टिप्स और ट्रिक के साथ बनाएं समोसे । Tips and Tricks for Street Style Samosa

📅 18 मार्च 2019 👁 59.7 हज़ार बार देखी गई 💬 8 कमेंट ★ 2.8 (8)

समोसे को इन टिप्स से बनाएं समोसे बनाने में कैसी भी प्रॉब्लम नहीं आएगी और आप स्वादिष्ट समोसों का मजा उठा सकेंगे. 

आवश्यक सामग्री - - Ingredients for Tips and Tricks for Street Style Samosa

समोसे का आटा तैयार करने के लिये : 

मैदा - 2 कप (250 ग्राम)

अजवायन - 1/2 छोटी चम्मच

तेल - 4 टेबल स्पून (60 ग्राम)

नमक - 1/2 छोटी चम्मच

स्टफिंग के लिये

उबले आलू - 4 (400 ग्राम)

हरे मटर के दाने - 1/2 कप

हरा धनिया- 2-3 टेबल स्पून

हरी मिर्च - 2-3 बीज निकाल कर बारीक कटी हुई.

अदरक - 1 इंच टुकड़ा कद्दूकस किया हुआ (1 छोटी चम्मच पेस्ट)

धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच

जीरा पाउडर - 1/2 छोती चम्मच

अमचूर पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच

लाल मिर्च पाउडर - 1/2 छोटी चम्मच

गरम मसाला - 1/2 छोटी चम्मच

नमक -  3/4 छोटी चम्मच या स्वादानुसार

तेल - समोसे तलने के लिए

विधि - How to make Tips and Tricks for Street Style Samosa

समोसे के लिये सबसे पहले आटा गूंथ कर तैयार कीजिये, इसके लिए मैदा को किसी बड़े प्याले में निकाल लीजिए. मैदा में नमक, अजवायन को क्रश करके डाल दीजिये और तेल डाल कर सारी चीजों को मिक्स कर लीजिये. आटे में थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुये सख्त आटा गूथ कर तैयार कर लीजिये, (इतना आटा गूथने के लिए 1/2 कप पानी लिया था जिसमें से 2 टेबल स्पून पानी बच गया है). गुथे आटे को ढककर 15-20 मिनिट के लिए रख दीजिये, आटा फूल कर सैट हो जायेगा. जब तक आटा सैट होता है, तब तक समोसे में भरने के लिये स्टफिंग तैयार कर लीजिये.

tips tricks samosa recipe

स्टफिंग तैयार कीजिये

पैन में 1 टेबल स्पून तेल डालकर गरम कीजिये, तेल में बारीक कटी हुई हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ अदरक डाल कर हल्का सा भून लीजिए. अब मटर के दाने डालिये मिक्स कीजिए और इनमें 1 टेबल स्पून पानी डाल कर इन्हें ढक दीजिए और 2 मिनिट धीमी आंच पर पकने दीजिए. 2 मिनिट बाद मटर नरम होकर तैयार हैं. इनमें आलू को छीलकर छोटा छोटा तोड़ कर डाल दीजिए, साथ में 3/4 छोटी चम्मच नमक, धनियां पाउडर, जीरा पाउडर,   गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर और अमचूर पाउडर डाल कर अच्छी तरह मिक्स होने तक भून लीजिये. स्टफिंग तैयार है, स्टफिंग में थोड़ा सा हरा धनिया डाल कर मिक्स कीजिए. स्टफिंग को प्याले में निकाल लीजिये.

समोसे बनाइये

20 मिनिट बादा आटा सैट होकर तैयार है. समोसे के आटे को मसल-मसल कर चिकना कर लीजिये, आटे में से छोटी-छोटी लोई तोड़ लीजिये, 1 लोई उठाएं और पेड़े जैसा गोल कीजिए अब इसे चकले पर रखिये और बेलन से पतला बेल लीजिये. बेली हुई इस पूरी को बीच से लम्बाई में 2 भागों में काट कर बांट लीजिये. एक भाग को उठाकर  हाथ पर रखिये, कटे हुये किनारे के आधे भाग पर उंगली से पानी लगाइये. दूसरे आधे भाग को उसके ऊपर रखते हुये कोन बना लीजिये. कोन में स्टफिंग भरिये, समोसे को ऊपर से आधा इंच खाली रहने दीजिये, खाली भाग में अन्दर की ओर उंगली से पानी लगाइये. पीछे की ओर एक प्लेट डाल दीजिये, अब दोनो किनारे मिलाकर चिपका दीजिये, तैयार समोसे को प्लेट में रख दीजिये. सारे समोसे भरकर बनाकर तैयार कर लीजिये.

तैयार किए हुए समोसों को 1 घंटे के लिए ऎसे ही रख दीजिए ये खुश्क होकर तैयार हो जाएंगे इसके बाद इन्हें तलिए.

tips tricks samosa recipes

समोसे को तलने के लिये कढ़ाई में तेल डालकर गरम कीजिये. तेल गरम हुआ है इसके लिए थोड़ा सा आटा तेल में डाल कर देखें आटा हल्का सिक रहा है तो तेल समोसे तलने के लिए एकदम सही गरम है. हलके गरम तेल में 4 - 5 या जितने समोसे कढ़ाई में एक बार में आ जायं डाल दीजिये, धीमी आग पर समोसे 5-6 मिनिट सिकने दीजिए. इसके बाद आंच को मीडियम कीजिए और समोसे को पलट-पलट कर गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिये. समोसे अच्छे से तल कर तैयार हैं. इन्हें तेल में से निकाल कर कढा़ई के किनारे पर रोक लीजिए जिससे की इनमें से अतिरिक्त तेल निकल कर कढा़ई में वापिस चला जाए. तले समोसे प्लेट में बिछे नैपकिन पेपर पर निकाल कर रखिये.

अगले बैच के समोसे तलने के लिए तेल को थोड़ा ठंडा होने दीजिए गैस बंद कर दीजिए.  2 मिनिट बाद गैस आन कीजिए समोसे तलने के लिए तेल में डाल दीजिए और पहले बताए हुए तरीके से समोसे तल कर तैयार कर लीजिए सारे समोसे इसी तरह से तल कर तैयार कर लीजिए.

गरमा गरम टमाटर सॉस, मीठी चटनी या हरे धनिये की तीखी चटनी के साथ परोसिये और खाइये.

सुझाव:

1 - आटे में मोयन क्यों डालते हैं.

आटे में मोयन डालने से समोसे की परत क्रिस्पी और टेस्टी बनती है.

मोयन कितना डालें.

1 कप मैदा हो तो 2 टेबल स्पून तेल डालें. यानी की 125 ग्राम मैदा लिया है तो 30 ग्राम मोयन डाला जाएगा.

मोयन के लिए कोई भी तेल और घी का उपयोग कर सकते हैं.

2 - समोसे का आटा  सख्त लगाये. नरम आटा नहीं गुंथना है. अगर हम नरम आटा गूंथेंगे तो समोसे के उपर बबल आ जाएंगे और अगर बहुत ज्यादा सख्त गुंथेंगे तो समोसे बेलते समय दिक्कत होगी और समोसे की परत भी मोटी बनेगी.

3 - आटे को सैट होने के लिए क्यों रखते हैं

आटा के कण अच्छे से फूलकर तैयार हो जाएं और आटा अच्छे से बेल सकें. अगर आटे को गुंथने के तुरंत बाद ही पूरी बेलने के लिए उपयोग करें तो पूरी फटी-फटी सी बेल कर तैयार होंगी और अच्छी नही बनेंगी.

आटे को गुंथने के बाद फ्रिज में रख कर अगले दिन भी समोसे बनाने के लिए यूज किया जा सकता है.

4 - समोसे तलते समय शुरुआती 5 मिनिट कम गरम तेल में डाल कर ही तलें.  

5 - समोसे तलने के कुछ देर बाद नरम क्यों हो जाते हैं

समोसे के लिए जो स्टफिंग बनाई जाती है उसे अच्छे से भून नहीं जाए तो उसकी नमी खत्म नहीं होती और समोसे की परत वो नमी सोख कर नरम हो जाती है. इसलिए स्टफिंग को अच्छे से नमी खत्म होने तक भूनना चाहिए.

6 - समोसे तलते समय खुल क्यों जाते हैं

समोसे को पानी लगा कर अच्छे से चिपकाया न गया हो तो समोसे खुल सकते हैं. समोसे को तलने के लिए डालने के बाद 5-6 मिनिट बिलकुल भी छेड़ें नहीं इन्हें ऎसे ही सिकने दीजिए ये फटेंगे नहीं.

7 - समोसे में बबल क्यों आते हैं.

समोसे में नमी होने के कारण बबल्स आ जाते हैं. समोसे तलते समय समोसे की नमी भाप बन कर बाहर आने पर समोसे पर बबल आ जाते हैं. समोसे पर बबल नहीं आएं इसके लिए तीन बातों का ध्यान रखें.

1 - समोसे के लिए आटा सख्त लगाएं.

2 - समोसे को भर कर तैयार कर लेने के बाद 1-2 घंटे के लिए ऎसे ही रहने दीजिए जिससे समोसे की उपरी परत खुश्क हो जाएगी.

3 - समोसे को कम गरम तेल में तलें

  • समोसे के लिए कोई सा भी तेल जैसे सरसों, मूंगफली या रिफाइंड तेल ले सकते हैं. समोसे को घी में भी तल सकते हैं.
  • समोसे के लिए आलू को तोड़ कर ही स्टफिंग में डालते हैं.अगर आलू को कद्दूकस करके उपयोग करेंगे तो स्टफिंग अच्छी नहीं बनेगी.
  • समोसा गुंथने के लिए सर्दी के मौसम में गुनगुने पानी ले सकते हैं. अगर मौसम सामान्य हो तो नार्मल पानी ले सकते हैं.

7 टिप्स जिनसे समोसे बनाने में कैसी भी प्रॉब्लम नहीं होगी । Tips and Tricks for Street Style Samosa

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
2.8 / 5 (8 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (8)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

faiz
thanks for this recipe with tricks
NishaMadhulika
बहुत बहुत धन्यवाद faiz
yammi
NishaMadhulika
बहुत बहुत धन्यवाद
aarohi
टिप्पणीnice
NishaMadhulika
बहुत बहुत धन्यवाद aarohi
vandana
nisha ji kai sabji ki recipe share Kate plzzz
NishaMadhulika
vandana जी, आप मेरी वेबसाइट और यूट्यूब चैनल पर जाकर सभी रेसिपी आसानी से देख सकती हैं.