आटे के स्टीम्ड मोदक । Steamed Atta Modak | Steamed wheat flour modak । Gavhache Ukdiche Modak

📅 29 अगस्त 2017 👁 43.9 हज़ार बार देखी गई 💬 2 कमेंट ★ 4.3 (406)

गेहूं का आटा गूंथकर गुड़ नारियल और मेवे की भरांवन से तैयार, आटे के स्टीम्ड मोदक स्वाद में बहुत ही लाज़वाब होते हैं.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Steamed wheat flour modak

  • गेहूं का आटा - 1 कप (150 ग्राम) 
  • ताज नारियल - 2 कप (कद्दूकस किया हुआ)
  • गुड़ - ¾ कप (150 ग्राम) (बारीक तोड़ा हुआ)
  • घी - 2 टेबल स्पून 
  • बादाम - 10-12 (बारीक कटे हुए) 
  • अखरोट - 3-4 (बारीक कटे हुए) 
  • इलायची - 5-6 
  • नमक - ¼ छोटी चम्मच से कम या स्वादानुसार

विधि - How to make Steamed Atta Modak

एक बड़े प्याले में 1 कप आटा निकाल लीजिए और आटे में 2 छोटी चम्मच घी और 1/4 छोटी चम्मच से भी कम नमक डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिला लीजिए. फिर थोडा़-थोडा़ पानी डालते हुए पूरी के आटे जैसा सख्त आटा गूंथकर तैयार कर लीजिए. इतना आटा गूंथने में आधे कप से थोडा़ सा कम पानी का उपयोग हुआ है. आटे को ढककर 20 से 25 मिनिट के लिए रख दीजिए, आटा सैट होकर तैयार हो जाएगा.

स्टफिंग बनाएं
स्टफिंग बनाने के लिए पैन को गैस पर रखकर गरम कीजिए. इसमें 1 छोटी चम्मच घी डालकर गरम होने दीजिए. घी के गरम होने पर इसमें कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल और गुड़ डाल दीजिए. गुड़ नारियल को धीमी आंच पर अच्छे से मिलाते हुए पका लीजिए.

इलायची को छील कर इनके बीजों का पाउडर तैयार कर लीजिए.

गुड़ और नारियल के अच्छे से मिक्स होकर पककर तैयार होने पर इसमें कटे हुए अखरोट-बादाम, इलायची पाउडर और किशमिश डालकर मिक्स कर दीजिए. स्टफिंग बनकर तैयार है. इसे प्लेट में निकाल लीजिए और ठंडा होने दीजिए.

25 मिनिट बाद आटा सैट हो गया है, हाथ पर थोडा़ सा घी लगाकर आटे को मसल कर चिकना कर लीजिए. मोदक के लिए आटा तैयार है. आटे में से छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लीजिए और बाकी आटे को ढक दीजिए ताकि आटा सूखे नहीं. फिर एक लोई उठाएं इसे गोल कर के हथेली से चपटा कर लीजिए और इसे चकले पर रखकर बेलन की मदद से 2.5-3 इंच के व्यास में पूरी के जैसा गोल बेल कर तैयार कर लीजिए. इसके बाद, इस पूरी में 2 से 2.5 छोटी चम्मच स्टफिंग की रख दीजिए और लोई को चारों ओर से प्लेट बनाते हुए मोदक का आकार देकर बंद कर दीजिए. इसी तरह सारे मोदक बनाकर तैयार कर लीजिए.

मोदक भाप में पकाइए
इसके लिये कोई भी ऐसा बर्तन ले लीजिए जिसमें छलनी आ जाए. बर्तन में 2 कप पानी उबलने के लिए रख दीजिए. छलनी को घी लगाकर चिकना कर लीजिए. छलनी में मोदक को थोड़ी-थोडी़ दूरी पर लगाते हुए रख दीजिए.
पानी में उबाल आने पर छलनी को बर्तन के ऊपर रखकर ढक दीजिए. मोदक को भाप में 12 मिनिट तक पकने दीजिए. इस दौरान गैस की आंच को तेज ही रखिए.

12 मिनिट बाद मोदक बनकर तैयार हैं,. गैस बंद कर दीजिए. छलनी को बरतन से निकालकर जाली स्टैंड पर रख दीजिए और मोदक को हल्का सा ठंडा होने दीजिए. मोदक के हल्के से ठंडे हो जाने पर मोदक को और ज्यादा स्वादिष्ट बनाने के लिए मोदक के ऊपर थोडा़ सा घी लगा दीजिए. मोदक को छलनी में से निकाल कर प्लेट में रख दीजिए. स्वाद से भरपूर मोदक बन कर तैयार हैं. आप इन्हें बनाएं और इनके स्वाद का मजा लीजिए.

सुझाव

  • मोदक के लिए आटा गूंथते समय ध्यान रखें कि वो न बहुत पतला और न ही बहुत ज्यादा सख्त हो. 
  • ड्राय फ्रूट आप अपनी पसंद से जो डालना चाहें डाल सकते हैं जैसे कि काजू , पिस्ता इत्यादि. ड्राय फ्रूट्स अपनी पसंद के अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं.

Steamed Atta Modak | आटे के स्टीम्ड मोदक । Steamed wheat flour modak । Gavhache Ukdiche Modak

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
4.3 / 5 (406 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (2)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

Ekta sanjai verma
Padwal(snake guard)ki sabji recipe video plz

निशा: एकता जी, मैं जल्द ही इसे बनाने की कोशिश करूंगी.
Rohit Kumar
Wow aunty.. modak ki bahar kar di is bar to apne Ganeh festival ke. mai apki website hamesha follow karti hoon. Mujhe apke maa \wa modak bahut pasand aye.

निशा: रोहित जी, आपका बहुत बहुत धन्यवाद मुझे खुशी है कि आपको मेरी रेसिपी पसंद आई.