आम का सूखा अचार (Dried Mango Pickle Recipe)

कच्चे आम से हम विभिन्न तरीके के अचार बनाते हैं, आम का सूखा अचार भी बड़ा स्वादिष्ट बनता है, यह आम का सूखा अचार उत्तर प्रदेश में बनाकर खूब खाया जाता है. इस अचार की विशेषता है कि यह कम तेल में भी साल भर तक रख कर खाया जा सकता है. आइये आज हम आम का सूखा अचार बनाना (Dried Mango Pickle) शुरू करें.
Read - Dried Mango Pickle Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Dried Mango Pickle
- कच्चे आम - 3 (500 ग्राम)
- नमक - 2 छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर - 1 छोटी चम्मच
बाद में मसाले के लिए
- सरसों का तेल - ¼ कप
- नमक - 1 छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - 1 छोटी चम्मच
- हींग - ¼ छोटी चम्मच
- अज़वायन - 1 छोटी चम्मच
- मैथी दाना - 2 टेबल स्पून
- सौंफ - 2 टेबल स्पून
- सरसों के दाने - 2 टेबल स्पून (दरदरे कुटे हुये)
विधि - How to make Dried Mango Pickle
कच्चे आम को पहले 10 - 12 घंटे के लिये पानी में डाल कर रख दीजिये. आम को पानी से निकालिये और अच्छी तरह धो लीजिये, आम का पानी सूखने पर आम का डंठल काट कर हटा दीजिये, आम के गूदे को लम्बी फाकों में काट लीजिये.
आम की फाकों में नमक और हल्दी पाउडर मिलाकर किसी भी प्याले में सूती कपड़े से बांधकर या कांच या प्लास्टिक के साफ सूखे कन्टेनर में भर कर गलाने रख दीजिये. दिन में रोजाना 1 बार साफ सूखे चमचे से चलाकर आम की फाकों को ऊपर नीचे कर दीजिये. सात दिन में ये आम की फाकें नरम हो जाती हैं और आम की फाकों से खट्टा पानी भी निकल कर अलग हो जाता है.

7 दिन बाद, आम की फाकें किसी थाली में निकाल लीजिये और खट्टा पानी उसी कन्टेनर में रहने दीजिये.
आम की ये फाकें एक दिन की धूप में सुखा लीजिये. ये फाकें सूख कर थोड़ी सांवली और सिकुड़ी सी हो जाती हैं. हम इनके लिये मसाला तैयार करते हैं.
मैथी, सौंफ और अजवाय नमक के साथ मिक्सर जार में डालकर दरदरा पीस लीजिये. नमक साथ में डालने से मसाले जल्दी पिस जाते हैं. पिसे मसालों को एक प्याले में निकालकर इसमें सरसों का पाउडर भी डाल दीजिए.

पैन में तेल डालकर अच्छे से गरम कर लीजिये. आग बन्द कर दीजिये. तेल थोड़ा सा ठंडा होने के बाद, इसमें हींग और सारे मसाले डालकर मिक्स कर दीजिए. साथ ही लाल मिर्च पाउडर और आम की फाकों से निकला खट्टा पानी भी डालकर मिला दीजिए. तैयार मसाले में सूखे आम की फांके डालिए और अच्छी तरह से तब तक मिक्स कीजिये जब तक कि आमों के टुकड़े के ऊपर मसाले न आ जाय.
आम का सूखा अचार (Sun Dried Mango Pickle) तैयार है. आम के अचार को आप अभी भी खा सकते हैं लेकिन अचार में स्वाद 3 से 4 दिन बाद मिलेगा जब इसमें मसाले अच्छे से ज़ज़्ब हो जाएंगे. आम का सूखा अचार (Dried Mango Pickle Recipe) को साफ सूखे कांच या प्लास्टिक कन्टेनर में भरकर रख दीजिये. आप जब भी मन करें तब अचार निकालें और खाएं.
इस अचार की विशेषता है कि यह कम तेल में भी साल भर तक रख कर खाया जा सकता है.

अचार के कन्टेनर को कभी कभी धूप में रख देना चाहिये, जिससे अचार अधिक दिनों तक खाने लायक बने रहते हैं.
सुझाव:
- अचार बनाते समय जो भी बर्तन इस्तेमाल करें, वे सब सूखे और साफ हों, अचार में किसी तरह की नमी और गन्दगी नहीं जानी चाहिये.
- अचार के लिये कन्टेनर कांच या प्लास्टिक को हो, कन्टेनर को उबलते पानी से धोइये और धूप में अच्छी तरह सुखा लीजिये. कन्टेनर को ओवन में भी सुखाया जा सकता है.
- जब भी अचार कन्टेनर से निकालें, साफ और सूखे चम्मच का प्रयोग कीजिये. हफ्ते में 1 बार अचार को चमचे से चलाकर ऊपर नीचे कर दीजिये.
- अगर धूप है, तब अचार को 3 महिने में 1 दिन के लिये धूप में रख दीजिये, अचार बहुत दिन तक चलते हैं और स्वादिष्ट भी रहते हैं.
कमेंट (85)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: प्रियंका, विधि में पहली लाइन में लिखा है कि आम को पानी में डालकर रख लीजिये.
निशा: तिवारी जी, एक दिन छोड़ कर, यदि आम को सूखे चमचे से चला कर ऊपर नीचे करते रहें, ये आम बिलकुल खराब नहीं होते.
निशा: प्रीति, जी हां आम को कम तापमान पर ओवन में सुखा सकती हैं, लेकिन ध्यान रखते हुये कि वे अधिक ड्राई न हो जायं.
thanking you,
that means halki brwon.
निशा: मानसी, आप एसीटिक एसिड डाल सकती हैं.
निशा; संगीता, आम को सात दिन पानी में नहीं रखना है, कृ्पया रैसिपी को फिर से पढ़ लीजिये.
lovely recipe.is it possible for you to send khus sharbat recipe
one day is not sufficient ??
इस मसालेदार पोस्ट के लिए बहुत बहुत धन्यवाद