गोवर्धन पूजा स्पेशल अन्नकूट सब्जी 🙏 Annakut Ki Sabji | Gadd Ki Sabzi Recipe | Annakoot 2026
अन्नकूट की सब्जी, जिसे गोवर्धन पूजा के अवसर पर बनाया जाता है. अन्नकूट और पूरी का स्वाद इतना लाजवाब होता है कि रोज खाने का मन करता है. इसमें जितनी ज्यादा सब्जियाँ हों, उतना ही मजा आता है. आलू और बैंगन की मात्रा थोड़ी ज्यादा रखें तो टेस्ट और बेहतर आता है.
आवश्यक सामग्री - Ingredients
- सब्जियाँ जो भी सब्जियाँ उपलब्ध हों (कुल लगभग 1.25 किलो / 1250 ग्राम) जैसे: बैंगन, आलू, फूलगोभी, परवल, पालक, अरबी, टमाटर, कद्दू, ग्रीन बीन्स, लौकी, लोबिया, ग्वार की फली, भिंडी, गाजर, शिमला मिर्च, मूली, थोड़ा करेला (छीलकर), तोरी, टिंडोरा, छोटा अमरूद आदि. (आलू और बैंगन थोड़े ज्यादा रखें. सब्जियाँ पहले से न काटें, काले पड़ जाते हैं. बैंगन-आलू को पानी में डुबोकर रखें. )
मसाले और अन्य - सरसों का तेल - 4 tbsp (या कोई भी कुकिंग ऑयल)
- जीरा - 2 tsp
- तेज पत्ता - 3
- लौंग - 6-7
- काली मिर्च - 2 tsp
- हींग - 2 pinch
- नमक - 2 tsp (या स्वादानुसार)
- बड़ी इलायची - 3
- दालचीनी - 1 छोटा टुकड़ा (आधा इंच)
- हल्दी पाउडर - ½ tsp
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर - 2 tsp
- धनिया पाउडर - 3 tsp
- अदरक-हरी मिर्च पेस्ट - 1 tsp (या 2 छोटी चम्मच)
- कसूरी मेथी - 1 tbsp
- हरा धनिया - स्वादानुसार
- पानी - जरूरत के अनुसार (लगभग 2 कप, थोड़ा-थोड़ा करके)
विधि - How to make
सभी सब्जियाँ अच्छी तरह धोकर काट लें. बैंगन और आलू को पानी में डाल दें ताकि काले न पड़ें.
कढ़ाई में 4 tbsp सरसों का तेल गरम करें. तेल गरम होने पर 1 छोटी चम्मच जीरा, 3 तेज पत्ता, 2 लौंग, 7-8 काली मिर्च और 2 चुटकी हींग डालें. फ्लेम धीमी रखें ताकि मसाले जलें नहीं.
सबसे पहले बैंगन और आलू डालें, फिर बाकी सभी सब्जियाँ एक-एक करके डालते जायें. नमक डालकर 2-3 मिनट अच्छी तरह मिलाते हुए भूनें.
फ्लेम मीडियम-हाई करें. लगभग आधा कप पानी डालें, ढककर 5-6 मिनट मीडियम फ्लेम पर पकायें.
मसाला तैयार करें (जब सब्जी पक रही हो):
3 बड़ी इलायची छीलकर दाने निकाल लें, आधा इंच दालचीनी, 4-5 लौंग, 1 छोटी चम्मच जीरा और 1 छोटी चम्मच काली मिर्च को हल्का दरदरा कूट लें (या मिक्सर में हल्का पीस लें).
अलग से हल्दी, धनिया पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च में थोड़ा पानी डालकर रख दें ताकि फूल जायें.
5 मिनट बाद सब्जी खोलें, चलायें और फिर आधा कप पानी डालकर ढक दें. पानी एक साथ न डालें, थोड़ा-थोड़ा करके डालें ताकि सब्जी जल्दी और अच्छे से पके.
जब सब्जी आधी पक जाए, कूटा हुआ मसाला और पानी वाला पाउडर मसाला दोनों डाल दें. अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट भी डालें (ताजी महक के लिए बाद में डालें). थोड़ा और पानी डालकर 5 मिनट और पकायें.
आलू या अरबी का टुकड़ा काटकर चेक करें. पक जाने पर बारीक कटे 2 टमाटर (लगभग 200 ग्राम) डालें. टमाटर शुरू में न डालें, नहीं तो सब्जी देर से पकेगी. फिर 5 मिनट और पकायें.
आखिर में हरा धनिया और 1 tbsp कसूरी मेथी (हल्का भूनकर कुचलकर) डालें. तेज पत्ता निकाल लें. अच्छी तरह मिलायें.
सब्जी थोड़ी लटपट (हल्की ग्रेवी वाली) रहेगी, पूरी सूखी नहीं. रंग बहुत सुंदर और खुशबू गजब की आएगी.
सुझाव
- अन्नकूट की सब्जी बनकर तैयार है. पूरी के साथ इसका स्वाद बहुत ही खास लगता है. गोवर्धन पूजा पर इसे अनकूट-पूरी का प्रसाद बनाकर कन्हैया जी का भोग लगायें. बनाने में बिल्कुल आसान है और स्वाद इतना बढ़िया कि बार-बार खाने का मन करेगा. आपको कैसी लगी, जरूर बतायें.
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।