कच्चे आम की मीठी चटनी (Raw Mango Sweet Chutney Recipe)

आम का मौसम है, आम की चटनी (Aam ki Meethi Chatni) अचार मुरब्बा खूब बनाइये, आम की मीठी चटनी खट्टा मीठा स्वाद बच्चों को परांठे और ब्रेड के साथ बहुत पसन्द आयेगा. आप इस चटनी को चाट, दही बड़े इत्यादि में भी डाल कर खा सकते हैं. तो आइये बनाते हैं चटखारेदार आम की मीठी चटनी.
Read - Raw Mango Sweet Chutney Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Sweet Mango Chutney
- कच्चे आम - 500 ग्राम
- चीनी - 1 कप
- खजूर - 6 से 7 (बारीक पतले कटे हुए)
- लाल मिर्च पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच से कम
- भुने जीरे का पाउडर - 1/2 छोटी चम्मच
- अदरक पाउडर (सोंठ पाउडर) - 1/4 छोटी चम्मच
- काला नमक - 1/2 छोटी चम्मच
- नमक - 1/2 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make Sweet Mango Chutney
आम को धोइये, पानी सुखा कर छीलिये. आम के गूदे को कद्दूकस कर लीजिए.

कढ़ाही गरम कीजिए और इसमें कद्दूकस किया हुआ आम का गूदा डाल दीजिए. इसमें चीनी और आधा कप पानी डाल कर मिला दीजिए. साथ ही नमक और काला नमक भी मिक्स कर दीजिए और इसे ढककर अच्छे से उबाल आने तक पकने दीजिए. इसे बीच बीच में चमचे से चला लीजिए.
उबाल आने के बाद, इसे चैक कीजिए. इसमें अदरक पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और जीरा डाल मिलाइए. साथ ही खजूर भी डालकर मिला दीजिए. चटनी को मध्यम आग पर गाढ़ा होने तक पका लीजिए.
चटनी के गाढ़ा होते ही चटनी बनकर तैयार है, इसे प्याले में निकाल लीजिए. कच्चे आम की खट्टी मीठी चटनी खाने के लिए तैयार है. इसे आम का जैम भी कह सकते हैं. इस चटनी को फ्रिज में रखकर 1 से 2 महीने तक खाया जा सकता है. इस आम की चटनी को पूरी, परांठे या ब्रेड किसी के साथ भी खाइए या जब भी आप आलू भल्ले, दही बड़े या कोई भी चाट बनायें, मीठी चटनी (Sweet Mango Chutney) के साथ खायें.
सुझाव
- खजूर की जगह छुआरों को पानी में भिगोकर इस्तेमाल कर सकते हैं.
- आप चाहे तो आम के पल्प को कद्दूकस करने की बजाय पीस भी सकते हैं.
Mango Sweet Chutney Recipe - Green Mango Chutney - Kacche Aam ki Meethi Chutney
कमेंट (63)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: भक्ति, खट्टी चटनी इस तरह ही बनेगी लेकिन उसमें नमक की मात्रा थोड़ी अधिक और लाल मिर्च भी स्वादानुसार डाल दीजिये.