काजू पिस्ता रोल बनाने का आसान तरीका, स्पेशल मौके लिये की खास मिठाई । Kaju Pitsa Roll-Cashew Pistachio Rolls
📖 Read this recipe in English → Kaju Pista Roll | Cashew Pistachio Roll
काजू पिस्ता रोल. बहुत ही ज्यादा स्वादिष्ट मिठाई. जब कुछ खास खाने का मन हो तब आप इसे बनाइए. त्यौहार हो या कोई स्पेशल मौका या मेहमान आए हों, हर समय आपको यह मिठाई बहुत ज्यादा पसंद आएगी
आवश्यक सामग्री - Ingredients
-
स्टफिंग के लिए:
- पिस्ता – 1/3 कप (थोड़े से अलग रखकर बाकी पीस लें)
- बादाम – 1/3 कप (पीसकर पाउडर बना लें)
- चीनी पाउडर – 2 टेबल स्पून
- इलायची पाउडर – 1 छोटी चम्मच
- दूध – 2 छोटी चम्मच
- फूड ग्रेड ग्रीन कलर – 1/4 छोटी चम्मच से भी कम
काजू मिक्स (बाहरी परत) के लिए:
- टुकड़ा काजू – 1 कप
- चीनी – 1/3 कप (लगभग 75 ग्राम)
- पानी – 1/3 कप
- घी – 3 छोटी चम्मच
विधि - How to make
- काजू को ग्राइंडर जार में डालकर पीस लें. बड़ी आसानी से पीस जाते हैं. मोटे छेद वाली छलनी (जिससे चावल छानते हैं) में पाउडर डालकर छान लें. मोटे-मोटे टुकड़े दोबारा पीसकर छान लें.
- पिस्ते में से थोड़े से अलग रखकर बाकी पीस लें. बादाम भी पीसकर पाउडर बना लें (इन्हें छानने की जरूरत नहीं). अलग रखे पिस्तों को छोटा-छोटा काट लें और बादाम-पिस्ता पाउडर में मिला दें. कटे हुए दाने खाने में बहुत अच्छे लगते हैं.
- बड़े प्याले में 2 टेबल स्पून चीनी पाउडर और 1 छोटी चम्मच इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. एक प्याले में 2 छोटी चम्मच दूध लें और उसमें 1/4 छोटी चम्मच से भी कम फूड ग्रेड ग्रीन कलर घोल लें. इस दूध को पाउडर में मिला दें. स्टफिंग रेडी है.
- 1/3 कप चीनी में 1/3 कप पानी मिलाएं (जितनी चीनी उतना पानी). चीनी पूरी तरह घुलने तक पकाएं. चीनी घुलने के बाद काजू का पाउडर डालें और गैस धीमी कर दें. 3 छोटी चम्मच घी मिलाएं और गुठलियां न रहें तथा जमने वाली कंसिस्टेंसी आने तक लगातार चलाते हुए पकाएं.
- चेक करने के लिए थोड़ा सा पेस्ट लेकर प्याले में रखें. ठंडा होने पर अगर हाथ पर गोला बन रहा हो तो रेडी है. ज्यादा मत पकाएं वरना हार्ड हो जाएगा.
- बोर्ड पर साफ पॉलिथीन बिछा लें. मिक्स को थोड़ा अलट-पलट कर गर्माहट कम करें. ज्यादा गर्म रहेगा तो नहीं जमेगा और रोल नहीं होगा. एकदम ठंडा भी मत होने दें वरना जमने लगेगा और क्रैक आ जाएंगे. पॉलिथीन पर थोड़ा घी लगाएं और काजू मिक्स निकालकर रखें. जितना मोटा परांठा होता है उतना मोटा बेलें. पहले हाथ से दबा-दबाकर बढ़ा लें फिर चारों तरफ से आराम से बेलें. ज्यादा दबाव न दें. पॉलिथीन घुमाकर भी बेल सकते हैं. आयताकार शेप में शीट बना लें.
- स्टफिंग को दो बराबर भागों में बांट लें. पहले हाथ से बाइंड करें फिर एक जैसी मोटाई का थोड़ा पतला रोल बना लें जो शीट के अंदर फिट हो जाए. दूसरा पार्ट भी इसी तरह रोल कर लें.
- काजू मिक्स की शीट को बीच से दो भागों में काट लें. एक कोने पर स्टफिंग रोल रखें और पॉलिथीन की हेल्प से शीट को मोड़ते हुए लपेटें. लूज नहीं होनी चाहिए. हाथों से रोल को बेलें ताकि स्टफिंग अच्छी तरह फिक्स हो और पतला भी हो जाए. दूसरा रोल भी इसी तरह बना लें.
- ट्रे में रखकर फ्रिज में 20-30 मिनट के लिए रख दें ताकि सेट हो जाएं. सेट होने के बाद 2 इंच या 2 1/2 इंच लंबे रोल काट लें. चाहें तो ऊपर सिल्वर वर्क लगा सकते हैं
सुझाव
-
काजू पिस्ता रोल बन गए. बहुत ही अच्छे बने हैं और बहुत ज्यादा स्वादिष्ट हैं. आसानी से बन जाते हैं लेकिन थोड़ा ध्यान देना जरूरी है. काजू पाउडर बनाते समय मिक्सी को रुक-रुक कर चलाएं. पाउडर से पेस्ट बनाते समय ज्यादा मत पकाएं. जैसे ही गोला बनने लगे फ्लेम बंद कर दें और हल्के गरम में फटाफट बेलकर शीट बना लें. स्टफिंग रोल रखकर जल्दी लपेट लें. सारे प्रोसेस जल्दी-जल्दी करने हैं. इन्हें फ्रिज में रखकर पूरे 1 महीने तक खा सकते हैं. तो बनाइए, खाइए और बताना मत भूलिए कैसे लगे.
विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
5.0 / 5 (1 रेटिंग)
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।