पनीर भरवां परांठा | Paneer Paratha Recipe | Punjabi Paneer Paratha

पनीर के शोकीनों को पनीर भरवां परांठा देखते ही मुंह में पानी आ जाता है. आज हम इस परांठे को दो तरह से बनाकर बताएंगे. आइए देखें स्वाद से परिपूर्ण पनीर परांठे की रेसिपी.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Punjabi Paneer Paratha
- गेहूं का आटा - 2 कप (300 ग्राम)
- पनीर - 200 ग्राम
- घी - 3-4 टेबल स्पून
- हरा धनिया - 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
- अमचूर - ¼ छोटी चम्मच
- गरम मसाला - ¼ छोटी चम्मच
- हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)
- लाल मिर्च पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
- नमक - ½ छोटी चम्मच से थोड़ा सा ज्यादा या स्वादानुसार
विधि - How to make Paneer Paratha
आटे को बड़े बर्तन में निकाल लीजिये. आटे में आधा छोटी चम्मच नमक और 2 छोटी चम्मच घी डाल दीजिये. सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लीजिए. थोड़ा थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लीजिये. इतना आटा लगाने में 1 कप पानी का उपयोग किया गया है जिसमें से 1 टेबल स्पून पानी बच गया है. आटे को ढककर 20 मिनिट के लिए रख दीजिए, आटा सैट होकर तैयार हो जाएगा.
स्टफिंग बनाएं
पनीर को कद्दूकस कर लीजिये. कद्दूकस किए हुए पनीर में 1/2 छोटी चम्मच नमक, 1 छोटी चम्मच धनिया पाउडर, अमचूर, गरम मसाला, बारीक कटी हरी मिर्च ,लाल मिर्च पाउडर और बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिक्स कर दीजिए.
आटा सैट हो जाने के बाद, हाथ पर थोडा़ सा घी लगाकर आटे को मसल लीजिए.
गुंथे हुए आटे से थोड़ा सा आटा निकालिए और गोल लोई बना लीजिए. लोई को सूखे आटे में लपेटकर 4 से 5 इंच के व्यास में गोल परांठा बेल लीजिए, बेले हुए परांठे पर 3 से 4 चम्मच स्टफिंग रख लीजिए और हाथ से परांठे को चारों ओर से उठाकर स्टफिंग को बन्द कर दीजिए.

स्टफिंग भरी लोई को उंगलियों से दबाकर थोड़ा सा बड़ा लीजिए ताकि स्टफिंग एक जैसी फैल जाए. लोई को सूखे आटे से लपेट लीजिए और हल्का दबाव देते हुए 6 से 7 इंच के आकार में हल्का मोटा परांठा बेल लीजिए.
परांठे को किनारों से हल्के हाथों से दबाव देते हुए बेलिए.
परांठे सेकिए
तवा गैस पर रखकर गरम कीजिए. तवा गरम होने पर तवे के ऊपर थोड़ा सा घी डालकर इसे चिकना कर लीजिए. परांठे को सिकने के लिए तवे पर डालिए और निचली सतह से थोड़ा सिकने पर परांठे को पलट दीजिए.
परांठे की दूसरी सतह थोड़ा सा सिकने पर पहली सतह पर थोड़ा सा घी डालकर चारों ओर फैला दीजिए और परांठे को पलट दीजिए. दूसरी सतह पर भी घी डालकर चारों ओर फैला दीजिए और कलछी से दबाते हुए सेकिए. परांठे को दोनो ओर हल्की ब्राउन चित्ती आने तक सेक लीजिए. सिके परांठे को तवे से उतारकर किसी प्लेट पर रखी प्याली पर रख लीजिए. बाकी परांठे भी इसी तरह सेककर तैयार कर लीजिए.

परांठा बनाने का अन्य तरीका
इसके लिए आटे से लोई तोड़िये और उस लोई को 2 बराबर भागों में बांट कर 2 लोई बनाकर तैयार कर लीजिये. एक लोई को सूखे आटे में लपेट कर 6-7 इंच के व्यास में बेलिये, अलग प्लेट में रख लीजिये, दूसरी लोई को भी इसी आकार में बेलकर तैयार कर लीजिये.
बेला हुआ एक परांठा जो चकले पर है, उस पर थोडी़ सी स्टफिंग किनारे छोड़ते हुए चारों ओर फैलाइये, किनारों पर उंगली की मदद से थोडा़ सा पानी लगा लीजिए. फिर दूसरा परांठा इसके ऊपर रखकर इसे ढककर, हाथ से दबाकर चिपका दीजिये. परांठे को हल्का सा बेल लीजिये. परांठे को तवे पर डालिये और सेककर तैयार कर लीजिए.
इतने आटे से 5 से 6 परांठे बनकर तैयार हो जाते हैं. गरमागरम पनीर स्टफ्ड परांठे को दही, चटनी, अचार, रायते या अपनी मनपसंद सब्जी के साथ परोसिए और खाइए..
सुझाव
- परांठे बनाने के लिए आटा नरम लगाकर तैयार कीजिए.
- परांठे में स्टफिंग भरने के बाद परांठे को अच्छे से बंद कीजिए ताकि स्टफिंग बाहर न निकल पाए.
- परांठे को बेलते समय ध्यान रखे कि परांठे को अधिक दबाव देकर ना बेलें. अधिक दबाव पड़ने से परांठा फट सकता है.
Paneer Paratha Recipe | पनीर भरवां परांठा । Punjabi Paneer Paratha
कमेंट (7)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: मधु जी, बहुत बहुत धन्यवाद और रेसिपी कैसी बनी हमे जरूर बताइयेगा.
निशा: अजय जी, मेरी रेसिपी को पसंद करने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद.
Apke dwara bataye gye method se taste bahut badh jata hai
U r great
निशा: पवन जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: कुमकुम जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: निहारिका जी, बहुत बहुत धन्यवाद.