शाही मावा कचौरी - Mawa Kachori Recipe - Khoya Kachori Recipe

मावा और मेवा से भरी मीठी और ऊपर से चाशनी की परत चढी़ हुई शाही मावा कचौरी को किसी भी त्यौहार पर बनाया जा सकता है.
Read : Mawa Kachori Recipe in English
आवश्यक सामगी - Ingredients for Mava Kachori recipe
आटा लगाने के लिये:
- मैदा - 1 कप
- घी - 2 टेबल स्पून
स्टफिंग के लिये:
- काजू और बादाम - 1-1 टेबल स्पून, दरदरे पीस लीजिये
- मावा - 1/3 कप
- छोटी इलाइची - 4 छील कर दरदरा कूट लीजिये.
- पाउडर चीनी - 1/3 कप
- चाशनी के लिये:
- चीनी - 1 कप
गार्निश के लिये
- बादाम - 4 बारीक पतले काट लीजिये
- काजू - 2 छोटे छोटे कटे हुये
- छोटी इलाइची - 2
- घी - कचौरियां तलने के लिये
विधि - How to make Khoya Kachori
मैदा को किसी बर्तन में निकालिये और घी डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लीजिये, और पानी की सहायता से नरम आटा गूथिये (आटा के बहुत ज्यादा मसल मसल कर चिकना नहीं करना है, बस गूथना है), इतना आटा गूथने के लिये लगभग 1/4 कप पानी लगा है. आटे को ढककर 15-20 मिनिट के लिये रख दिजिये.
स्टफिंग बना लीजिये
मावा को क्रम्बल करके पैन में डालिये और हल्का ब्राउन होने तक भून लीजिये. काजू और बादाम का पाउडर डालकर मिला दीजिये, स्टफिंग को प्याले में निकाल लीजिये, ठंडा होने पर चीनी पाउडर और आधा इलाइची पाउडर कर मिला दीजिये. स्टफिंग तैयार हैं.
कचौरियां बनाइये
कढ़ाई में घी डालकर गरम करने के लिये रख दीजिये. इतनी देर में कचौरी का आटा भी सैट हो जाता है. आटे से छोटी छोटी लोइया तोड़कर बनाकर तैयार कर लीजिये, 9-10 लोइयां बन जायेंगी. एक लोई उठाइये और 2-2 1/2 इंच के व्यास में बेल लीजिये. बेले गई पूरी के ऊपर 1- 1 1/2 चम्मच स्टफिंग रखेंगे और आटे को चारों ओर से उठाकर स्टफिंग को बन्द कर दीजिये. भरी लोई को हथेली पर रख कर दूसरे हाथ की हथेली से इस तरह हल्के दबाव से दबाइये कि कचौरी में आकार बड़ जाय लेकिन फटे नहीं, कचौरी को 2-2 1/2 इंच के व्यास में बड़ा का तैयार कर लीजिये. सारी कचौरियां भरकर, बढ़ा कर तैयार कर लीजिये.

घी मीडियम गरम होने पर 3 -4 कचौरी या जितनी कचौरी एक बार में कढ़ाई मे आ जाय, घी में डालिये और कचौरी सिक कर, घी पर तैर कर ऊपर आ जाय तब पलट दीजिये, और पलट पलट कर कचौरियों को गोल्डन ब्राउन होने तक तल कर निकाल लीजिये, कचौरियां धीमी और मीडियम आग पर तलनी है, एक बार की कचौरी तलने में लगभग 10 मिनिट लग जाते हैं. सारी कचौरियां तल कर निकाल लीजिये.
चीनी की चाशनी बनाईये
किसी बर्तन में चीनी और आधा कप पानी डालकर गरम होने रख दीजिये, पहले चीनी को घुलने तक पकायेंगे, चीनी को घुलने के बाद 2 - 3 मिनिट तक चाशनी को पका लीजिये, अब चाशनी को चैक कीजिये, चाशनी की 1-2 बूंद किसी बर्तन में गिराइये, और ठंड होने पर उंगली और अंगूठे के बीच चिपका कर देखिये, चाशनी से अच्छा तार बनना चाहिये. चाशनी तैयार है. चाशनी को गैस से उतार लीजिये और इलाइची पाउडर डालकर मिला दीजिये.

कचौरियों में चाशनी की परत चढाईये
एक एक कचौरी उठाकर चाशनी में डालिये और कचौरी के ऊपर चाशनी की कोटिंग आ जाय, कचौरी को निकाल कर दूसरे प्लेट में लगाइये. सारी कचौरियां चाशनी में डुबाकर निकाल कर प्लेट में रख लीजिये. बादाम, काजू और इलाइची से थोड़ा हर कचौरी के ऊपर डालकर गार्निस कर दीजिये. मावा कचौरियां ठंडी होने दीजिये.
शाही मावा कचौरी तैयार है, खाइये और खिलाइये, बची हुई कचौरियां एअर टाइट कन्टेनर में भर कर रख लीजिये और 10 -12 दिन तक खाते रहिये.
सुझाव:
मावा कचौरी में मेवा अपने पसन्द के अनुसार कम ज्यादा कर सकते हैं.
मावा कचौरियां देशी घी में ज्यादा स्वादिष्ट बनती हैं, अगर आप देशी घी खाना पसन्द नहीं करते तब इन्हैं रिफाइन्ड तेल में भी बना सकते हैं.
कमेंट (6)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: कचौरी को बहुत पतला न रखें, उनमें बहुत ज्यादा स्टफिंग न भरें और उन्हें बहुत अच्छे से बंद करें क्योंकि अगर वह ठीक से बंद न हुई हों तो तलते समय खुल सकती हैं.
निशा: मुकेश जी, एक कप में 200 ग्राम चीनी आ जाती है, ये मेजरमेन्ट के लिये स्टेन्डर्ड कप हैं, बर्तन वालों के पास आसानी से मिल जाते हैं.
निशा: महिमा जी, कचौरी को यदि तेज आग में तला जाय तो वह नरम बनती है.
निशा: संजीव जी, आप इसे गरम चाशनी में डाल कर तैयार कर लीजिए.