सूरन, जिमीकन्द या ओल की मसाला करी | Jimikand ki sabji | Oal ki sabji | Elephant Yam Curry
जिमिकन्द इसे सूरन, ओल या Elephant Yam भी कहते है.. यह पोटैशियम और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर होती है, जो पाचन को बेहतर बनाती है, वजन नियंत्रित रखने में मदद करती है और डायबिटीज व कोलेस्ट्रॉल को संतुलित रखने में सहायक है. स्वाद में भी यह एकदम खास और अलग होती है. इसे महीने में एक बार तो जरूर बनाना चाहिये
आवश्यक सामग्री - Ingredients
-
मुख्य सामग्री:
- जिमिकन्द (सूरन) – 300 ग्राम
उबालने के लिए:
- पानी – ¾ कप
- नमक – ½ छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर – ¼ छोटी चम्मच
- नींबू का रस – आधा नींबू
तलने और ग्रेवी के लिए:
- सरसों का तेल – 4 टेबल स्पून (कोई भी तेल चल जाएगा, लेकिन सरसों के तेल में ज्यादा अच्छी बनती है)
- जीरा – ½ छोटी चम्मच
- हींग – 1 चुटकी
- हल्दी पाउडर – ½ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 छोटी चम्मच
- टमाटर – 2
- अदरक – ½ इंच
- हरी मिर्च – 1
- देगी लाल मिर्च पाउडर – 3 छोटी चम्मच (तीखेपन के अनुसार कम-ज्यादा करें)
- दालचीनी – 1 इंच का टुकड़ा
- बड़ी इलायची – 1 (दाने छीलकर)
- लौंग – 2
- काली मिर्च – 4
- कसूरी मेथी – 1 टेबल स्पून (क्रश करके)
- दही – ¼ कप
- क्रीम/मलाई – ¼ कप (वैकल्पिक, ग्रेवी को रिच बनाने के लिए)
- पानी – 1 कप (ग्रेवी की गाढ़ाई के अनुसार)
- नमक – स्वादानुसार (लगभग ½ छोटी चम्मच से थोड़ा ज्यादा)
- हरा धनिया – थोड़ा सा
- नींबू का रस – 1 छोटी चम्मच (अंत में)
विधि - How to make
- जिमिकन्द काटने से पहले हाथों पर थोड़ा तेल लगा लें (संवेदनशील त्वचा वालों को खुजली हो सकती है). मोटा छिलका पूरी तरह छीलकर हटा दें और धो लें. फिर मध्यम आकार के टुकड़े काट लें.
- प्रेशर कुकर में ¾ कप पानी, ½ छोटी चम्मच नमक, ¼ छोटी चम्मच हल्दी और आधा नींबू का रस डालकर मिलाएँ. जिमिकन्द के टुकड़े डालें. कुकर बंद करके 1 सिटी आने तक उबालें. फ्लेम बंद कर कुकर ठंडा होने दें. टुकड़ों को बहुत ज्यादा नरम न होने दें, हल्का नरम रखें. पानी निकालकर छान लें.
- कढ़ाई में 4 टेबल स्पून सरसों का तेल गरम करें. जिमिकन्द के टुकड़े डालकर तेज आँच पर चारों तरफ से हल्का गुलाबी/ब्राउन होने तक तल लें. निकालकर अलग रख दें. तेल ज्यादा लगे तो थोड़ा निकाल लें.
- अब धीमी आँच पर बचे तेल में जीरा, हींग, हल्दी और धनिया पाउडर डालें. टमाटर, अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट बनाकर डालें. देगी मिर्च पाउडर, दालचीनी, बड़ी इलायची, लौंग और काली मिर्च डालें. क्रश की हुई कसूरी मेथी भी डालें. मसाले को तब तक भूनें जब तक तेल अलग न होने लगे.
- ¼ कप दही डालकर चलाते हुए 1-2 मिनट और भूनें. चाहें तो ¼ कप क्रीम या मलाई भी डाल सकते हैं. फिर से तेल अलग होने तक भूनें.
- 1 कप पानी और स्वादानुसार नमक डालें. तले हुए जिमिकन्द के टुकड़े और थोड़ा हरा धनिया डालें. ढककर धीमी आँच पर 4-5 मिनट पकाएँ ताकि मसाले टुकड़ों में अच्छी तरह समा जाएँ.
- दालचीनी का टुकड़ा निकाल लें. आखिर में 1 छोटी चम्मच नींबू का रस डालें (खटाई कम पसंद हो तो छोड़ सकते हैं). फ्लेम बंद करें.
सुझाव
-
जिमिकन्द की करी बनकर तैयार है. इसका टेक्सचर, कलर और खुशबू बहुत अच्छी आती है. इसे पूरी, पराठा, चपाती या चावल के साथ परोसें. बहुत टेस्टी लगती है और बनाने में भी ज्यादा मेहनत नहीं लगती. जरूर ट्राई करें और बताएँ कैसी लगी!
- जिमिकन्द के पोषक तत्व:
जिमिकन्द (सूरन) पोषक तत्वों से भरपूर सब्जी है. इसमें भरपूर मात्रा में पोटैशियम, फाइबर, आयरन, विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं. यह पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है, ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है और डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद माना जाता है. इसमें मौजूद फाइबर वजन कंट्रोल करने और कोलेस्ट्रॉल लेवल को संतुलित रखने में भी सहायक होता है. नियमित मात्रा में इसका सेवन सेहत के लिए लाभकारी हो सकता है.
विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
5.0 / 5 (1 रेटिंग)
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।