साबुत मूंग के लड्डू Green Moong Ladoo with Jaggery

सर्दी के मौसम के लिए खास आज हम बनाने जा रहे हैं साबुत मूंग के लड्डू. ये बहुत ही कम सामग्री में जल्दी बनकर तैयार हो जाएँगे. इन्हें चीनी के साथ नहीं गुड़ के साथ बनाएँगे. इन्हें सर्दी के मौसम में बनाएं ये आपको और आपके परिवार को सर्दी में बिमारी से बचाएँगे. तो आप भी इस आसान विधि के साथ ये लड्डू बनाएं और अपने परिवार के साथ इसके स्वाद का आनंद लें.
साबुत मूंग के लड्डू के लिए आवश्यक सामग्री Ingredients for Green Moong Ladoo
हरी मूंग या हरी मूंग दाल - Green Grams - 1 कप (200 ग्राम)
गुड़ - Jaggery - 160 ग्राम
घी - Desi Ghee - 4-5 बड़े चम्मच
बादाम कतरन - Almond Flakes - ¼ कप
काजू - Cashew - 8-10, कटी हुई
इलायची - Cardamom - 4, दरदरी कुटी हुई
मूंग का आटा बनाने की विधि Process of making Moong Flour
पेन में 1 कप मूंग डाल कर मीडियम फ्लेम पर लगातार चलाते हुए भूनिए. इन्हें हल्का सा रंग बदलने तक भूनना है, भुन जाने पर इन्हें निकाल कर ठंडा होने दीजिए. ठंडा होने पर मिक्सर जार में भुनी हुई मूंग डाल कर एकदम हल्का दरदरा होने तक पीसिए. इस तरह मूंग दाल का आटा बनकर तैयार हो जाएगा.
गुड़ का सिरप बनाने की विधि Process of making Jaggery Syrup
पेन में 160 ग्राम गुड़ और 2 बड़े चम्मच पानी डाल कर लो फ्लेम पर गुड़ को घुलने तक पकाएं. इन्हें थोड़ी-थोड़ी देर में चलाते हुए पकाना है. गुड़ के पूरी तरह घुल जाने पर सिरप बनकर तैयार हो जाएगा, फ्लेम बंद करके इसे ठंडा होने दीजिए.
लड्डू के लिए मिश्रन बनाने की विधि Process of making Mixture for Ladoo
पेन में 2 बड़े चम्मच घी डाल कर गरम कीजिए. गरम घी में मूंग दाल का आटा डाल कर लो-मीडियम फ्लेम पर इसे लगातार चलाते हुए 2 मिनट भूनिए. याद रखिए आटे को हल्का रंग बदलने तक ही भूनना है. अगर आटा सूखा लगे तो इसमें 2 बड़े चम्मच घी और डाल दीजिए.
2 मिनट भून लेने पर इसमें 8-10 बारीक कटे हुए काजू और ¼ कप बादाम कतरन डाल कर मिलाते हुए 2 मिनट भूनिए. समय पूरा होने पर फ्लेम बंद करके इसमें 4 दरदरी कुटी इलायची डाल कर अच्छे से मिलाएं. इसे बाउल में निकाल लीजिए.
गुड़ के सिरप को छानते हुए मिश्रन में डाल कर अच्छे से मिलाएं. इस तरह लड्डू बनाने के लिए मिश्रन बनकर तैयार हो जाएगा.
लड्डू बनाने की विधि Process of making Ladoo
हाथ पर थोड़ा घी लगा कर जितने बड़े या छोटे लड्डू बनाना चाहें उतना मिश्रन उठाएं. इन्हें गोल करते हुए बांधिए, सभी लड्डू इसी तरह बांध लीजिए. इस तरह साबुत मूंग के लड्डू बनकर तैयार हो जाएँगे. इन्हें परोसिए और इनके स्वाद का आनंद लीजिए.
सुझाव Suggestions
मूंग दाल को लो-मीडियम फ्लेम पर लगातार चलाते हुए भूनना है.
गुड़ का सिरप बनाने के लिए पानी नाप कर डालना है.
मूंग दाल को एकदम आटे के जैसा बारीक करना है.
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।