अदरक की कैन्डी । Ginger Candy Recipe | Candied Ginger Recipe

स्वाद के साथ-साथ आपकी सेहत को भी दुरुस्त करती है, यह अदरक से बनी कैंडी.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Ginger Candy Recipe
- अदरक - 200 ग्राम
- चीनी - 1.5 (300 ग्राम)
- इलायची पाउडर - ½ छोटी चम्मच
विधि - How to make Ginger Candy
अदरक को धोकर सुखा कर ले लीजिए. इसे छील लीजिए और अदरक को पतले-पतले टुकड़ों में काट कर तैयार कर लीजिए. अदरक के टुकड़ों को उबालने के लिए, इन्हें कुकर में डाल कर इसमें आधा कप पानी डाल दीजिए और कुकर को बंद करके 1 सीटी आने तक पकने दीजिए.
कुकर में 1 सीटी आने के बाद गैस धीमी कर दीजिए, और धीमी आंच पर 10 मिनिट इसे पकने दीजिए. 10 मिनिट बाद गैस बंद कर दीजिए और कुकर का प्रैशर खत्म होने के बाद कुकर खोलिए.
कुकर का प्रैशर खत्म हो जाने पर कुकर को खोल कर अदरक के टुकड़ों को छलनी से छान कर पानी से अलग कर लीजिए.
चाशनी में अदरक के टुकड़ों को पकाने के लिए 1 बरतन में डेढ कप चीनी लीजिए और इसमें 1 कप पानी डाल दीजिए इसमें अदरक का पानी भी डाल दीजिए. चाशनी को उबलने रख दीजिए. चाशनी में उबाल आने पर चीनी पूरी तरह से घुल कर तैयार हैं. अब अदरक के टुकड़ों को चाशनी में डाल कर मिक्स कर दीजिए. अब इन्हें तेज आंच पर चाशनी के अच्छा गाढा़ होने तक पका लीजिए.
चाशनी के गाढ़ी होने पर इसमें ½ छोटी चम्मच इलायची पाउडर डाल कर मिक्स कर लीजिए. गैस बंद कर दीजिए और बरतन को गैस पर से उतार कर जाली स्टैण्ड पर रख दीजिए. अदरक के टुकड़ों को चाशनी में 10-12 घंटे या पूरी रात रहने दीजिए.

अदरक कैंडी को चाशनी के टुकड़ों में पूरे दिन-रात रखे रहने के बाद. अगले दिन अदरक के टुकड़े चाशनी को अच्छे से एब्जार्ब करके कैंडी बन कर तैयार हैं. चाशनी के जम जाने पर चाशनी को गैस पर रख कर हल्का सा गरम कर लीजिए जिससे वो पूरी तरह से मेल्ट हो जाए और इसमें से अदरक के टुकड़े असानी से निकल जाएं.
चाशनी के मेल्ट हो जाने पर गैस बंद कर दीजिए और चाशनी को ठंडा होने दीजिए. चाशनी ठंडी हो जाने के बाद अदरक के टुकड़ों को चाशनी में से निकाल कर किसी जाली के ऊपर अलग-अलग रखते जाएं. बची हुई चाशनी में नींबू का रस मिला कर अदरक-नींबू का शरबत बना कर तैयार कर सकते हैं. अब इन टुकड़ों को पंखे की हवा के नीचे रख दीजिए ताकि ये पूरी तरह से सूख कर ठीक हो जाए. कैंडी 2-3 घंटे में सूख कर तैयार हो जाती है.
जिंजर कैंडी बनकर तैयार है इसे जाली में से हटा कर प्लेट में निकाल लीजिए. जिंजर कैंडी को एयर टाइट कंटेनर में भर कर रख दीजिए और पूरे 6 महिने तक इसे उपयोग में ला सकते हैं.
सुझाव
- बहुत कम रेशे वाला आदरक लीजिए या जिसमें रेशे बिलकुल भी नहीं हों उन्हें ही उपयोग में लीजिए.
- अदरक बहुत ज्यादा मुड़ा या गांठ वाला न हो
- अदरक की छीलन को चाय में डाल कर अदरक का फ्लेवर दे सकते हैं.
Ginger Candy Recipe | अदरक की कैन्डी | Candied Ginger Recipe
कमेंट (6)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।