Home | परांठा-पूरी-रोटी | बाजरे की रोटी - Bajra Ki Roti Recipe

बाजरे की रोटी - Bajra Ki Roti Recipe

image Baajare ki roti

क्या इन सर्दियों में आपने पटोरी के साथ बाजरे की रोटी (Bajre ki roti) खायीं है? राजस्थान और ब्रज के इलाके में बाजरा की रोटी को उरद की दाल और पटोरी के साथ खाया जाता है और बाजरे की रोटी (Bajra Ki Roti ) के मलीदा तो कहना ही क्या! आईये आज बाजरे की रोटी बनायें.

आवश्यक सामग्री

  • बाजरे का आटा (Bajra Attaa) - 500 ग्राम
  • नमक - स्वादानुसार (यदि आप चाहें)
  • गुनगुना पानी
  • मक्खन या घी

विधि
बाजरे के आटे को किसी चौड़े बर्तन में छान लें.  गुनगुने पानी की सहायता से आटे को गूथ लें.

तवा गेस पर रख कर गरम करें.  गूथे हुये आटे से 2 रोटियां बनाने लायक आटा निकाले और आटे को हाथ से मसल कर मुलायम करें, पानी डालने की आवश्यकता हो थोड़ा थोड़ा पानी मिलाकर नरम कर लीजिये.  नरम आटे से एक रोटी का आटा निकालिये, गोल कीजिये, हथेलियों से बड़ा लीजिये.

हथेलियों पर थोड़ा सा पानी लगाइये.  लोई को दोनों हाथों की हथेलियों की सहायता से 4-5 इंच के व्यास में बड़ा लीजिये.  गरम तवे पर रोटी डालिये.  सिकने के बाद पलटे से पलटिये.

यदि आप बाजरे की रोटी को हाथ से बड़ाने में कठिनाई महसूस करते हैं, तब आप दूसरे तरीके से रोटी बड़ा सकते हैं.  गुथे हुये आटे थोड़ा सा आटा निकालिये, नरम कीजिये, लोई बनाइये, एक मोटा चौकोर पोलीथिन चकले पर रखिये, लोई को पोलीथिन पर रखिये, दूसरे चौकोर पोलीथिन से लोई को ढक कर हथेली की सहायता से दबा दबा कर बड़ा लीजिये.  ऊपर लगी हुई पोलीथिन को हटाइये.  हल्के हाथ से रोटी को उठाइये, गरम तवे पर डालिये, निचली सतह पर सिकने के बाद पलटे से पलटिये.  जब रोटी की दूसरी सतह सिक जाय तो रोटी को पलटे की सहायता से उठाइये, और धीमी गैस पर, घुमा घुमा कर, दोनों तरफ ब्राउन होने तक सेकिये.

गरमा गरम रोटी पर घी लगाइये.  बाजरे की रोटी के साथ उरद चने की दाल का स्वाद बहुत ही अच्छा लगता है.  वैसे आप आप अपने मन पसन्द की किसी भी सब्जी के साथ गरमा गरम करारी बाजरे की रोटी परोसिये और खाइये.

Add to: Add to your del.icio.us del.icio.us |

आपके कमेन्ट्स (1 मिले):

annapurna on 16 February, 2008 10:24:14
avatar
मैनें ऊपर बताए दोनों तरीकों से कई बार बाजरे की रोटी बनाने की कोशिश की पर कई बार नहीं बनी और कई बार अच्छी नहीं बनी, इसीलिए मैं बाजरे को रात भर भिगो लेती हूं सवेरे मिक्सी में पीस कर थोड़ा पतला कर पैन में चमचे से डाल कर फैला लेती हूं। इस तरह डोसे की तरह रोटी बना लेती हूं।

आपका क्या कहना है? comment

चित्र में दिखा कोड टायप करें

इस रेसिपी की चिप्पियां
अपनी रेटिंग दीजिये
5.00