आलू सेन्डविच - Grilled Potato Sandwich Recipe - Potato Sandwich Recipe

सुबह या शाम के वक्त गरमागरम चाय या कॉफी के साथ आलू सेन्डविच मिल जाए, तो दिन ही बन जाए. आलू, मटर से स्टफ्ड सेन्डविच ग्रिल होकर कुछ ही मिनिटों में क्रिस्पी तैयार हो जाते हैं. आप चाहें, तो इन्हें बच्चों के टिफिन में उनकी फेवरेट चटनी या सॉस के साथ भी पैक कर सकते हैं.
Read - Grilled Potato Sandwich Recipe - Potato Sandwich Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Potato Sandwich Recipe
- ब्राउन ब्रेड - 4
- आलू - 3 (उबले हुए)
- फ्रोजन मटर के दाने - ¼ कप (उबले हुए)
- हरे धनिए की चटनी - स्वादानुसार
- मक्खन - 2 टेबल स्पून
- हरा धनिया - 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- अदरक का पेस्ट - 1 छोटी चम्मच
- हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी हुई)
- अमचूर पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
- नमक - ¼ छोटी चम्मच से थोडा़ सा ज्यादा या स्वादानुसार
- जीरा - ¼ छोटी चम्मच
विधि - How to make Grilled Potato Sandwich
स्टफिंग तैयार कीजिए
स्टफिंग तैयार करने के लिए आलू को छीलकर बारीक तोड़ लीजिए. फिर, पैन को गैस पर रख कर गरम कीजिए. पैन गरम होने पर जीरा डालकर चटखा लीजिए. जीरा के चटख जाने पर 1 टेबल स्पून मक्खन, अदरक, बारीक कटी हरी मिर्च डालकर थोडा़ सा भून लीजिए. इन्हें भूनने के बाद पैन में नमक, अमचूर पाउडर, मटर के दाने डालकर मिक्स कीजिए और ढककर के 2-3 मिनिट पका लीजिए.
मटर के नरम होने पर इसमें मैश किए हुए आलू और हरा धनिया डाल दीजिए. सारी सामग्रियों को अच्छे से मिक्स कर लीजिए. स्टफिंग भुनकर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए.

ब्रेड स्टफ कीजिए
ब्रेड पर अन्दर की ओर मक्खन की परत बिछाइए, और इस पर हरे धनिए की चटनी की परत बिछा दीजिए. फिर, आलू की स्टफिंग को इस पर फैला दीजिए. दूसरी ब्रेड पर भी मक्खन और चटनी की परत बिछा कर इसे पहली वाली ब्रेड के ऊपर रख दीजिए और हथेली से हल्का सा दबा दीजिए. इसी तरह से दूसरा सेन्डविच भी बना कर तैयार कर लीजिए.
सेन्डविच ग्रिल कीजिए
सेन्डविच टोस्टर में सेन्डविच को ग्रिल करने के लिए रखिए. 3 मिनिट बाद चैक कर लीजिए. दोनों ओर से गोल्डन ब्राउन सेन्डविच सिककर तैयार है. सेन्डविच को निकालिए और आयताकार या तिकोनाकर में काटकर प्लेट में रखिए.
आलू मसाला सेन्डविच तैयार है, गरमागरम सेन्डविच को हरे धनिये की चटनी, टमैटो सॉस या कसूंदी के साथ परोसिए.
सुझाव
- अगर आप ताजे मटर के दाने ले रहे हैं, तो इन्हें हल्का सा उबाल लें.
- अमचूर पाउडर की जगह आप नींबू के रस का इस्तेमाल भी कर सकते हैं, लेकिन स्टफिंग तैयार होने के बाद ही नींबू का रस डालें.
- ज़्यादा तीखा पसंद करने वाले, स्टफिंग में लाल मिर्च पाउडर भी डाल सकते हैं.
- आप अपने पसंदानुसार सब्जियां जैसे कि गाजर, शिमला मिर्च इत्यादि डालकर भी स्टफिंग तैयार कर सकते हैं.
कमेंट (8)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: मीत जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: सोनी जी रेसिपी को फोलो करें आप बहुत अच्छे से सैंडविच बनाएंगी.
निशा: लक्की जी, आप इन्हें तवे पर भी सेक सकते हैं.
निशा: प्रीति जी, बहुत बहुत धन्यवाद.