अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट - How to Make Ginger Paste and Green Chilli Paste

सुबह की भाग दोड़ में खाना बनाने में समय मैनेज करने में बहुत ही मुश्किल होती है. एसे में अगर अदरक और हरी मिर्च पेस्ट तैयार मिल जाय तो उनका सुबह का समय थोड़ा तो बचाया जा सकता है. अदरक और हरी मिर्च के पेस्ट को आसानी से बनाया जा सकता है.
Read : How to Make Ginger Paste and Green Chilli Paste in English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Ginger Paste and Green Chilli Paste
- अदरक - 100 ग्राम
- हरी मिर्च - 100 ग्राम
- तेल - 4 छोटी चम्मच
- नीबू का रस - 4 छोटी चम्मच
- नमक - 1 छोटी चम्मच
हरी मिर्च का पेस्ट - How to Make Green Chilli Paste
हरी मिर्च को अच्छी तरह से धोकर सुखा लीजिये. सारे हरी मिर्च के डंठल तोड़ लीजिये, अब इन हरी मिर्च को मिक्सर में डालकर बारीक पीस लीजिये. पेस्ट को प्याली में निकाल लीजिये. मिर्च के पेस्ट में आधा छोटी चम्मच नमक, 2 छोटी चम्मच तेल और 2 छोटी चम्मच नीबू का रस डाल कर अच्छी तरह मिक्स कर लीजिये. बस हरी मिर्च का पेस्ट तैयार है.
अदरक का पेस्ट - How to Make Ginger Paste and Green Chilli Paste
अदरक को अच्छी तरह से धोकर सुखा लीजिये. अदरक के ऊपर से चाकू से खुरच कर पतला छिलका छील कर निकाल दीजिये. अदरक के पेस्ट को 2 तरीके से बनाया जा सकता है, एक तो अदरक को बारीक कद्दूकस से कद्दूकस करके पेस्ट बना लीजिये.

दूसरा अदरक के छोटे छोटे टुकड़े चाकू से कीजिये और मिक्सर में पीस कर पेस्ट बना लीजिये, तो जैसे भी आसान लगे अदरक का पेस्ट बनाकर तैयार कर लीजिये. पेस्ट को प्याले में निकाल लीजिये, और आधा छोटी चम्मच नमक, दो छोटी चम्मच तेल और 2 छोटी चम्मच नीबू का रस डाल कर अच्छी तरह मिक्स कर लीजिये, अदरक का पेस्ट तैयार है.
अदरक और हरी मिर्च पेस्ट को एअर टाइट डिब्बे में भर कर फ्रिज में रख लीजिये और 8-10 दिन तक प्रयोग करते रहिये. पेस्ट को फ्रीजर में रखकर तो बहुत दिनों तक प्रयोग किया जा सकता है.
सुझाव:
अदरक मिर्ची की ही तरह लहसुन का पेस्ट (Garlic Paste) बनाया जा सकता है. लहसुन का पेस्ट बनाने के लिये 100 ग्राम लहसन की कली लीजिये, छीलिये और पीस कर पेस्ट को प्याले में निकाल लीजिये. आधा छोटी चम्मच नमक, 2 छोटे चम्मच तेल और 2 छोटे चम्मच नीबू का रस डालकर अच्छी तरह मिला दीजिये. एअर टाइट कन्टेनर में रखकर फ्रिज में रखिये, और इसे भी 8 - 10 दिन तक प्रयोग कीजिये.
कमेंट (31)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: शैला जी हां नीबू का रस आवश्यक है.