सूजी के वड़े - Instant Rava Vada Recipe - Semolina Vada - Sooji Vada

जब भी कभी तुरत फुरत वडा बनाने की इच्छा हो तो सूजी से बने वडे बना डालिये. दाल वडा की अपेक्षा इन्हें बनाने में समय कम लगता है और बाहर से करारे और अंदर से नरम सूजी वडा का स्वाद भी लाजबाव होता है.
Read - Instant Rava Vada Recipe - Semolina Vada - Sooji Vada Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Semolina Vada
- सूजी- 1 कप (180 ग्राम)
- दही- ¾ कप (150 ग्राम)
- हरा धनिया- 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- अदरक का टुकड़ा- 1 इंच (बारीक कटा हुआ)
- हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)
- नमक- ¾ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- बेकिंग सोडा- ¼ छोटी चम्मच से कम
- तेल- वड़े तलने के लिए
विधि - How to make instant Sooji Vada
सूजी के वड़े बनाने के लिए सबसे पहले बैटर तैयार कर लीजिए. इसके लिए, एक बड़े प्याले में सूजी और दही डाल दीजिए. दोनों सामग्री को अच्छे से मिक्स कर लीजिए. इसके बाद, सूजी-दही के मिश्रण में अदरक, हरी मिर्च, नमक डाल दीजिए. सभी मसालों को मिश्रण में अच्छे से मिक्स कर लीजिए.
बैटर में थोड़ा सा पानी मिला लीजिए. बैटर एकदम उड़द की दाल से बनने वाले वड़ों के बैटर जितनी गाढ़ी कन्सिस्टेन्सी का बनना चाहिए. बैटर को 10 से 15 मिनिट के लिए ढककर रख दीजिए ताकि सूजी फूल जाए.
10 मिनिट बाद, सूजी फूल चुकी है. इसमें हरा धनिया और बेकिंग सोडा डालकर मिला लीजिए. बैटर हल्का सा गाढ़ा है, इसमें 1 छोटी चम्मच पानी डाल दीजिए. वड़े बनाने के लिए बैटर तैयार है. (इस पूरे बैटर में तकरीबन 2 से 3 टेबल स्पून पानी का इस्तेमाल हुआ है.)
कड़ाई में वड़ों को तलने के लिए पर्याप्त मात्रा में तेल डालकर गरम कर लीजिए. तेल चैक करने के लिए, कड़ाई के थोड़ा ऊपर हाथ रखकर देखिए, अच्छे से ताप आ रही हो, तो तेल अच्छे से गरम हो गया है. अब, आंच मध्यम कर लीजिए.
वड़े दो तरह से बनाए जा सकते है. पहले तरीके के लिए, हाथ पर थोड़ा सा पानी लगाकर गीला कर लीजिए और चम्मच से बैटर उठाकर हाथ पर निकालिए और इसे गोल करके बीच में अंगूठे से मोटा छेद कर दीजिए. वड़े को फ्राय होने के लिए, कड़ाई में डाल दीजिए.

दूसरे तरीके से वड़े बनाने के लिए, एक कटोरी को कपड़े से पूरा ढक लीजिए और पीछे की ओर से कसके कपड़े को कटोरी समेत पकड़ लीजिए. इस कपड़े पर पानी लगा लीजिए. फिर, इस पर 1 से 2 छोटी चम्मच बैटर रखिए. (वड़े अपनी पसंदानुसार छोटे या बड़े बना सकते हैं.) इसे हाथ से गोलाकार कर लीजिए और बीच में उंगली से छेद कर दीजिए. इसे सावधानी कपड़े से उतारकर दूसरे हाथ में रखिए और फिर, कड़ाई में तलने डाल दीजिए. (इस तरीके से वड़े बनाना ज्यादा आसान है.) जैसे ही वड़ा नीचे की ओर से सिक जाए, वैसे ही इसे पलटकर दूसरी ओर तलने दीजिए. इसी तरह से वड़े बनाकर कड़ाई में तलने डाल दीजिए. वड़ों को पलट-पलट कर अच्छे गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए.
वड़े गोल्डन ब्राउन होकर तैयार हो गए हैं, इन्हें नैपकिन बिछी प्लेट में निकाल लीजिए. वड़ों को निकालते समय, इन्हें कलछी में कड़ाई के किनारे पर तिरछा करके रखिए ताकि इनमें से अतिरिक्त तेल कड़ाई में ही वापस चला जाए. इसी प्रकार, बाकी वड़े भी बनाकर व तलकर प्लेट में निकाल लीजिए. इतने बैटर में 7 वड़े बने हैं.
गरमागरम सूजी के वड़े बनकर तैयार हैं. बाहर से करारे और अंदर से नरम, इन सूजी के वड़ों को हरे धनिये की चटनी और मूंगफली के दानों की चटनी के साथ परोसिए और चाव से खाइए.
सुझाव
बैटर बनाते समय ध्यान रखें कि बैटर बहुत ज्यादा पतला या बहुत ज्यादा गाढ़ा न हो.
कमेंट (38)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: प्रमोद जी, अगर बैटर सही तरीके से बनाया जाए और वड़े को ठीक आकार दिया जाए, तो ये कड़ाई में नही बिखरते.
निशा: मंजू जी, धन्यवाद.
निशा: ऋतु जी, आपको भी मेरी ओर से बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: संगीता जी, स्नेह और सम्मान के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद.
Mam mai jb ye bade bnati hu to vo bhut kade ho jate h, jbki mai to 1 hour tk bhiga kr rkhi thi..
निशा: मीनू जी, बहुत बहुत धन्यवाद, दाल को हल्का दरदरा रखें, और अच्छी तरह फैंटे, अगर दाल गाढ़ी हो तो उसमें थोड़ा सा पानी मिलायें.
I will try it .thank you so much for share this recipe
निशा: नूतन जी, आप रैसिपी बनाइए और अपने अनुभव हमारे साथ ज़रूर शेयर कीजिए.
निशा: राहुल जी, धन्यवाद.