आलूबुखारा चटनी - Aloo Bukhara Chutney Recipe - Plum Chutney Recipe

उत्तरी भारत में खासतौर पर पार्टियों में सर्व की जाने वाली आलूबुखारा की चटनी पूरी, परांठे, पुलाव, कचौरी इत्यादि का स्वाद दुगुना कर देती है.
Read - Aloo Bukhara Chutney Recipe - Plum Chutney Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Plum Chutney Recipe
- सूखे हुए आलूबुखारा- 250 ग्राम
- चीनी- 250 ग्राम
- बादाम- 15 से 20
- भुना जीरा पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- ½ छोटी चम्मच
- इलाइची- 6 से 7
- नमक- ½ छोटी चम्मच
- सिरका- 1 टेबल स्पून
विधि - How to make Aloo Bukhara Chutney
सूखे हुए आलूबुखारा को अच्छे से 2 बार धो लीजिए और फिर, चाकू की सहायता से इनके बीज निकाल दीजिए और पल्प अलग कर लीजिए.
इसके बाद, गरम पानी में आलूबुखारा के पल्प को भिगो दीजिए. इसके लिए, किसी बर्तन में 2 कप पानी डालकर गरम कर लीजिए. आलूबुखारा के पल्प में गरम पानी डाल दीजिए ताकि आलूबुखारा आधे घंटे में फूलकर तैयार हो जाएं. साथ ही थोड़ा सा गरम पानी बादाम में भी डाल दीजिए जिससे ये भी फूल जाएं और आसानी से छिल सके.

आलूबुखारा के फूलने के बाद इसकी चटनी बना लीजिए. चटनी के लिए किसी भी बर्तन में आलूबुखारा पानी सहित डाल दीजिए और गैस जलाकर पकने के लिए रख दीजिए. इसमें चीनी, भुना जीरा, लाल मिर्च पाउडर और नमक भी डाल दीजिए. मसाले को आलूबुखारे में मिक्स कर लीजिए और चटनी को चीनी के पूरी तरह से घुलने के बाद और गाढ़ा होने तक पकने दीजिए. इसी दौरान, बादाम को छीलकर काट लीजिए. बीच-बीच में प्रत्येक 2 से 3 मिनिट में चटनी को चलाते रहिए. चटनी को 15 मिनिट ऎसे ही मध्यम आंच पर पकने दीजिए.
इसके बाद, चटनी को चैक कर लीजिए. चैक करने के लिए उंगली और अंगूठे के बीच चटनी चिपका कर देखिए, चटनी चिपकनी चाहिए. इसमें बादाम डाल दीजिए. साथ ही चटनी में सिरका डालकर भी मिक्स कर लीजिए. चटनी को प्याले में निकाल लीजिए.
स्वाद से भरपूर आलूबुखारा की चटनी तैयार है. इसे किसी भी कन्टेनर में भरकर रख लीजिए और पूरी, कचौरी, पुलाव या परांठे के साथ में परोसिए और चाव से खाइए. इस चटनी को फ्रिज में रखकर एक महीने तक खाया जा सकता है.
सुझाव
- आप इसमें बादाम के अलावा खरबूजे के बीज, पतले कटे खजूर या किशमिश भी डाल सकते हैं.
- सिरके से चटनी का स्वाद तो अच्छा होता ही है, साथ ही चटनी की सेल्फ लाइफ भी बढ़ जाती है.
कमेंट (3)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: राखी जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: ऋतु जी, आपको भी मेरी ओर से बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: निधि जी, इसमें सुखाए हुए आलूबुखारा का इस्तेमाल करना है. हम ताजे आलूबुखारा की चटनी जल्दी बनाने की कोशिश करेंगे.