मैन्गो मफिन – Eggless Mango Muffins recipe

मैन्गो मफिन (Mango Muffins) छोटे बच्चों तो पसन्द करते ही हैं, आप भी शाम को चाय के साथ ये बहुत पसन्द आयेंगे. आईये आज मैन्गो मफिन (Eggless Mango Muffins) बनायें.
Read - Eggless Mango Muffins Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Eggless Mango Muffins

- मैदा - 1 कप
- आम का पल्प - 1/2 कप
- कन्डेन्स्ड मिल्क - 1/2 कप
- पाउडर चीनी - 1/ 3 कप
- दूध - 1/2 कप
- मक्खन - 1/3 कप (पिघला हुआ)
- इलायची पाउडर- 1/2 छोटी चम्मच
- 'नमक -1/4 छोटी चम्मच से कम
- बेकिंग सोडा - 1/4 छोटी चम्मच
- बेकिंग पाउडर - 1 छोटी चम्मच
विधि - How to make Eggless Mango Muffins
मैदा, बेकिंग सोडा और बेकिंग पाउडर मिलाइये और 2 बार छान लीजिये ताकि वे अच्छी तरह मिल जाय.
बड़े प्याले में कन्डेन्स्ड मिल्क, मक्खन और आम के पल्प को मिलाकर फैंट लीजिये. इलायची पाउडर, नमक और पाउडर चीनी डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लीजिये.
इस मिश्रण में मैदा को थोड़ा थोड़ा डाल कर इतना फैट लीजिये, कि वह अच्छी तरह मिक्स हो जाय. बैटर थोड़ा गाढ़ा लग रहा है, उसमें दूध डालकर मिक्स कर दीजिये. बैटर की कन्सिस्टेन्सी बेसन के पकौड़े के घोल जैसी होनी चाहिए. बैटर में 1/4 कप दूध का ही इस्तेमाल हुआ है.
ओवन को 180 डिग्री. सेंटीग्रेड पर गरम करने के लिये लगा दीजिये.

मफिन ट्रे/ कप में तेल लगा लीजिये या पेपर कप लगा लीजिये. चमचे से घोल को निकालिये और इन सांचों में 3/4 भाग तक भर लीजिये और मफिन्स कप को थोड़ा सा ठकठका लीजिए ताकि कप में से हवा निकल जाए. मफिन्स कप को बेकिंग ट्रे में लगा लीजिए. इसी तरह सारे कप घोल से भर लीजिये.
जब ओवन गर्म हो जाये तो मफिन बेक करने के लिये ट्रे ओवन में जाली स्टेन्ड पर रखिये और ओवन को 20 मिनिट के लिये सैट कर दीजिये. मफिन्स को गोल्डन ब्राउन होने तक सेककर तैयार कर लीजिये.
बचे हुए बैटर को मफिन्स ट्रे में भर लीजिए और इन्हें भी बेक कर लीजिए.
लाजवाब मैन्गो मफिन (Mango Muffins) बनकर तैयार हैं. मैन्गो मफिन्स को पूरी तरह से ठंडा होने के बाद किसी भी डिब्बे में भरकर रख लीजिए और पूरे हफ्ते तक खाते रहिए.
सुझाव
मफिन ट्रे में सीधे ही बैटर डालकर भी मफिन्स बना सकते हैं.
मफिन को बेक करने के लिये अलग अलग ओवन में थोड़ा अलग समय लग सकता है, पहले मफिन को 180 डि. से. पर 15 मिनिट के लिये लगायें और इसके बाद चैक करके और समय देकर चैक करते हुये मफिन को गोल्डन ब्राउन होने तक बेक कीजिये.
कमेंट (131)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: प्रजापती जी अवश्य डालिये.
निशा: प्रिया मेरी वेबसाईट में तो सभी रेसीपी बिना अंडे के ही हैं
निशा: एपलसास यहां अंडे के पूरक के रूप में प्रयोग किया गया है. इसे एपल आग पर पका कर बनाया जाता है.
निशा: दीपा, फालूदा आइसक्रीम बनाना मुझे लिखना है. आमतौर पर सही बेकिंग करने के लिये ओवन की आवश्यकता तो होगी ही.