कच्चे केले की खस्ता मसाला पूरी | Raw Banana Masala Poori 

📅 28 सितंबर 2018 👁 41.8 हज़ार बार देखी गई 💬 10 कमेंट ★ 2.2 (11)

कच्चे केले की मसाला पूरी बनाएं और रायते, मटर पनीर या किसी भी अन्य सब्जी के साथ सर्व कीजिए, आपको इसका स्वाद बहुत पसंद आएगा.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Raw Banana Masala Poori 

गेहूं का आटा - 1.5 कप (225 ग्राम)

कच्चा केला - 6 (500 ग्राम)

हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून

हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)

हल्दी पाउडर - ½  छोटी चम्मच

लाल मिर्च पाउडर - ¼ छोटी चम्मच

अजवायन - ½ छोटी चम्मच

नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार

तेल - पूरी तलने के लिए

विधि - How to make Raw Banana Masala Poori 

कच्चे केले को पानी से धोकर कुकर में डाल दीजिए और साथ ही थोड़ा सा पानी डाल कर कुकर में 1 सीटी आने तक पका लीजिए. इसके बाद कुकर का प्रैशर खत्म होने के बाद केलों को कुकर से निकाल लीजिए और केले को छीलकर ले लीजिए.

छीले हुए केले को कद्दूकस कर लीजिए इन्हें चारों ओर से कद्दूकस करके इनके बीच का काला भाग(पार्ट) हटा लीजिए.

प्याले में आटा निकाल लीजिए और इसमें कद्दूकस किया हुआ केला डाल दीजिए. साथ ही इसमें बारीक कटा हरा धनिया, बारीक कटी हरी मिर्च, लल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और अजवायन डाल कर सभी को अच्छे से मिक्स कर लीजिए. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए पूरी के लिए सख्त आटा गूंथकर तैयार कर लीजिए. (इतनी मात्रा का आटा गुंथने में 1/2 कप पानी का उपयोग हुआ है.) आटे को ढककर 20 से 25 मिनिट के लिए रख दीजिए ताकि आटा फूलकर सैट हो जाए.

20 मिनिट में आटा सैट होकर तैयार है. हाथों पर थोड़ा सा तेल लगाइए और आटे को मसल-मसल कर चिकना कर लीजिए. आटे को चिकना करने के बाद, इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़कर लोइयां बना लीजिए. इन्हें बनाने के लिए, पहले लंबाई में आटे को बढ़ा लीजिए और फिर छोटे आकार की लोइयां तोड़ते जाइए. (लोइयों का साइज छोटा या बड़ा अपनी इच्छानुसार रख सकते हैं )

कढ़ाई में पूरियां तलने के लिए पर्याप्त मात्रा में तेल डालकर गरम होने भी रख दीजिए.

raw banana masala poori recipe

एक लोई उठाकर हथेलियों से मसल लीजिए. इसे गोल-गोल करते हुए थोड़ा सा दबाकर चिकना पेड़ा तैयार कर लीजिए.  इसी तरह, सभी लोइयों को गोल और बाद में, हल्का सा चपटा करके पेड़े बना लीजिए. तैयार पेड़ों को ढककर रख दीजिए जिससे कि ये सूखे नहीं.

बेलन और चकले पर थोड़ा सा तेल लगाकर चिकना कर लीजिए. एक पेड़ा उठाकर चकले पर रख लीजिए. इसे पूरी के जैसा पतला बेलकर बना लीजिए. ( पूरी को किनारे से बेलिए, ताकि पूरी बीच में से पतली और किनारों से मोटी न रह जाए. पूरी एक जैसी बेली हुई होनी चाहिए.)

जब तक पूरी बेलकर तैयार हुई, तब तक तेल भी गरम हो गया है. इसे चैक करने के लिए, थोड़ा सा आटा तोड़कर गरम तेल में डाल दीजिए. अगर यह तैरकर ऊपर आ जाए, तो तेल अच्छे से गरम हो चुका है. अब, कढा़ई में पूरी डाल दीजिए. इसे फुलाने के लिए कलछी से हल्का सा दबा-दबा कर सेक लीजिए. पूरी को पलट-पलट कर गोल्डन ब्राउन होने तक फ्राय कर लीजिए.

जब तक यह पूरी तलकर तैयार हो, तब तक बिल्कुल पहले वाली पूरी की तरह ही दूसरी पूरी भी बेल लीजिए. बीच-बीच में, कढा़ई में सिक रही पूरी को चैक करते रहिए. दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन होने के बाद, पूरी को एक प्लेट में निकाल लीजिए. (पूरी को प्लेट में निकालते समय पूरी को कलछी पर तिरछा करके कड़ाई के किनारे पर रखिए ताकि पृ्री से अतिरिक्त तेल कड़ाई में ही निकल जाए.)  इसी प्रकार सभी पूरियों को बेलकर व तलकर तैयार कर लीजिए. गरम-गरम केले केले की मसाला पूरियां बनकर तैयार हैं. इतने आटे से लगभग 18 पूरियां बन कर तैयार हो जाती हैं.

स्वाद से भरपूर गरमागरम कच्चे केले की मसाला पूरियों को दही, रायता, चटनी, अचार या अपनी मनपसंद सब्जी के साथ परोसिए और मज़े से खाइए व खिलाइए.

सुझाव

  • पूरी के लिए आटा न बहुत ज्यादा सख्त हो और न बहुत ज्यादा नरम गूंथा गया हो. पूरी के लिए हल्का सख्त आटा गूंथा होना चाहिए.
  • तलते समय ध्यान रखें की तेल अच्छा तेज गरम हो और आग भी तेज ही रखें
  • आप अपनी पसंद अनुसार आकार की पूरी बनाने के लिए, छोटी या बड़ी लोई ले सकते हैं.
  • लोइयां मसल-मसल कर गोल और चिकनी ही तैयार कीजिए, ये कहीं से या किनारों से कटी-फटी न हों.
  • पूरी को बेलते वक्त, इस बात का खास ख्याल रखें कि यह एक समान बेली हो. पूरी कही से पतली, कही से मोटी नही होनी चाहिए.

Raw Banana Masala Poori | कच्चे केले की खस्ता मसाला पूरी, जो चाय के साथ भी अच्छी लगे

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
2.2 / 5 (11 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (10)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

ghai
thanks mama per meri poori fulti nahi hai acche se kya keru
NishaMadhulika
ghai , You are most welcome
Mrs p. Nundy
I like your recipes and the way tech
Thanks
NishaMadhulika
Mrs p. Nundy जी रेसिपी पसंद करने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद.
Madhu
निशा जी नमस्कार
मुझे आपकी चना चूर रेसिपी बहुत पसंद आई, धन्यवाद
NishaMadhulika
Madhu जी, रेसिपी पसंद करने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद.
Aruna kakus
Kacche kele ki pav bhaji recipe video plz ,In which we can use raw banana,cauliflower,capcicum,peas,carrot
NishaMadhulika
Aruna kakus जी, सुझाव के लिए धन्यवाद. मैं जल्द ही इस रेसिपी को बनाने की कोशिश करूंगी.
Anshika Shukla
Your recipes are superb...I am loving it.....????????????
NishaMadhulika
Anshika Shukla जी, बहुत बहुत धन्यवाद.