मिक्स्ड फ्रूट जैम । Mixed Fruit Jam । Homemade Mixed Fruit Jam

बच्चों का फेवरेट मिक्स्ड फ्रूट जैम घर पर बनाना बहुत ही आसान है और यह फटाफट से बन भी जाता है. घर के बने जैम को बच्चे तो क्या बड़े भी बेहद चाव से खाते हैं.
Read- Mixed Fruit Jam । Homemade Mixed Fruit Jam
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Homemade Mixed Fruit Jam
- सेब (हरा और लाल)- 2 (350 ग्राम)
- स्ट्रॉबेरी- 200 ग्राम
- काले अंगूर- 300 ग्राम
- अनानास- 200 ग्राम
- चीनी- 600 ग्राम
- नींबू- 1
- दालचीनी- 1 टुकड़ा
- इलायची- 6
विधि - How to make Mixed Fruit Jam
मिक्स्ड फ्रूट जैम बनाने के लिए सभी फलों को पानी से धोकर पानी सूखने तक सुखा लीजिए. इलायची को कूटकर छीलकर पाउडर बना लीजिए.
इसके बाद, स्ट्रॉबेरी के डंठल हटाकर इन्हें टुकड़ों में काट लीजिए ताकि ये मिक्सर में आसानी से पिस जाए. अंगूर को 2-2 टुकड़ों और अनानास को बड़े-बड़े टुकड़ों में काट लीजिए. सेब को छीलकर कद्दूकस कर लीजिए.
पैन में कद्दूकस किए हुए सेब डाल दीजिए और धीमी आंच पर इसमें चीनी डालकर पिघलने दीजिए. इसी बीच, फलों- अंगूर, इसके बाद, स्ट्रॉबेरी और अनानास को एकदम बारीक पीस लीजिए. सारे पेस्ट को कढ़ाही में चीनी के साथ डालकर मिक्स कर दीजिए. इसमें दालचीनी का टुकड़ा भी डाल दीजिए और जैम को मध्यम या मध्यम तेज आंच पर गाढ़ा होने तक पकने दीजिए. जैम को बीच-बीच में चलाते रहिए.

जैम के थोड़ा गाढ़ा होने पर इसमें इलायची पाउडर डालकर मिक्स कर लीजिए और पल्प को और गाढ़ा होने तक चलाते हुए पकाएं. जैसे ही जैम काफी गाढ़ा हो जाए, आंच धीमी-मध्यम कर लीजिए और जैम को चलाते हुए पका लीजिए.
जैम के और गाढ़े होने पर थोड़ा सा जैम प्लेट में निकालकर चैक कर लीजिए. प्लेट को तिरछा करके देखिए, जैम पूरा एक साथ चलकर नीचे की ओर बहता है, तो कन्सिस्टेन्सी सही है. अगर जैम में से पानी अलग बहे, तो जैम को और पकाने की ज़रूरत है. जैम तैयार है, गैस बंद कर दीजिए और जैम को थोड़ा सा ठंडा होने दीजिए. इसे बनाने में 30 मिनिट लगे हैं.
‘
थोड़ा सा ठंडा होने के बाद, जैम में नींबू का रस निचोड़कर मिक्स कर दीजिए और दालचीनी का टुकड़ा निकालकर अलग कर लीजिए.
ठंडा होने पर जैम अच्छा गाढ़ा हो जाता है, इसे प्याली में निकाल लीजिए. मिक्स्ड फ्रूट जैम बनकर तैयार है. इसे पूरी तरह से ठंडा होने के बाद किसी भी कन्टेनर में भरकर फ्रिज में रख लीजिए और पूरे 6 महीने तक यूज कीजिए.
सुझाव
- कद्दूकस किए हुए सेब लेने से जैम में दाने बनते हैं क्योंकि बाकी की चीजें पीसकर ली गई हैं.
- इलायची को कूटने से ये आसानी से छिल जाती हैं.
- आप इस जैम को अपने पसंद के फलों से भी बना सकते हैं लेकिन ज्यादा रस वाले फल जैसे कि तरबूज, खरबूज ना लें.
- जैम को लगातार चलाते हुए पकाएं, यह कढ़ाही के तले पर नही लगना चाहिए.
- जैम के गाढ़ा होने पर आंच मध्यम- धीमी कर लीजिए क्योंकि तेज या मध्यम आंच पर जैम फफकने लगता है.
Mixed Fruit Jam । मिक्स्ड फ्रूट जैम । Homemade Mixed Fruit Jam
कमेंट (4)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
Mam please please reply....