बिना तला हुआ आलू बड़ा | Non deep fried Batata vada | No Fry Fried Aloo Bonda

तेल से परहेज करने वालों के लिए विशेष रूप से तैयार बिना तला हुआ आलू बड़ा, बिल्कुल तले हुए बटाटा बड़े की तरह करारा और स्वादिष्ट.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for No Fry Fried Aloo Bonda
उबले हुए आलू - 3 (300 ग्राम)
बेसन - ½ कप (60 ग्राम)
हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून
तेल - 1 टेबल स्पून
अजवायन - ⅛ छोटी चम्मच
जीरा - ¼ छोटी चम्मच
हींग - ½ पिंच
हल्दी पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
धनिया पाउडर - ½ छोटी चम्मच
हरी मिर्च - 1-2 (बारीक कटी हुई)
अदरक - ½ छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - ½ छोटी चम्मच
नमक - 1 छोटी चम्मच से कम या स्वादानुसार
बेकिंग सोडा - 1 पिंच
विधि - How to make Non deep fried Batata vada
आलू बडा़ बनाने के लिए बेसन को प्याले में निकाल लीजिए. बेसन में थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए पकौड़े की कंसिस्टेंसी के जैसा घोल तैयार कर लीजिए. घोल बनाने में ½ कप से 2 टेबल स्पून कम पानी का उपयोग हुआ है.
घोल में ⅓ छोटी चम्मच नमक, ¼ छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर, ¼ छोटी चम्मच से भी आधी हल्दी पाउडर और अजवायन डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिलने तक मिला लीजिए. साथ में बेकिंग सोडा डाल कर अच्छे से मिक्स कर लीजिए. बैटर को 10 मिनिट के लिए रख दीजिए. बैटर अच्छे से फूल कर तैयार हो जाएगा.
उबले आलू को छीलकर बारीक तोड़ लीजिए.

पैन को गैस पर गरम होने रख दीजिए. पैन में 1 छोटी चम्मच तेल डालकर गरम कीजिए. तेल गरम होने पर इसमें ¼ छोटी चम्मच जीरा डालकर हल्का सा भून लीजिए. जीरा भून जाने पर, हींग, बचा हुआ हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक का पेस्ट, बारीक तोड़े हुए आलू, बची हुआ लाल मिर्च पाउडर, ½ छोटी चम्मच से कम नमक डाल दीजिए. सभी चीजों को 2-3 मिनिट अच्छे से चमचे से मैश करते हुए भून लीजिए. बाद में, इसमें थोड़ा सा हरा धनिया डालकर मिलाएं.
आलू को 3-4 मिनिट अच्छे से मैश करते हुए भून लेने के बाद. आलू की स्टफिंग बन कर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए और स्टफिंग को प्लेट में निकाल लीजिए. आलू को ठंडा होने दीजिए.
आलू स्टफिंग के ठंडा हो जाने पर हाथ पर थोड़ा सा तेल लगाकर हाथ को चिकना कर लीजिए और आलू के मिश्रण में से थोड़ा सा मिश्रण निकालकर गोल कर लीजिए और गोले को प्लेट में रख दीजिए. इसी तरह सारे मिश्रण से गोले बना कर तैयार कर लीजिए.
गोले को सेकने के लिए अप्पम मेकर को गैस पर रख कर गरम कीजिए. अप्पम मेकर के सभी खानों में थोड़ा-थोड़ा तेल डालकर चिकना कर लीजिए. इस दौरान गैस धीमी ही रखें.

आलू का एक गोला उठाकर इसे बेसन के घोल में चारों ओर से अच्छे से लपेट दीजिए. फिर इस गोले को सिकने के लिए अप्पम मेकर के सांचे में रख दीजिए. इसी प्रकार जितने गोले अप्पम मेकर के सांचे में आ जाएं उतने बेसन के घोल में लपेटकर अप्पम मेकर में सिकने के लिए डाल दीजिए. अप्पम मेकर को ढककर 4-5 मिनिट धीमी आंच पर आलू बड़ा को सिकने दीजिए.
4 मिनिट बाद आलू बडा़ नीचे की ओर से सिक कर तैयार हैं, आलू बडा़ के ऊपर थोड़ा सा तेल डाल दीजिए और आलू बड़ा को पलट दीजिए. आलू बड़ा के इस सिके भाग पर भी बहुत थोड़ा सा तेल डाल दीजिए. ऎसा करने से इनका रंग और करारापन अच्छा आता है. अब इन्हें फिर से ढककर 4-5 मिनिट धीमी आंच पर सिकने दीजिए.
4 मिनिट बाद इन्हें चैक कीजिए, बड़े नीचे से अच्छे गोल्डन ब्राउन होकर तैयार हैं, इन्हें पलट दीजिए और फिर से धीमी आंच पर 1-2 मिनिट सिकने दीजिए.
आलू बड़ा दोनो ओर से अच्छे गोल्डन ब्राउन सिक कर तैयार हैं. इन्हें निकालकर प्लेट में रख दीजिए. बहुत ही कम तेल में बने स्वादिष्ट आलू बड़ा बनकर तैयार हैं. आलू बडा़ को आप अपनी पसंद की किसी भी चटनी के साथ परोसिये और खाइये.
सुझाव
अगर आप बड़े के सिके हुए भाग पर तेल नहीं लगाना चाहें तो ना लगाएं.
Non deep fried Batata vada | बिना तला हुआ आलू बड़ा । No Fry Fried Aloo Bonda
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।