छेना पोडा रेसिपी | छेना पोडा - ओडीशा का छेना केक । Chhena Poda in pressure cooker

📅 26 जुलाई 2019 👁 53 हज़ार बार देखी गई 💬 0 कमेंट

छेना पोडा उड़ीसा की फेमस ट्रेडिशनल मिठाई। उड़ीसा का ये फेमस डिजर्ट बाहर से क्रिस्पी और अंदर से हल्का रसीला छेना इसके स्वाद में चार चांद लगा देता है। छेना पोडा को भगवान जगन्नाथ के प्रसाद के नाम से भी जाना जाता है। यह बहुत ही आसान रेसिपी है आप इसे ट्राई कीजिए ये रेसिपी आप को बहुत ही पसंद आएगी। 

आवश्यक सामग्री 

  • दूध- 1.5 लीटर 
  • नींबू- 3 
  • चीनी- ¾ कप 150 ग्राम
  • सूजी- 3 बड़ी चम्मच 40 ग्राम
  • घी- 2 बड़ी चम्मच 
  • किशमिश- ¼ कप 
  • काजू- ¼ कप 
  • इलायची- 4

विधि 

छेना पोडा बनाने के लिए सबसे पहले छेना बना लीजिए। छेना बनाने के लिए एक बर्तन में 1.5 लीटर दूध डाल कर उबाल लीजिए। दूध उबल रहा है तब तक ¼ कप काजू ले कर छोटे-छोटे टुकड़े काट लीजिए। 4 इलायची ले कर उसे छील कर उसके बीज को पीस लीजिए और 3 नींबू ले कर उसका रस अलग बर्तन में निकाल लीजिए। 

दूध में उबाल आ जाने पर गैस बंद कर दीजिए। नींबू का रस ले कर उसमें नींबू के जितना ही पानी मिला लीजिए और नींबू के रस को दूध में थोड़ा-थोड़ा डालते हुए दूध को चम्मच से चलाते हुए मिला लीजिए। दूध में नींबू तब तक ही डालिए जब तक की दूध फट ना जाए।

दूध के फट जाने पर उसे छान लीजिए और छेना को अलग कर लीजिए। अब छेना को अच्छे से मैश कर के नरम कर लीजिए। 

छेना के मैश हो जाने पर इसमें 3 बड़ी चम्मच सूजी, ¾ कप चीनी डाल कर 3-4 मिनट तक मलते हुए मिला लीजिए। सभी चीजो के अच्छे से मिल जाने पर उसे 15 मिनट के लिए रख दीजिए ताकि मिश्रण में डाली हुई सूजी फूल जाए। 

15 मिनट बाद मिश्रण में 2 बड़ी चम्मच घी, कटे हुए काजू, ¼ कप किशमिश और 4 इलायची के बीज का पाउडर डाल कर मिला लीजिए। छेना पोडा बनाने के लिए मिश्रण बन कर तैयार है। अब छेना पोडा को कुकर में बेक करने के लिए एक कुकर में ½  किलो नमक और जाली स्टैंड डाल कर ढक कर गर्म करने रख दीजिए। 

/images/chhena-poda-recipe.jpg

अब एक कंटेनर ले कर लीजिए और उसमें चारो तरफ घी लगा कर चिकना कर लीजिए। चिकने कंटेनर में बटर पेपर लगा कर उस पर हल्का सा घी लगा दीजिए और कंटेनर में छेना पोडा का मिश्रण डाल दीजिए। कंटेनर में मिश्रण डाल कर थप-थपा कर एक जैसा कर लीजिए। 

कुकर के गर्म हाे जाने पर कंटेनर को जाली स्टैंड में रख दीजिए और कुकर का ढक्कन लगा कर उसे मीडियम आंच पर 30 मिनट तक बेक कर लीजिए।

30 मिनट बाद छेना पोडा को चैक कीजिए अगर छेना पोडा ऊपर की आेर से हल्का गोल्डन ब्राउन नही हुआ इसका मतलब है वो अभी कच्चा है। छेना पोडा के कच्चे रह जाने पर उसे 15 मिनट मीडियम आंच से थोडा सी कम आंच पर और बेक कर लीजिए। 

15 मिनट बाद छेना पोडा के अच्छा गोल्डन ब्राउन हो जाने पर उसे कुकर से निकाल लीजिए और ठंडा होने रख दीजिए । छेना पोडा के ठंडा हो जाने पर उसे एक प्लेट में निकाल लीजिए और ऊपर से बटर पेपर को हटा दीजिए। छेना पोडा बन कर तैयार है। ये उड़ीसा की फेमस मिठाई है इसे भगवान जगन्नाथ के प्रसाद के नाम से भी जाना जाता है।

सुझाव

  • दूध को आप नींबू की जगह सिरके से भी फाड़ सकते हैं। 
  • छेना में से निकला हुआ वे वाटर से आप आटा गूंथ कर या दाल में डाल कर इस्तेमाल का सकते है ये स्वास्थ्य के लिए काफी अच्छा होता है। 

Chhena Poda Recipe | छेना पोडा - ओडीशा का छेना केक । Chhena Poda in pressure cooker

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (0)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।