गांठ गोभी आलू की सब्जी - Indian Kohlrabi Potato Recipe - Ganth Gobi Alu Recipe

गोभी के परिवार से ही गांठगोभी सेहत के लिए काफी लाभकारी होती है. गांठ गोभी आलू की सूखी सब्जी स्वास्थ्यवर्धक होने के साथ-साथ स्वादिष्ट भी होती है.
Read - Indian Kohlrabi Potato Recipe - Ganth Gobi Alu Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Ganth Gobi Alu Recipe
- गांठ गोभी - ½ किलो (500 ग्राम)
- आलू - 3 (250 ग्राम)
- टमाटर - 2 (मध्यमाकार)
- हरी मिर्च - 2
- तेल - 2 से 3 टेबल स्पून
- हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- जीरा - ½ छोटी चम्मच
- हींग - 1 पिंच
- हल्दी पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
- नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- अदरक का पेस्ट - 1 छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
- गरम मसाला - ¼ छोटी चम्मच से कम या स्वादानुसार
विधि - How to make Indian Kohlrabi Potato
सब्जी बनाने की शुरूआत कीजिए टमाटर-हरी मिर्च का पेस्ट बनाने से. मिक्सी में हरी मिर्च को दो टुकड़े करके और टमाटर के बड़े टुकड़े करके डाल दीजिए और दोनों को बारीक पीस लीजिए. टमाटर-हरी मिर्च का पेस्ट तैयार है.
इसके बाद, सब्जियां काट लीजिए. गांठगोभी के पत्ते काटकर हटा दीजिए और इसका पतला-पतला छिलका चाकू से निकाल दीजिए और साथ ही डंठल भी काटकर हटा दीजिए. आलू को भी छील लीजिए और दोनो सब्जियों को पानी से धो लीजिए. गांठगोभी और आलू को एक-एक इंच के 8 टुकड़ों में काट लीजिए.
कढ़ाही में तेल डालकर गरम कर लीजिए. तेल गरम होने पर जीरा और हींग डाल दीजिए. जीरा के चटखते ही, कढ़ाही में हल्दी पाउडर, अदरक का पेस्ट, टमाटर-हरी मिर्च का पेस्ट, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालकर मिक्स कर लीजिए. मसाले से तेल अलग होने और दानेदार दिखने तक मसाले को धीमी आंच पर भून लीजिए. मसाले को एक-एक मिनिट में थोड़ा सा चला लीजिए.

मसाला भुनने के बाद, इसमें कटी हुई सब्जी और नमक डाल दीजिए. सब्जी को 1 से 2 मिनिट चलाते हुए मसाले में मिक्स कीजिए जिससे मसाले की परत सब्जी के ऊपर अच्छे से चढ़ जाए. फिर, सब्जी में ¼ कप पानी डाल दीजिए और सब्जी को ढककर 5 से 6 मिनिट तक धीमी आग पर पकने दीजिए.
6 मिनिट बाद, ढक्कन हटाकर सब्जी को चला लीजिए और चैक कर लीजिए. सब्जी अभी तैयार नही है. सब्जी को फिर से ढककर 5 से 6 मिनिट पकने के लिए रख दीजिए.
6 मिनिट बाद, सब्जी को फिर से चला लीजिए और सब्जी को दबाकर दोबारा चैक कीजिए. सब्जी अभी भी अच्छे से नही पकी है और इसमें पानी भी खत्म हो गया है. इसमें 1 से 2 टेबल स्पून पानी डालकर व ढककर फिर से 5 से 6 मिनिट पकने दीजिए.
बाद में, आलू और गांठगोभी को दबाकर देखिए, ये आसानी से दब रहे हैं, तो सब्जी बनकर तैयार है. सब्जी को पकने में कुल 35 मिनिट लगे हैं. सब्जी में गरम मसाला और हरा धनिया डालकर मिक्स कर दीजिए और इसे प्याले में निकाल लीजिए. सब्जी के ऊपर हरा धनिया डालकर गार्निश कर दीजिए.
गांठ गोभी आलू की स्वादिष्ट और मज़ेदार सब्जी को चपाती, परांठे, पूरी या चावल किसी के साथ भी परोसिए और खाइए.
सुझाव
- अगर आप प्याज डालकर सब्जी बनाना चाहते हैं, तो प्याज को छोटा-छोटा काट लीजिए या फिर पीसकर ले लीजिए और टमाटर-हरी मिर्च का मसाला भूनने से पहले प्याज को हल्का गुलाबी होने तक भून लीजिए. उसके बाद, उपरोक्त विधि के अनुसार सब्जी बना लीजिए.
- सब्जी जल न जाए और मसाला तले पर जाकर ना बैठ जाए. इसके लिए, सब्जी को बीच-बीच में चलाना और चैक करना बहुत आवश्यक होता है.
- 3 से 4 सदस्यों के लिए पर्याप्त
कमेंट (3)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: रेनू जी, उनसे अचार बनाया जा सकता है, नीबू पतले छिलके के होते हैं तो ज्यादा अच्छा है.
निशा: अभिवीर जी, हम इसका वीडियो जल्दी अपलोड करेंगे.
निशा: पायल जी, बहुत बहुत धन्यवाद. हम इसे जल्दी बनाने की कोशिश करेंगे.