भावनगरी गांठिया । Bhavnagari Gathiya | How to make Bhavnagari Gathiya

लंबे समय तक चलने वाले बहुत ही प्रसिद्ध भावनगरी गठिया, दिन में किसी भी समय का लाइट स्नैक्स.
Read- Bhavnagari Gathiya | How to make Bhavnagari Gathiya
आवश्यक सामग्री- Ingredients for Bhavnagari Gathiya
- बेसन- 2 कप (250 ग्राम)
- तेल- ½ कप (100 ग्राम) और तलने के लिए
- बेकिंग सोडा- ½ छोटी चम्मच
- काली मिर्च- 1.5 छोटी चम्मच (दरदरी कुटी हुई)
- अजवायन- 1 छोटी चम्मच
- नमक- 1.5 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- हींग- 1 पिंच
विधि - How to make Bhavnagari Gathiya
भावनागरी गठिया बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े प्याले में बेसन लीजिए. बेसन गूंथने के लिए पैन में तेल डालकर गरम कर लीजिए. गरम तेल में नमक और बेकिंग सोडा डालकर मिला लीजिए.इस तेल को बेसन में डाल दीजिए. साथ ही हाथ से मसलकर अजवायन, हींग और दरदरी कुटी काली मिर्च भी डाल दीजिए. सारी सामग्रियों को अच्छे से मिला लीजिए.
इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर बहुत ही नरम आटा लगाकर तैयार कर लीजिए. आटे को हाथ या चम्मच दोनों से ही गूंथा जा सकता है. इतना आटा लगाने में ¾ कप पानी का उपयोग हुआ है. आटे को कुल 10 मिनिट फैंट-फैंटकर तैयार किया है. गांठिया तलने के लिए कढ़ाही में तेल गरम करने के लिए रख दीजिए.

सेव मशीन लीजिए. इसमें मोटे सेव वाली जाली लगाकर सैट कर दीजिए. हाथ को थोड़े से तेल से चिकना कर लीजिए और थोड़ा सा गुथा बेसन लेकर इसे लंबाई में आकार देते हुए मशीन में डाल दीजिए. मशीन को बंद कर लीजिए.
तेल गरम होने पर इसे चैक कर लीजिए. गांठिया तलने के लिए तेल मध्यम तेज गरम और आंच मध्यम चाहिए. गरम तेल में मशीन से गांठिया बनाकर डाल दीजिए. जब तेल में झाग कम हो जाएं, तब गांठिया को पलट दीजिए.
सिके हुए गांठिया को कलछी पर कढ़ाही के किनारे थोड़ी देर रोक लीजिए और फिर, प्लेट में निकाल लीजिए. सारे गांठियां इसी तरह से बनाकर तैयार कर लीजिए. एक बार के गांठियां तलने में 2 मिनिट लग जाते हैं.
क्रिस्पी और टेस्टी भावनगरी गांठिया तैयार हैं. इनको पूरी तरह से ठंडा होने के बाद तोड़कर किसी भी एअर टाइट कन्टेनर में भरकर रख लीजिए और पूरे 2 से 3 महीने तक खाते रहें.
सुझाव
- बेसन को पकौड़े के घोल की तरह पतला ना करें और ना ही ज्यादा सख्त लगाएं. इसे चपाती के आटे से भी नरम तैयार करें.
- गांठिया तलते समय ध्यान रखें कि तेल मध्यम तेज गरम हो और आंच भी मध्यम हो.
Bhavnagari Gathiya | भावनगरी गांठिया । How to make Bhavnagari Gathiya
कमेंट (4)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
Humre yahan sev banane walli machine nhi hai kya koi aur method hai jisae yeh ban jaye