मसाला उड़द दाल - Urad Dal tadka Dhaba Style - Mah Dal Tadka

📅 20 फरवरी 2016 👁 4.3 लाख बार देखी गई 💬 36 कमेंट ★ 3.6 (3961)


उड़द दाल तड़का अधिकतर उत्तर भारत में बनाई जाती है. साबुत मसालों को ताजा कूट कर बनाई उरद दाल, हींग और साबुत लाल मिर्च के तड़के के साथ खासकर उत्तर भारत के ढाबे की बहुतायत में परोसी जाती है.

Read -  Urad Dal tadka Dhaba Style - Mah Dal Tadka

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Urad Dal Masala

  • उड़द दाल -1/2 कप (100 ग्राम)
  • टमाटर - 1 पेस्ट
  • हरी मिर्च - 1 पेस्ट
  • अदरक पेस्ट - ½ छोटी चम्मच
  • अदरक - ½ इंच टुकडा़ (बारीक कटा हुआ)
  • हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून (बारीक-बारीक कटा हुआ)
  • करी पत्ता - 8-10
  • जीरा - 1/2 छोटी चम्मच
  • हींग - 1 पिंच
  • हल्दी पाउडर - 1/2 छोटी चम्मच
  • धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
  • गरम मसाला - 1/4 छोटी चम्मच से कम
  • लाल मिर्च पाउडर - एक चौथाई छोटी चम्मच
  • साबुत लाल मिर्च - 2
  • दालचीनी- 1/2 इंच टुकडा़
  • बडी़ इलायची - 1
  • लौंग - 2
  • काली मिर्च - 10
  • घी - 2-3 टेबल स्पून

विधि - How to make Urad ki dal

उड़द की दाल को साफ करके, धोकर ले लीजिये.
टमाटर हरी मिर्च को धोकर साफ करके मिक्सर जार में डाल कर पेस्ट बना लीजिए.
बडी़ इलायची को छीलकर इसके बीज निकाल लीजिए. अब इन बीजों को, काली मिर्च और लौंग को दरदरा कूट कर ले लीजिए.

कुकर में 1-2 टेबल स्पून घी डालकर गरम होने दीजिए. घी गरम होने पर जीरा डाल कर भून लीजिए, हींग, दरदरे कुटे मसाले, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और करी पत्ता डालकर मसालों को कलछी से अच्छी तरह से मिलाते हुए भून लीजिए. इसके बाद इसमें टमाटर हरी मिर्च का बनाया हुआ पेस्ट, अदरक का पेस्ट और बारीक कटा हुआ अदरक डाल कर तब तक भूनें जब तक की मसाले से घी न अलग होने लगे.

मसाले से घी अलग होने लगे तब उड़द दाल डालकर दाल को मसाले के साथ 1 मिनिट भून लीजिए. अब 2 कप पानी और नमक डालकर मिला लीजिए. कुकर को बंद कर दीजिए. कुकर में एक सीटी आने के बाद, आंच को धीमी कर दाल को 2 मिनट तक पकने दीजिए. गैस को बंद कर दीजिए.

कुकर से जब सारी भाप निकल जाए तब कुकर का ढक्कन खोल दीजिए. अब गरम मसाला और बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालकर मिला दीजिए. दाल खाने के लिये तैयार है, लेकिन दाल को और ज्यादा स्वादिष्ट बनाने के लिये दाल में ऊपर से एक और तड़का डाल सकते हैं.

छोटी कढ़ाई में 2 छोटे चम्मच घी डाल कर गरम कीजिये, गरम घी में चौथाई छोटी चम्मच जीरा और साबुत लाल मिर्च डाल कर हल्का सा भून लीजिए. इस तड़के को दाल के ऊपर डालकर सजाइये और हरा धनिया डालकर इसकी गार्निश कर दीजिए. स्वादिष्ट मसाला उड़द दाल बन कर तैयार है आप इसे चपाती, चावल, नॉन या किसी के भी साथ परोसिये और खाईये.

सुझाव:

  • दाल को आप अपनी पसंद अनुसार गाढी़ या पतली बना सकते हैं.
  • 3-4 सदस्यों के लिए
  • समय - 20 मिनिट

Urad Dal tadka Recipe

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.6 / 5 (3961 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (36)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

Nirmal
नमस्ते आंटी जी
आप बहुत ही अच्छी तरह से रेसीपी बनाना बताती है
आपका बहुत बहुत धन्यवाद

निशा: निर्मल जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
Shivajee Raut
Thank u Nisha Ji for the recipe. Please, add printable version of your recipes so that we can print only portion which needed.
Neerja Saxena
very nice tadka Nisha ji. Urad ki dhooli hui dal leni hai ya chilke wali.

निशा: निरजा जी, उड़द की धुली हुई दाल लेनी है.