑयल का इस्तेमाल कर सकते हैं।
बटर पेपर न हो तो कोई प्लेन पेपर या फॉयल पेपर भी ले सकते हैं।
अगर आप चाहे तो चोको चिप्स हटा भी सकते हैं।
सारी सामग्री नाप कर लें।
बेक करते समय कुकर को बार बार खोलकर न चेक करें इससे केक अच्छी तरह बेक नहीं होगा।
सॉफ्ट n स्पंजी चोको चिप्स बनाना केक । Moist n Eggless Banana Cake without oven in pressure cooker
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।