साबुत मसूर दाल – Masoor Dal recipe – Whole Masoor Dal Recipe

दालें प्रोटीन का मुख्य स्रोत है. रोजाना अलग अलग दाल बनाई जाय तब यह बहुत ज्यादा स्वादिष्ट लगती है. साबूत छिलका मसूर की दाल बहुत ही स्वादिष्ट बनती है, आइये आज शाम के खाने के साथ साबुत छिलका मसूर की दाल (masoor dhal recipe) बनायें.
Read - Masoor Dal recipe – Whole Masoor Dal Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Whole Masoor Dal Recipe
- काली मसूर दाल - 1 कप ( 8 से 10 घंटे भिगोकर ली हुई)
- पेस्ट - टमाटर - (4), हरी मिर्च (1) और अदरक (1 इंच लम्बा टुकड़ा)
- जीरा - 1/2 छोटी चम्मच
- हींग - 1-2 पिंच
- घी - 1-2 टेबल स्पून
- हरा धनिया - 1-2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- हल्दी पाउडर - 1/2 छोटी चम्मच
- गरम मसाला - 1/4 छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
- नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make Sabut Masoor Dal
मसूर दाल को कुकर में डालिये. साथ ही 2 कप पानी, आधा नमक और आधा हल्दी पाउडर डालकर कुकर बन्द करके दाल को पकने के लिये रख दीजिये. कुकर में एक सीटी आने के बाद, आग धीमी कर दीजिये और धीमी आग पर दाल को 3-4 मिनिट तक पकने दीजिये. आग बन्द कर दीजिये और कुकर का प्रैशर खत्म होने दीजिए.

इसी बीच, मसाला तैयार कर लीजिए. कड़ाही में 1 टेबल स्पून घी डालकर गरम कीजिए. गरम घी में हींग, जीरा डालिये. जीरा भुनने पर, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर डालकर हल्का सा भूनिये. फिर, टमाटर-अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट और लाल मिर्च पाउडर डाल दीजिए. मसाले को तब तक भूनिये जब तक कि मसाले के ऊपर घी तैरने लगे.
कुकर खोलिये, दाल को मसाले में डाल कर मिलाइये. साथ ही नमक भी डाल दीजिए. दाल को जितना गाढ़ा या पतला करना चाहते हैं उसके हिसाब से पानी डाल दीजिये. इसमें गरम मसाला भी डालकर मिक्स कर दीजिए. दाल को ढककर 2 मिनिट पकाइये. बाद में, दाल में हरा धनिया डालकर मिलाइये.
साबुत मसूर छिलका दाल तैयार है. दाल को प्याले में निकालिये और चपाती, नान या चावल किसी के साथ परोसिये और खाइये.
4 से 5 सदस्यों के लिए पर्याप्त
सुझाव
- दाल में करीब दाल के 1/2-3/4 इंच ऊपर तक पानी भरकर कुकर में इसे उबलने रखे.
- तड़के के लिए घी के बदले तेल का उपयोग भी कर सकते हैं लेकिन घी में बनी दाल ज्यादा स्वादिष्ट लगती है.
- दाल में टमाटर काटकर भी डाल सकते हैं.
- अगर आप प्याज डालना चाहे, तो प्याज को बारीक काट लीजिए और घी में जीरा भूनने के बाद, प्याज को हल्का सा ब्राउन होने तक भून लीजिए. इसके बाद, टमाटर डालकर बिल्कुल ऊपर दी गई विधि के अनुसार दाल बना लीजिए.
- दाल को अलग से तड़का ना लगाकर के सीधे कुकर में मसाला छौंककर भी दाल बना सकते हैं.
कमेंट (75)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: ज्योति, अच्छी बनेगी और पकने में अधिक समय लगता है. दाल को भिगोने से दाल जल्दी और ज्यादा स्वादिष्ट बनती है.
sabse ashi dal
निशाजी हम अगर सीधे घी या तेल में लाल मिर्च डाल देंगे तो वह तुरंत जल नहीं जाएगी?
मैं इस तरह की सब्जियाँ बनाते समय तेल में हींग, राई, जीरा डालने के बाद टमाटर की पुयूरी को डाल कर थोडा़ पकाने के बाद मिर्च डालता हूँ और फिर थोड़ी देर भून लेता हूँ, इससे तेल या घी भी छूट जाता है। क्या यह तरीका सही नहीं है?
निशा: सागर, आप बिलकुल सही करते हैं, अगर आप गैस एकदम धीमी करलें तो इस तरह भी किया जा सकता है.
निशा: सोना शाही पनीर बनाने की रैसिपी पहले से दी गई है, आप सर्च बटन में शाही पनीर लिखकर, रैसिपी देख सकती हैं.
निशा: पूजा, बिना भिगोये दाल बहुत देर में बनती है और उतनी स्वादिष्ट भी नहीं. बिना भिगोई दाल को पकने के लिये 3 सीटी तो लगा ही लीजिये और धीमी आग पर भी 3-4 मिनिट पकने दें.
Aapki website par ankoot ki sabzi ki recipe nahin di hui hai. Please ankoot (goverdhan ke din jo mix sabzi banti hai uski recipe likhiye). It's very urgent.
निशा: शालिनी, "विशेष" कालम में अन्नकूट की सब्जी दी गई है.
thanks!
निशा: ,कविता मैदा की मठरी की रैसिपी तो लिखी हुई है.