साबूदाने की खिचड़ी - Sabudana Khichdi Recipe for Vrat

साबूदाना खिचड़ी आम तौर पर व्रत उपवास में अधिक पसंद की जाती है. इसे बनाने में समय भी बहुत कम लगता है. उबले आलू, मूंगफली के दरदरे कुटे दाने इसके स्वाद को और भी कई गुना कर देते है. हम साबूदाना की खिचड़ी सिर्फ व्रत में ही नहीं, कभी भी हल्का फुल्के नाश्ते के रूप में भी बना सकते हैं.
Read - Sabudana Khichdi Recipe for Vrat In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Sago Khichdai
- साबूदाना - 1 कप (150 ग्राम)
- उबले आलू - 2 मीडियम आकार के
- घी या रिफाइन्ड तेल- 2-3 छोटी चम्मच
- जीरा - 1 छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच से कम
- हरी मिर्च - 1-2 बारीक कटी हुई
- काली मिर्च - 7-8 दरदरी कुटी हुई
- मूंगफली के दाने - 1/2 कप भुने हुये छिले हुये
- सैंधा नमक - 1 छोटी चम्मच
- हरा धनियां - 2-3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- नीबू - 1 छोटे आकार का
- विधि - How to make non sticky sabudana khichdi
साबूदाने को अच्छी तरह धो लीजिये, और 1/2 कप पानी डालकर साबूदाने को ढककर 5-6 घंटे या रात भर के लिये भिगो कर रख दीजिये. साबूदाने को चम्मच से चला कर अलग अलग कर दीजिये.
खिचड़ी बनाने के लिये नानस्टिक कढ़ाई लीजिये, घी डालिये और गरम होने दीजिए. गरम घी में जीरा डालकर भूनिये, हल्दी पाउडर, हरी मिर्च और काली मिर्च डाल दीजिये, मूंग फली के दाने डाल कर हल्का सा भून लीजिये, आलू डालकर मिलाइये, साबूदाने और नमक डालकर सारी चीजों को मिलाइये.

खिचड़ी को ढककर 2-3 मिनिट धीमी आग पर पकाइये, खिचड़ी को खोलिये और अच्छी तरह चला दीजिये. फिर से खिचड़ी को ढककर 2 मिनिट पका लीजिये, और अच्छी तरह चलायें, और फिर ढककर पकायें, खिचड़ी को साबूदाने के ट्रान्सपेरेन्ट होने तक पका लीजिये. 7- 8 मिनिट में खिचड़ी पककर तैयार हो जाती है.
खिचड़ी में थोड़ा सा हरा धनियां और नीबू का रस डाल डालकर मिला दीजिये. साबूदाने की खिचड़ी बनकर तैयार है, खिचड़ी को प्लेट में निकाल लीजिये और हरा धनियां डालकर सजाइये, गरमा गरम साबूदाने की खिचड़ी को परोसिये और खाइये.
सुझाव:
- काली मिर्च आपको न पसन्द हो तो बिना इसके खिचड़ी बना सकते हैं.
- खिचड़ी को व्रत के लिये नहीं बना रहे हैं, तब सैधा नमक की जगह सामान्य नमक प्रयोग कीजिये. इसके अतिरिक्त इसे हरीमिर्च या लाल मिर्च व बारीक कटी हुई शिमला मिर्च वगैरह मिला कर बनाईये, आपको बहुत पसंद आयेगी.
- 2-4 सदस्यों के लिये
- समय - 15 मिनिट
कमेंट (49)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: शालिनी जी, साबुदाने से पानी हटा कर साबूदाना बनाएं.
निशा: नीलू जी, इसमें टमाटर नहीं डालते हैं.
निशा: अमृता जी, आपको मेरी वेबसाइट और यूटयूब चैनल पर जाकर रैसिपी देख सकती हैं.
निशा: रोहित जी, साबूदाने को पानी में ही भिगायें, लेकिन पानी की मात्रा साबूदाने से आधा डालें, साबूदाने अच्छे भीग कर तैयार होंगे, टूटेंगे नहीं.
निशा: प्रियंका जी, अगर आप छोटे साबूदाने की खिचड़ी बना रही है, और पानी थोड़ा भी अधिक हो जाय तो वह चिपकी बनती है, साबूदाने को बताये गये तरीके से भिगायें, पानी की मात्रा नाप कर डालें, खिचड़ी खिली खिली बनेगी.
निशा: मीना जी, आप अपनी पसंद अनुसार सब्जियां उपयोग कर सकती हैं और उन्हें स्टर फ्राई करके उपयोग किया जा सकता है.
निशा: धर्मू जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: सुनीता जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा स्वाती जी, पानी की मात्रा ज्यादा होने से ऎसा होता है.
निशा: रविकांत जी, साबूदाना सागो प्लान्ट की जड़ों से स्टार्च निकाल कर बनाया जाता है.
Meri khicdi hamesa cipcipi banti h or h me tamater bhi dalti hu
निशा: वर्षा जी, खिचड़ी के लिये साबूदाना मीडियम वाला यूज कीजिये, साबूदाने को 2 बार धोइये, पानी निकाल दीजिये, अब जिस कप से साबूदाना नापकर लिया ही उसी कप से साबूदाने से आधा पानी नापकर डालकर, 6-7 घंटे या पूरी रात के लिये साबूदाने को भिगो दीजिये, साबूदाने को चम्मच चला कर फरेरा कीजिये और खिचड़ी बना लीजिये, अच्छी खिली खिली खिचड़ी बनकर तैयार हो जायेगी.
निशा: अनीता जी, सुझाव के लिए धन्यवाद.
निशा: सुनीता जी, मध्यम आकार का साबुदाना लीजिए.
निशा: अनामिका जी, मूंगफली और सूरजमुखी का रिफाइन्ड ओयल व्रत में यूज किया जाता है.
निशा: प्रिया जी, खा सकते हैं.