पालक कोफ्ता करी । Spinach Kofta curry

📅 18 फरवरी 2019 👁 17.5 हज़ार बार देखी गई 💬 4 कमेंट ★ 1.0 (2)

पालक कोफ्ता को आप कम तेल में बना सकते हैं और चाहें तो डिप फ्राय करके भी इन्हें बना सकते हैं.आईये बनाते हैं दोनों ही तरह से स्वादिष्ट ग्रेवी वाले पालक कोफ्ता की सब्जी. 

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Spinach Kofta curry

पालक - 4 कप (250 ग्राम) (बारीक कटी हुई)

बेसन - 1 कप (100 ग्राम)

टमाटर - 4 (350 ग्राम)

अदरक - ½ इंच

हरी मिर्च - 4 (बारीक कटी हुई)

क्रीम - 2 टेबल स्पून

हरा धनिया - 2 टेबल स्पून

जीरा - ½ छोटी चम्मच

दालचीनी - 1 इंच टुकड़ा

लौंग - 4

काली मिर्च - 7-8

हल्दी पाउडर - ¾ छोटी चम्मच

धनिया पाउडर - 1.5 छोटी चम्मच

लाल मिर्च पाउडर - 1 छोटी चम्मच

तेल - तलने के लिए

विधि - How to make Spinach Kofta curry

पालक पत्ते तोड़ कर साफ कर लीजिये, पत्तों को साफ पानी से धोइये और धुले हुये पत्तों से अतिरिक्त पानी हटा कर सूखा कर ले लीजिए. इन पत्तों को बारीक काट लीजिये.

किसी बड़े प्याले में 2 कप कटी हुई पालक में 1 कप बेसन, ¼ छोटी चम्मच हल्दी पाउडर, ½ छोटी चम्मच धनिया पाउडर, ¼ छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 2 बारीक कटी हरी मिर्च और ½ छोटी चम्मच नमक डालकर मिक्स कीजिए और डो की तरह मिश्रण बना कर तैयार कर लीजिए. मिश्रण बनाने के लिए ¼ कप पानी का यूज किया गया है. कोफ्ते बनाने के लिए मिश्रण तैयार है.     

अप्पम मेकर में कोफ्ते बनाएं

अप्पम मेकर को गैस पर रखें, इसके खानों में 2-3 बूंदें तेल डाल दीजिए. अब मिश्रण में से थोड़ा सा मिश्रण निकालें इसे गोल कीजिए और अप्पम मेकर के खानों में रखते जाएं. सारे खानों में मिश्रण भर दीजिए अब इन कोफ्तों के ऊपर भी थोड़ा-थोडा़ तेल डाल दीजिए और अप्पम मेकर को ढक दीजिए और धीमी आंच पर 5 मिनिट पकने दीजिए. इसके बाद इसे चैक कीजिए.

अप्पम नीचे की ओर से सिक कर तैयार है इन्हें दूसरी ओर बदल दीजिए और ढक कर 5 मिनिट सिकने दीजिए. 5 मिनिट बाद कोफ्ते चैक कीजिए. यह नीचे की ओर से भी सिक चुकुए हैं अब इन्हें किनारों से भी हल्का सा सेक लेंगे और 2-3 मिनिट ढक कर सिकने दीजिए. इसके बाद चैक कीजिए. कोफ्ते चारों ओर से अच्छे से ब्राउन होकर सिक कर तैयार हैं. 12 मिनिट में कोफ्ते सिक कर तैयार हैं इन्हें प्लेट में निकाल लीजिए. 

कोफ्ते डिप फ्राय करें

कढ़ाई में तेल डाल कर गरम कीजिये. कोफ्ते तलने के लिए मिडियम गरम तेल चाहिए और आंच भी मिडियम ही रखें. थोड़ा सा घोल उठाइये और कोफ्ते का आकर देकर गरम तेल में डाल दीजिये, सारे कोफ्ते तेल में डल कर इन्हें नीचे की ओर से हल्का सिकने दीजिए. नीची की ओर से सिक जाने के बाद इन्हें पलट दीजिए. कोफ्तों को चारों ओर से गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिये. कोफ्ते सिक कर तैयार हैं, कोफतों को तलने में लगभग 6 मिनिट का समय लगा है.  कोफ्तों को प्लेट में निकाल लीजिए.

Spinach Kofta Curry

कोफ्ते के लिए ग्रेवी बनाएं

कोफ्ता ग्रेवी बनाने के पैन में 2-3 टेबल स्पून तेल डाल कर गरम कीजिये. तेल गरम होने पर इसमें दालचीनी का टुकड़ा, लौंग, काली मिर्च, इलायची को छील कर इसके दाने डाल दीजिए  1/2 छोटी चम्मच जीरा डाल कर हल्का सा भून लीजिए. 1/2 छोटी चम्मच हल्दी पाउडर, 1/2 छोटी चम्मच धनिया पाउडर, पिसा टमाटर-मिर्च-अदरक का पेस्ट और लाल मिर्च पाउडर डाल कर मसाले को तब तक भूनिये जब तक मसाले के ऊपर तेल तैरने लगे.

मासाले में बेसन डालने के लिए एक अलग से तड़का पैन लीजिए इसमें 1 चम्मच तेल तेल डाल कर इसमें बेसन डाल दीजिए और बेसन को लगातार चलाते हुए गोल्डन ब्राउन होने तक भून लीजिए. बेसन भून जाने पर गैस बंद कर दीजिए.

मसाले में से तेल अलग होने पर इसमें भूना हुआ बेसन डाल कर मिक्स कीजिए. इसमें क्रीम डाल कर थोड़ा सा भून लीजिए. मसाला भुनने के बाद इसमें 1.5 कप पानी डाल कर मिक्स कर दीजिए अब इसमें 1 छोटी चम्मच नमक और थोड़ा सा हरा धनिया डाल कर मिक्स कीजिए. ग्रेवी को लगातार चलाते हुए उबाल आने दीजिए. ग्रेवी में उबाल आने पर इसे ढककर धीमी आंच पर 5-6 मिनिट पकने दीजिए. 5 मिनिट बाद ग्रेवी पक कर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए. आप चाहें तो कोफ्तों को ग्रेवी में डाल कर 2 मिनिट ढक कर इसके बाद सर्व कीजिए या फिर कोफ्तों को प्लेट में निकाल लीजिए और इनके ऊपर ग्रेवी डाल कर थोड़ा सा हरा धनिया डाल कर इसे सजाएं. स्वादिष्ट कोफ्ता करी सर्व करने के लिए तैयार है.

पालक कोफ्ता करी को परांठे, चपाती, नान या चावल किसी के भी साथ परोस सकते हैं.

सुझाव

  • कोफ्ता का बैटर गाढा़ बना होना चाहिए इसलिए पानी को पहले थोड़ा कम-कम ही डालें.
  • कोफ्ते तलने के लिए तेल मध्यम गर्म होना चाहिए.
  • ग्रेवी बिना क्रीम या मलाई के भी बना सकते हैं.
  • ग्रेवी में प्याज डालना चाहते हैं तो, 1 प्याज को बारीक काट कर तेल में साबुत मसाले भून लेने के बाद प्याज डालकर प्याज को हल्का गुलाबी होने तक भून लीजिए और दी हुई विधि से ग्रेवी बना लीजिए.

दो तरह के पालक के कोफ्ते की करी बनाने की आसान विधि। Spinach Kofta curry

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
1.0 / 5 (2 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (4)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

abhi maury
Nyc mam
NishaMadhulika
बहुत बहुत धन्यवाद abhi maury
Shelly Gupta
Hello mam.aap kuch bhi fry Karne ke baad Jo oil bach jaata hai usey kaise use karti hai.please reply
NishaMadhulika
Shelly Gupta जी, बचे हुए तेल को आप सब्जी बनाने या तलने के काम में ला सकते हैं.