रसम पाउडर - Rasam Powder Recipe - How to Make Rasam Powder

दक्षिण भारतीय स्पेशल मसाला रसम पाउडर खासतौर पर रसम बनाने के लिए इस्तेमाल होता है. बाजार में यह आसानी से उपलब्ध है, परन्तु आप इसे अपने स्वादानुसार मसालों का कम या ज़्यादा प्रयोग करके घर पर भी सरलतापूर्वक बना सकते हैं. रसम पाउडर किसी भी सब्जी या दाल में ऊपर से डाल दीजिए, स्वाद अपने आप दुगुना हो जाएगा.
Read - Rasam Powder Recipe - How to Make Rasam Powder Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Rasam Powder Recipe
- साबुत धनिया - ½ कप
- करी पत्ते- 25 से 30
- हल्दी पाउडर - ½ छोटी चम्मच
- हींग - 2 से 3 पिंच
- मेथी दाने- ½ छोटी चम्मच
- काली मिर्च - 1 छोटी चम्मच
- जीरा - 2 छोटी चम्मच
- काली/ पीली सरसों के दाने - 1 छोटी चम्मच
- सूखी लाल मिर्च - 5 से 6
विधि - How to Make Rasam Powder
रसम पाउडर बनाने के लिए सबसे पहले मसालों को भून लीजिए. मसाले भूनने के लिए, गैस जलाकर पैन गरम कर लीजिए. इसमें साबुत धनिया, जीरा, मेथी के दाने और सरसों के दाने डाल दीजिए. इन मसालों को चलाते हुए बिल्कुल धीमी आंच पर हल्के से ब्राउन होने तक भून लीजिए.
फिर, इसमें काली मिर्च और सूखी लाल मिर्च डाल दीजिए और थोड़ी देर भून लीजिए. इन सभी मसालों को लगभग कुल 5 मिनिट भूना गया है. मसाले को एक प्लेट में निकाल लीजिए और ठंडा होने दीजिए.

इसके बाद, पैन में करी पत्ते डाल दीजिए और इनको क्रिस्पी होने तक भून लीजिए. करी पत्तों के भुनते ही, गैस बंद कर दीजिए और पैन में हल्दी पाउडर और हींग डाल दीजिए. इन सभी चीजों को भुने हुए साबुत मसालों में डाल कर मिक्स कर लीजिए और इन्हें ठंडा हो जाने दीजिए.
मसालों के ठंडा होने के बाद, इन्हें मिक्सर जार में डाल दीजिए और पीसकर हल्का दरदरा पाउडर बना लीजिए. पाउडर को एक प्लेट में निकाल लीजिए, रसम पाउडर तैयार है.
इस तीखे रसम पाउडर को रसम, सब्जी या दाल में डालकर इनके स्वाद को और भी बढ़ाइए.
कमेंट (2)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: संजु जी, रसम पाउडर को रसम बनाने के लिए उपयोग करते हैं. साथ ही इसे आप अन्य सब्जी में भी उपयोग कर सकते हैं.
निशा: मीनू जी, लाल मिर्च कम होने के कारण इसका कलर रैड नहीं है,