फ्रोज़न आलू टिक्की । Aloo Tikki Recipe Frozen | Crispy Potato Patties

बार-बार आलू टिक्की के मिश्रण को बनाने के झंझट से मुक्ति का आसान सा उपाय है फ्रोजन आलू टिक्की. एक बार आलू टिक्की बनाकर फ्रीजर में स्टोर कर लीजिए और 5 से 6 महीने तक जब मन करे, तब झटपट तलकर तैयार कर लीजिए.
Read- Aloo Tikki Recipe Frozen | Crispy Potato Patties
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Crispy Potato Patties
उबले आलू - 8 (800 ग्राम)
पोहा - 1 कप (100 ग्राम)
हरा धनिया - 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
हरी मिर्च - 3 से 4 (बारीक कटी हुई)
भुना जीरा पाउडर - 1 छोटी चम्मच
काली मिर्च - 1/2 छोटी चम्मच (दरदरी कुटी हुई)
अमचूर - छोटी चम्मच
नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
तेल - तलने के लिए'
विधि - How to make Aloo Tikki Frozen
फ्रोजन आलू टिक्की बनाने के लिए उबले आलू को छीलकर कद्दूकस कर लीजिए. साथ ही पोहे को बारीक पीसकर ले लीजिए.
कद्दूकस किए हुए आलू में बारीक पिसा पोहा, हरा धनिया, हरी मिर्च, भुना जीरा पाउडर, दरदरी कुटी काली मिर्च, अमचूर और नमक डाल दीजिए. सारी चीजों को अच्छे से मिलने तक मिला लीजिए.
एक प्लेट को तेल से चिकना करके रख लीजिए. टिक्की बनाने के लिए हाथ पर थोड़ा सा तेल लगाकर चिकना कर लीजिए. थोड़ा सा डोह उठाकर गोल बनाकर चपटाकर के टिक्की का आकार दे दीजिए और चिकनी की हुई प्लेट में रख दीजिए. टिक्की आप अपनी पसंद के अनुसार थोड़ी सी छोटी या बड़ी बना सकते हैं. इसी तरह सारी टिक्की बनाकर तैयार कर लीजिए.

टिक्कियां फ्रीज कीजिए
टिक्की को फ्रीज करने के लिए आप चाहे तो अलग-अलग थाली में टिक्की रखकर फ्रिज में रख सकते हैं या फिर एक ही थाली में इन्हें एक साथ एक के ऊपर एक रखकर भी फ्रीज कर सकते हैं. इसके लिए पहली प्लेट वाली टिक्कियों के ऊपर बटर पेपर लगाकर उस पर बाकी टिक्कियां रख दीजिए और बटर पेपर से ढककर फ्रीजर में रख दीजिए.
1 दिन बाद, आलू टिक्की फ्रीज होकर तैयार हो जाती हैं. कुछ टिक्कियां तलने के लिए निकालकर बाकी टिक्कियों को किसी भी डिब्बे में भरकर वापस फ्रीजर में रख दीजिए.

टिक्की तलिए
टिक्कियां तलने के लिए कढ़ाही में तेल गरम कर लीजिए. तेल चैक करने के लिए हाथ को कढ़ाही के ऊपर ले जाकर देखिए. अगर हाथ पर गर्माहट लग रही है, तो तेल अच्छे से गरम है. फ्रोजन आलू टिक्की तलने के लिए अच्छा गरम तेल होना चाहिए. तेल में पहले एक टिक्की डालकर देख लीजिए, यह टिक्की अच्छे से तल रही है तो दूसरी टिक्की भी तलने के लिए तेल में डाल दीजिए. टिक्की को नीचे से हल्की सी ब्राउन होते ही पलट दीजिए और इसको दोनों ओर से गोल्डन ब्राउन होने तक पलट-पलट कर तल लीजिए.
अच्छे से सिकी हुई टिक्की को कढ़ाही से निकालने के लिए कलछी पर कढ़ाही के किनारे ही थोड़ी देर रोक लीजिए ताकि अतिरिक्त तेल कढ़ाही में ही वापस चला जाए और टिक्की निकालकर प्लेट में रख लीजिए. सारी टिक्कियां इसी तरह तलकर तैयार कर लीजिए. एक बार की टिक्की तलने में लगभग 4 मिनिट लग जाते हैं.
आप इन्हें बनाकर फ्रीजर में रख दीजिए, पूरे 4 से 5 घंटे में ये फ्रोजन होकर तैयार हो जाती है. इसके बाद, इन्हें एअर-टाइट कन्टेनर में भरकर रख दीजिए. फ्रोजन आलू टिक्की को फ्रीजर में पूरे 5 से 6 महीने रखकर खाया जा सकता है. जब भी आपको टिक्की तलनी है, तब आप कन्टेनर से टिक्की निकालिए और तलकर सर्व कीजिए. साथ में टमैटो सॉस, हरे धनिये की चटनी या अपनी मनपसंद चटनी भी रखिए.
सुझाव
पोहा पहले से पका हुआ होता है. इसलिए आलू टिक्की ऊपर से क्रिस्प और अंदर से भी अच्छी रहती है.
सीधे डिब्बे में रखकर फ्रीज करने पर टिक्कियां आपस में चिपक सकती हैं, इसलिए पहले इन्हें थाली में लगाएं और बाद में फ्रीज करें.
फ्रोजन आलू टिक्की को एकदम अच्छे गरम तेल में ही तलें.
Aloo Tikki Recipe Frozen | फ्रोज़न आलू टिक्की । Crispy Potato Patties
कमेंट (46)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
Do we fry tikkis just after taking out of the freezer or need to thaw them?
Thanks,
Nirmal
mam frozen tikki fry kr k bhi rkh skte h ya binna fry k hi rkhni h
I like and Yummy Yummy