सॉफ्ट गुलाब जामुन । Gulab Jamun Non Deep Fried

📅 25 अगस्त 2018 👁 24.1 हज़ार बार देखी गई 💬 6 कमेंट ★ 3.4 (4)

अप्पम मेकर में  बनाएं एकदम नरम गुलाब जामुन बिना डीप फ्राइ किये हुये, फूटने या फटने का डर भी नहीं

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Gulab Jamun recipe

चीनी - 1 कप (250 ग्राम)

मावा - ½ कप (125 ग्राम)

पनीर - 1.25 (40 ग्राम)

मैदा - 2 टेबल स्पून (20 ग्राम)

इलायची पाउडर - 1 छोटी चम्मच

घी - 1 टेबल स्पून

बेकिंग पाउडर - ¼ छोटी चम्मच

विधि - How to make Gulab Jamun recipe

चाशनी तैयार कीजिए

किसी बर्तन में 1 कप चीनी और ¾ कप पानी डालकर मिला दीजिए. चीनी को पानी में पूरी तरह से घुलने तक पकाएं और बीच बीच में इसे चलाते भी रहें. चीनी पानी में पूरी तरह से घुल जाने के बाद चाशनी को 2 मिनिट और पका लीजिए इसके बाद इसे चैक कीजिए. चाशनी चैक करने के लिए कल्छी में 1-2 बूंदे चाशनी लीजिए इसे हल्का सा ठंडा होने पर उंगली डिप करके उंगली और अंगूठे में चिपका कर देखिए, चाशनी शहद की तरह चिपक रही हो, तो गुलाब जामुन के लिए चाशनी तैयार है. चाशनी में इलायची पाउडर डाल कर मिक्स कर दीजिए. चाशनी के बर्तन को गैस पर से उतार कर जाली स्टैन्ड पर रख दीजिए.

गुलाब जामुन का मिश्रण तैयार कीजिए

नरम मावा (धाप) को प्लेट में निकाल लीजिए इसमें और पनीर क्रम्बल कर के डाल दीजिए. अब मावा और पनीर को एक साथ हाथ से मसलते हुए एकदम नरम और चिकना होने तक 2-3 मिनिट मसलते रहिए. इसके बाद इस मिश्रण में मैदा और बेकिंग पाउडर डालकर एक बार फिर से अच्छे से मिलाते हुए 2-3 मिनिट मसल-मसलकर मिक्स कर लीजिए और एकदम चिकना मिश्रण तैयार कर लीजिए.

non fried gulab jamun recipe

गुलाब जामुन बनाएं

गुलाब जामुन बनाने के लिए अप्पम मेकर को गैस पर धीमी आंच पर गरम होने के लिए रख दीजिए.

गुलाब जामुन के लिए तैयार किए मिश्रण के डोह को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लीजिए. एक टुकड़ा उठाइए और हाथों से रोल करते हुए गोल गुलाब जामुन बनाकर रख लीजिए. इसी प्रकार एक-एक करके सारे डोह से गुलाब जामुन तैयार कर लीजिए.

अप्पम मेकर के प्रत्येक खाने में थोड़ा-थोड़ा घी डालिये. गुलाब जामुन के गोलों को इसके खानों में लगा दीजिए और अप्पम मेकर को ढक दीजिए और गुलाब जामुन को धीमी आंच पर 3 मिनिट के लिए ढककर पकने दीजिए इसके बाद इसे चैक कीजिए.

3 मिनिट बाद इन्हें चैक कीजिए, अभी ये नही पके हैं इन्हें और 2 मिनिट ढक कर धीमी आंच पर सिकने दीजिए. इसके बाद इन्हें चैक कीजिए.

2 मिनिट बाद इन्हें चैक कीजिए ये नीचे से सिक चुके हैं इन्हें पलट दीजिए और इन्हें फिर से ढककर 2 मिनिट तक सिकने दीजिये.

non fried gulab jamun recipes

2 मिनिट बाद इन्हें चैक कीजिए ये नीचे से अभी कम सिके हैं. इन्हें गोल्डन ब्राउन होने तक सेकना है, इन्हें फिर से ढककर 1-1.5  मिनिट तक सिकने दीजिये.

इन्हें चैक कीजिए गुलाब चामुन चारों ओर से गोल्डन ब्राउन सिक कर तैयार हैं. गुलाब जामुन को सिकने में लगभग 10 मिनिट का समय लगा है.   

गुलाब जामुन को अप्पम मेकर से निकाल कर चाशनी में डाल दीजिए, और गुलाब जामुन को चाशनी में 5-6 घंटे डूबे रहने दीजिए. इसके बाद इन्हें सर्व कीजिए. आप चाहें तो इन्हें 2-3 घंटे के बाद भी खाने के लिए परोस सकते हैं.

सुझाव

  • जमा हुआ सख्त मावा भी ले सकते हैं, उसमें 1 चम्मच दूध डल कर उसे मसल लीजिए वह साफ्ट हो जाएगा.
  • चाशनी बनाते समय ध्यान रखें की जिस बर्तन से आप चीनी नाप कर ले रहे हैं उस बर्तन का ¾ कप पानी डालें और चीनी को पूरी तरह से घुलने तक पकाएं और थोड़ा सा 1-2 मिनिट और पका लीजिए. एकदम परफेक्ट चाशनी बन कर तैयार होगी.
  • चाशनी अगर गाढी़ होगी तो गुलाब जामुन चाशनी में डालने पर सिकुड़ जाएंगे.
  • अगर चाशनी पतली होगी तो गुलाब जामुन की ऊपरी परत निकलने लगेगी वो खिले खिले से हो जाएंगे.
  • गुलाब जामुन सेकने के लिए हमने 1 चम्मच घी का उपयोग किया था जिसमें से गुलाब जामुन सेकने के बाद भी कुछ घी अप्पम मेकर में बच गया था यानि की ½ चम्मच घी का ही उपयोग हुआ है.
  • अप्पम मेकर में गुलाब जामुन बनाते समय ध्यान रखें की आग धीमी ही रखें ओर इन्हें हर 2 मिनिट बाद चैक करते रहें.

Gulab Jamun recipe | सॉफ्ट गुलाब जामुन बिना डीप फ्राइ किये हुये, फूटने या फटने का डर भी नहीं

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.4 / 5 (4 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (6)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

Pratiksha
Bahut koshish ke bad bhi gulab jamun Ander se white reh ja rhe hai chashani Pura Ander nhi ja rhi hai iske liye dhap wala khoya hi jruri hai kya
NishaMadhulika
Pratiksha जी, जमा हुआ सख्त मावा भी ले सकते हैं. चाशनी गाढी हो, गुलाब जामुन का मिश्रण सख्त हो तो चाशनी अंदर तक नहीं जा पाती. आप परेशान न हों थोड़ी सी प्रेक्टिस से आप बहुत अच्छे गुलाब जामुन बना कर तैयार करेंगी.
Neha
Nisha jee mera ek swal hai gulab jamun ki chasni gadhi ho jaye to uske liye kya kar sakte hai
NishaMadhulika
नेहा जी, चाशनी में थोड़ा पानी डाल कर इसे उबाल लीजिए यह सही हो जाएगी.
Geetika tarun
DAhi bada in appe pan recipe video plz
NishaMadhulika
Geetika tarun जी, सुझाव के लिए धन्यवाद मैं जल्द ही इसे बनाने की कोशिश करूम्गी.