काजू-खसखस की ग्रेवी - Basic Gravies for Curry - Part 1 - Cashew & Poppy Seeds Gravy - Dry fruits Gravy

सूखे मेवों से ग्रेवी तैयार की जाए, तो सब्जी का स्वाद इतना बढ़ जाता है कि लोग तारीफ किए बिना नही रह पाते. आज हम विभिन्न प्रकार की ग्रेवी की श्रंखला में से काजू-खसखस की ग्रेवी की रेसिपी लाए हैं.
Read - Cashew & Poppy Seeds Gravy - Dry fruits Gravy- Basic Gravies for Curry - Part 1
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Kaju-Khaskhas Tari
- काजू पेस्ट - 2 टेबल स्पून
- खसखस - 2 टेबल स्पून
- तेल - 3-4 छोटी चम्मच
- जीरा - ¼ छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
- टमाटर - 2 (150 ग्राम)
- अदरक - ½ इंच टुकड़ा
- हरी मिर्च - 1
- लाल मिर्च पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
- गरम मसाला - ¼ छोटी चम्मच
- नमक - ⅓ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
विधि - How to make Poppy Seeds & Cashew Nuts Gravy
खसखस को पानी में डालकर 1 घंटे के लिए भिगोकर रख दीजिए और अतिरिक्त पानी हटाकर पेस्ट तैयार कर लीजिए. इसी तरह से काजू को भी पानी में भिगोकर अतिरिक्त पानी हटाकर पेस्ट तैयार कर लीजिए.
टमाटर, अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट तैयार कर लीजिए.
पैन में 3-4 छोटे चम्मच तेल डालकर गरम कीजिए. तेल गरम होने पर जीरा डालकर हल्का सा भून लीजिए, गैस धीमी रखें ताकि मसाले जले नहीं. जीरा भूनने पर हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और टमाटर-हरी मिर्च-अदरक का पेस्ट, लाल मिर्च डालकर मसाले को तब तक भूनिए जब तक कि मसाले से तेल अलग ना होने लगे.
गैस मीडियम रखें और मसाले को थोड़ी-थोडी़ देर में चलाते रहें. मसाले में से तेल अलग होने पर मसाले में खसखस का पेस्ट और काजू का पेस्ट डालकर मिक्स कर दीजिए और मसाले को फिर से तब तक भूनिए जब तक कि मसाले से तेल अलग ना होने लगे.
मसाला भून जाने पर इसमें आधा या पौना कप पानी डाल कर मिक्स कर दीजिए. ग्रेवी को आप अपनी पसंद अनुसार पतला या गाढा़ जैसा रखना चाहें उस हिसाब से पानी डाल सकते हैं.

ग्रेवी में गरम मसाला और नमक डालकर मिक्स कर दीजिए और थोडा़ सा हरा धनिया डाल कर मिला दीजिए.
ग्रेवी को 3-4 मिनिट धीमी आग पर उबलने दीजिए. ग्रेवी में उबाल आने पर काजू ग्रेवी बनकर तैयार है. गैस बंद कर दीजिए और ग्रेवी को प्याले में निकाल लीजिए. इसमें फ्राय पनीर डाल दीजिए और थोड़ा सा हरा धनिया डाल करके ग्रेवी की गार्निश कर दीजिए.
काजू-खसखस की ग्रेवी को आप कोफ्ते की सब्जी, पनीर की सब्जी के लिए या फिर किसी भी सब्जी को फ्राय करके इस ग्रेवी में डाल कर बना सकते हैं. ये स्वाद में बहुत अच्छी बनती है.
सुझाव
- ग्रेवी में आप काजू और खसखस के साथ खरबूजे के बीजों का पेस्ट भी उपयोग कर सकते हैं. या सिर्फ खरबूजे के बीजों, काजू, खसखस से भी ग्रेवी बना सकते हैं.
- लाल मिर्च आप अपने स्वादानुसार कम या ज्यादा डाल सकते हैं.
Basic Gravies for Curry - Part 1 । विभिन्न प्रकार की ग्रेवी - 1 । Vegetarian Curries and Gravies
कमेंट (7)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: बहुत बहुत धन्यवाद आपका.
निशा: आभा जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: पारूल जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: पियू जी हां बाटी या पफ बिस्किट्स को 220 डि. पर बेक करते हैं बाद में इन्हैं कम तापमान पर क्रिस्प कर लेते हैं, आप चिन्ता न करें, ओवन अलग अलग तापमान पर होते हैं और ये काम भी अलग तरीके से करते हैं आप 220 डि.के वजाय 200 डि. पर ही बेक कीजिये, लेकिन ओवन को पहले प्रीहीट अवश्य कर लीजिये, और रेसिपी से उसका समय और तरीका देख लीजिये, थोड़ी सी प्रेक्टिस से सारी प्रोब्लम सोल्व हो जायेंगी.
निशा: वंदिता जी, खस खस बहुत ही छोटे आकार का होता है, इसे अंग्रेजी में पॉपी सीड कहा जाता है. इसका उपयोग हलवा और सब्जी की ग्रेवी को बनाने के लिए किया जाता. आपको ये किसी भी किराना स्टोर पर आसानी से मिला जाएगा.
निशा: हृषिता जी, बहुत बहुत धन्यवाद. आप ये ग्रेवी बनाएं और अपने अनुभव हमारे साथ जरूर शेयर कीजिए.