आम का तीखा आचार, स्वाद जो रहे याद-साल भर चले, बिना धूप के-आसान तरीका Andhra Mango Pickle Recipe

कच्चे आम के कई तरह के आचार बनाए जाते हैं, और हर आचार अपने आप में ही बहुत स्वादिष्ट होता है. इसी कच्चे आम से आज हम बनाने जा रहे हैं आंध्र स्टाईल आम का आचार. इसे बनाना बहुत ही आसान है और इसका खास तीखापन बहुत ही स्वादिष्ट होता है. इसे आप एक बार बनाकर साल भर तक रख कर खा सकते हैं. तो आप भी इस आसान तरीके से आंध्र स्टाईल आम का आचार बनाएं और अपने परिवार के साथ इसके स्वाद का आनंद लें.
आंध्र स्टाईल आम का आचार के लिये आवश्यक सामग्री Ingredients for Avakaya Pachadi
कच्चा आम - Raw Mangoes - 1 किलो
मेथी दाना - Fenugreek Seeds - 2 बड़े चम्मच
सरसों - Mustard Seeds - 1/2 कप (100 ग्राम)
कश्मीरी लाल मिर्च - Kashmiri Red Chilli - 100 ग्राम
हल्दी - Turmeric Powder - 1 बड़े चम्मच
नमक - Salt - 1/2 कप (150 ग्राम)
हींग - Asafoetida - 1 छोटी चम्मच
तिल का तेल - Sesame Oil - 1.5 कप (300 ml)
आंध्र स्टाईल आम का आचार बनाने की विधि Process of making Avakaya Pachadi
1 किलो कच्चे आम को अच्छे से धो कर पानी में डाल कर 10-12 घंटे के लिये रख दीजिए. फिर इन्हें पानी से निकाल कर 5-6 घंटे के लिये सूखने दीजिए. पूरी तरह सूखने पर इनका डंठल वाला भाग काट कर हटाएं और इन्हें काट कर इनका बीज हटा कर छोटे-छोटे टुकड़े कीजिए.
अब पेन में 2 बड़े चम्मच मेथी दाना डाल कर 1 मिनट मीडियम फ्लेम पर लगातार चलाते हुए सूखा भूनिए. फिर इन्हें प्लेट में निकाल कर इसी पेन में ½ कप सरसों के दाने डाल कर, इन्हें भी 1 मिनट तक लगातार चलाते हुए मीडियम फ्लेम पर भूनिए. फिर इसे निकाल कर ठंडा होने दीजिए.
ठंडा होने पर भुने हुए सरसों के दाने मिक्सर जार में डाल कर दरदरा पीस लीजिए. अब बड़े बाउल में कटे हुए कच्चे आम, पिसे हुए सरसों के दाने, भुने हुए मेथी दाना, 100 ग्राम कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, 1 बड़े चम्मच हल्दी, ½ कप नमक और 1 छोटी चम्मच हींग डालिए. इन्हें अच्छे से मिलाएं.
पूरी तरह मिल जाने पर इसमें 1.5 कप तिल का तेल डाल कर अच्छे से मिलाएं. फिर इसे ढक कर 3-4 दिन के लिये रख दीजिए और हर दिन इसे एक बार चलाना ज़रूर है. 4 दिन बाद आम का आचार बनकर तैयार हो जाएगा. इसे कंटेनर में भर कर रख दीजिए. रोज खाने के साथ आचार परोसिए और इसके स्वाद का आनंद लीजिए.
सुझाव Suggestions
आचार बनाने के लिये हर बरतन अच्छे से धुला और पूरी तरह सूखा होना चाहिए.
कंटेनर गरम पानी से धो कर धूप में पूरी तरह सुखा कर लेना है.
आचार बनाते समय किसी भी चीज़ में किसी भी तरह की नमी नहीं होनी चाहिए.
आम का तीखा आचार, स्वाद जो रहे याद-साल भर चले, बिना धूप के-आसान तरीका Andhra Mango Pickle Recipe
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।