फराली आलू परांठा । Aloo Singhada Paratha for Navratri | Farali Potato Paratha

📅 29 सितंबर 2017 👁 38.4 हज़ार बार देखी गई 💬 2 कमेंट ★ 4.5 (331)

व्रत में संपूर्ण आहार के तौर पर सिंघाड़े के आटे से बनने वाला फराली आलू परांठा स्वाद में बेहद लाज़वाब होता है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Farali Potato Paratha

  • सिंघाड़े का आटा - 1 कप (150 ग्राम) 
  • उबले हुए आलू - 2 (150 ग्राम) 
  • घी - 2-3 टेबल स्पून 
  • हरा धनिया - 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)
  • सेंधा नमक - ½ छोटी चम्मच से थोड़ा सा ज्यादा या स्वादानुसार

विधि - How to make Aloo Singhada Paratha for Navratri

एक बड़े प्याले में सिंघाड़े का आटा निकाल लीजिए. उबले आलू को छील लीजिए और इसे कद्दूकस कर लीजिए. कद्दूकस किए हुए आलू आटे में डाल दीजिए. फिर इसमें 1/2 छोटी चम्मच से थोडा़ सा ज्यादा सेंधा नमक, बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया और 1 छोटी चम्मच घी डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिक्स करते हुए थोडा़ सख्त आटा गूंथकर तैयार कर लीजिए. इतना आटा लगाने में 1/4 कप पानी लिया गया है जिसमें कि 2 चम्मच पानी बच गया है. आटे को ढककर 15-20 मिनिट के लिए रख दीजिए, आटा सैट होकर तैयार हो जाएगा.

आटा सैट हो जाने पर हाथ पर थोडा़ सा घी लगाकर आटे को मसल लीजिए. गैस पर तवा गरम होने के लिए रखिये, आटे में से थोडा़ सा आटा तोड़ कर लोई बना लीजिए. लोई को हथेली से दबाव देते हुए पेड़े का आकार दीजिए और इस पेड़े को सूखे सिंघाड़े के आटे में लपेट कर चकले पर रखिए और बेलन की सहायता से 3-4 इंच के व्यास में बेल लीजिए. अगर आटा चिपक रहा हो तो इसे फिर से सूखे आटे से लपेट कर बेल लीजिए. बेले गये परांठे के ऊपर थोडा़ सा घी लगाकर चारों ओर फैला दीजिए और आटे को आधा करते हुए फोल्ड कीजिए. परांठे पर फिर से थोडा़ तेल लगाकर उसे फिर से तिकोन आकार देते हुए फोल्ड कर लीजिए. हाथों और उंगलियों की सहायता से गोल कर लीजिए. फिर, इसे सूखे आटे में लपेटकर 5-6 इंच के व्यास में हल्का दबाव देते हुए थोड़ा सा मोटा परांठा बेलकर तैयार कर लीजिए.

तवा गरम होने पर तवे पर थोड़ा सा घी लगाइये और बेला हुआ परांठा गरम तवे पर डाल दीजिए. गैस मीडियम कर दीजिए और परांठे को नीचे की ओर से हल्का सा सिकने दीजिए. परांठा नीचे से सिकने पर पलटिये, दूसरी तरफ से सिकने पर ऊपर की ओर घी लगाइये और परांठे को पलटकर इस ओर भी घी लगाइये. कलछी से चारों ओर हल्का दबाव देते हुये परांठे को दोनों तरफ अच्छी ब्राउन चित्ती आने तक सेकिये. सिके हुए परांठे को किसी प्लेट पर रखी प्याली पर रख लीजिये.

सारे परांठे इसी तरह बनाकर तैयार कर लीजिये. इतने आटे में लगभग 5 परांठे बनकर तैयार हो जाते हैं और एक परांठा सिकने में लगभग 5 से 6 मिनिट का समय लग जाता है.

आलू के गरमागरम स्वादिष्ट परांठों को आप दही, व्रत वाले रायते या चटनी के साथ परोसिये और खाइये.

सुझाव

  • आटा थोड़ा सख्त गूंथे क्योंकि आटे में आलू डालकर गूंथने पर आटा थोड़ा नरम हो जाता है. 
  • परांठे को हल्के हाथों से दबाव देते हुए बेलें और धीमी मीडियम आंच पर ही सेकें.

Aloo Singhada Paratha for Navratri | फराली आलू परांठा । Farali Potato Paratha

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
4.5 / 5 (331 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (2)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

Vandita Das
Mera paratha fat jata hai. Achche se banta hi nahi tuta tuta sa banta hai. Please koi solution bataye.
निशा: वंदना जी, आटे को अच्छी तरह मसल लें और सूखे आटे में लगाकर हल्के हाथ से बेले, थोड़ी सी कोशिश करने पर आप ये अच्छी तरह बनाने लगेंगी.
Rekha Bhardwaj
Tasty paratha. I use Kuttu atta instead of Sighara Atta but I will try with Singhara atta aas well./

निशा: रेखा जी, जरूर आप इसे बनाएं और अपने अनुभव हमारे साथ बांटे धन्यवाद.