चमचम जैसे मीठे ब्रेड रोल - Sweet Bread Mawa Roll - Bread Chum Chum

एकदम नवीन और भिन्न किस्म का बेहद लज़ीज़ मिष्ठान्न चमचम जैसे मीठे ब्रेड रोल, किसी भी पार्टी या शुभ अवसर पर बनाकर मेहमानों को खिलाएं और पाएं ढेरों प्रशंसा.
Read - Sweet Bread Mawa Roll - Bread Chum Chum
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Bread Chum Chum
- ब्रेड - 8
- मावा - 150 ग्राम
- चीनी - 1 कप (250 ग्राम)
- दूध - 1 कप
- चीनी पाउडर- ¼ कप (40 ग्राम)
- नारियल बुरादा - ¼ कप
- इलायची - 4
- बादाम - 7 से 8
- काजू - 7 से 8
- पिस्ते - 10 से 12 (बारीक कटे हुए)
- आरेंज फूड कलर - ½ पिंच से थोडा़ कम
- घी - चमचम तलने के लिए
विधि - How to make Sweet Bread Mawa Roll
ब्रेड चमचम बनाने के लिए पहले कुछ तैयारियां कर लीजिए
ब्रेड के किनारे का गहरे रंग का हिस्सा चाकू की सहायता से काटकर अलग कर लीजिए. सारे ब्रेड के किनारे काटकर हटा लीजिए. काजू को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर तैयार कर लीजिए, बादाम को भी छोटा-छोटा काट लीजिए. इलायची को छीलकर इसके बीजों का पाउडर बना लीजिए.
चाशनी तैयार कीजिए
चाशनी के लिए एक बर्तन ले लीजिए. इसमें चीनी और आधा कप पानी डालकर गैस पर रख दीजिए. चाशनी को चीनी घुलने तक पकने दीजिए. चाशनी को बीच-बीच में चमचे से चलाते रहिए.
चाशनी चैक कीजिए
चाशनी को दो तरीकों से चैक किया जा सकता है. पहले तरीके से चाशनी चैक करने के लिए चमचे से चाशनी को गिराते हुए देखिए कि चाशनी में तार बन रहा है या नहीं. जब आखिरी बूंद चाशनी की चमचे से गिरती है तो वो लम्बे तार को बनाते हुए गिरती है, चाशनी बनकर तैयार है.
अन्य तरीके से चैक करने के लिए चाशनी को किसी प्याली में निकालिए. इसके ठंडी होने के बाद, उंगली और अंगूठे के बीच चिपकाइए, चाशनी में 1 तार बन रहा हो तो, चाशनी बनकर तैयार है, गैस बन्द कर दीजिए. बर्तन को गैस पर से उतार कर जाली स्टैंड पर रख दीजिए.

स्टफिंग तैयार कीजिए
पैन को गैस पर रखकर गरम कीजिए. इसमें क्रम्बल किया हुआ मावा डाल दीजिए और लगातार चलाते हुए मावा के हल्का सा रंग बदलने और अच्छी खुश्बू आने तक इसे भून लीजिए. मावा भूनने के बाद इसमें फूड कलर डालकर अच्छे से मिक्स कर दीजिए और मावा को प्याले में निकाल लीजिए.
मावा में कटे हुए कजू-बादाम और इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स कर दीजिए. मावा के हल्का सा गरम रहने पर इसमें पाउडर चीनी डालकर मिक्स कर दीजिए. स्टफिंग बनकर तैयार है. स्टफिंग को आठ भागों में बांटकर छोटे-छोटे गोले बनाकर तैयार कर लीजिए.
ब्रेड में स्टफिंग रखिए
एक प्लेट मे थोडा़ दूध ले लीजिए और एक ब्रेड को दूध में डुबाकर निकाल लीजिए, दूध में भीगी हुई ब्रेड को हथेली पर रखिए. दूसरी हथेली से दबाकर ब्रेड का दूध निकाल दीजिए. इसके ऊपर स्टफिंग रख दीजिए और ब्रेड को मोड़ दीजिए और चारों ओर से अच्छी तरह दबाकर चमचम का आकार देकर स्टफिंग को बन्द कर दीजिए. इस तरह सारी स्टफिंग एक-एक ब्रेड में डालकर तैयार करके चमचम बनाकर प्लेट में लगाकर रख लीजिए.

चमचम तलिए
चमचम तलने के लिए कढ़ाही में तेल डालकर गरम कीजिए, तेल के अच्छा गरम होने पर तैयार रोल उठाइए और गरम तेल में डालिए. रोल को कलछी से पलट-पलट कर गोल्डन ब्राउन होने तक तलिए और आग को मीडियम-हाई ही रखिए. तले हुए गोले को कलछी पर रखकर कुछ देर कढ़ाही के ऊपर रखिए ताकि अतिरिक्त तेल कढ़ाही में वापस चला जाए. गोले को प्लेट में निकाल लीजिए.
चमचम चाशनी में डालिए
चमचम के लिए जो चाशनी बनाई है, अगर वो ठंडी होकर जम गई है तो उसे एक बार फिर से गरम करके ले लीजिए. इन गरम-गरम गोलों को चाशनी में डाल दीजिए और थोडी देर बाद प्लेट में निकाल लीजिए. इसी तरह सारे गोले तलकर चाशनी में डालकर थोडी़ देर बाद निकाल लीजिए.
चमचम को नारियल के पाउडर में लपेटकर प्लेट में रख दीजिए और सारी चमचम नारियल पाउडर में लपेटकर प्लेट में रखते जाएं.
चमचम बनकर तैयार है. चमचम को बीच में से काटकर इसके ऊपर पिस्ते डालकर इसे गार्निश कीजिए. चाशनी में डूबी मीठी स्वादिष्ट ब्रेड चमचम बनकर तैयार है आप इसे परोसिए और खाइए. ब्रेड चमचम को फ्रिज में रखकर 3-4 दिनों तक आराम से खाया जा सकता है.
सुझाव
- चीनी को गरम मावा में नहीं डालें क्योंकि गरम मावा में चीनी डालने से मावा पिघल जाता है और स्टफिंग पतली बनकर तैयार होती है
- चमचम तलने के लिए घी अच्छा गरम होना चाहिए. घी अगर अच्छा गरम न हो तो चमचम तेल को अपने अंदर सोख लेंगे.
- चाशनी 1 तार की बनाकर तैयार करनी है. अगर चाशनी पतली होगी तो चमचम नरम बनकर तैयार होंगे और अगर चाशनी गाढी हुई तो चमचम में चाशनी अच्छे से समा नहीं पाएगी और चमचम मीठे नहीं बनेंगे.
Sweet Bread Mawa Roll - चमचम जैसे मीठे ब्रेड रॉल - Bread Chum Chum
कमेंट (9)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: प्रशांत जी, आप इसमें फूड कलर डाल कर भी रंग दे सकते हैं.
निशा: डोली जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: राहुल जी, उपयोग कर सकते हैं लेकिन देशी घी से स्वाद बहुत अच्छा आता है.
निशा: रितू जी, आपको भी मेरी ओर से बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: कोमल जी, इसके लिए फ्रेश ब्रेड का ही उपयोग करें और व्हाइट या ब्राउन दोनों प्रकार की ब्रेड से चमचम बनाये जा सकते हैं.
निशा: बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: मयंक जी, मैं जल्द ही इसे बनाने की कोशिश करूंगी.
निशा: कनिष्का जी, चाशनी को पकाने की जरूरत होगी जब तक वो एक तार वाली न हो जाय.
निशा: रविन्द्र जी, बहुत बहुत धन्यवाद. आप ये रेसिपी बनाएं और अपने अनुभव हमारे साथ जरूर शेयर कीजिए.