मोदक । Modak recipe | मोदक । How to make Ukdiche Modak without Mould

गणेश चतुर्थी पर पारंपरिक रूप से चावल, गुड़ और मेवे से बनाए जाने वाले मोदक, स्वाद में लाज़वाब तो होते ही है, दिखने में बहुत खूब भी लगते हैं. आइए ये खूबसूरत मोदक आगामी पर्व के लिए तैयार करें.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Modak
- चावल का आटा - 1.25 कप (200 ग्राम)
- नारियल - 1.5 कप (कद्दूकस किया हुआ)
- गुड़ - 1 कप (200 ग्राम) (क्रम्बल किया हुआ)
- बादाम - 10-12
- काजू - 10-12
- घी - 2 टेबल स्पून
- इलायची - 6-7
- किशमिश - 1 टेबल स्पून
- नमक - 1 पिंच या स्वादानुसार
विधि - How to make Ukdiche Modak without Mould
चावल का आटा तैयार कीजिए
इसके लिए एक बड़े बर्तन में 1.5 कप पानी डाल कर इसे गैस जला कर रख दीजिए. फिर इस पानी में 2 छोटी चम्मच तेल ओर 1 पिंच नमक डालकर पानी को ढ्क दीजिए ताकि पानी में जल्दी से उबाल आ जाए.
पानी में उबाल आने पर गैस धीमा कर दीजिए और बर्तन का ढ्क्कन हटा कर बरतन में चावल का आटा डाल दीजिए और मिक्स कर दीजिए. गैस बंद कर दीजिए और आटे को ढककर 5 मिनिट के लिए रख दीजिए.
स्टफिंग तैयार कीजिए
जब तक आटा भाप में पक रहा है तब तक स्टफिंग बना लीजिए. पैन को गैस पर रख कर गरम कीजिए. इसमें 1 चम्मच घी डालकर गरम होने दीजिए. घी के गरम होने पर इसमें गुड़ और कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल डाल दीजिए. गुड़ नारियल को धीमी आंच पर अच्छे से मिलाते हुए पका लीजिए.
काजू और बादाम को बारीक काट लीजिए. इलायची को छील कर इनके बीजों का पाउडर तैयार कर लीजिए.
गुड़ और नारियल के अच्छे से मिक्स होकर पककर तैयार होने पर इसमें कटे हुए काजू-बादाम, इलायची पाउडर और किशमिश डालकर मिक्स कर दीजिए. स्टफिंग बनकर तैयार है. इसे प्लेट में निकल लीजिए और ठंडा होने दीजिए.

भाप में पके आटे को प्लेट में निकाल लीजिए और आटे को मसल लीजिए. इसके लिए हाथ पर थोड़ा सा घी लगाकर आटे को 6-7 मिनिट तक मसल-मसल कर अच्छे से चिकना कर लीजिए. मोदक के लिए आटा तैयार है.
मोदक बनाइए
मोदक बनाने के लिए एक बार फिर से दोनों हाथों पर थोडा़ सा घी लगाकर हाथों को चिकना कर लीजिए और आटे में से एक नींबू के साईज जितना आटा तोड़ लीजिए और बाकी आटे को ढक दीजिए ताकि आटा सूखे नहीं.
इस तोड़े हुए आटे को गोल कर के हथेली से चपटा कर लीजिए और इस लोई को उंगली और अंगुठे की मदद से कटोरी के जैसा आकार दीजिए. आटा हाथ पर चिपके नहीं इसके लिए हाथों को बीच-बीच में घी से चिकना करते रहें.
इसके बीच में 1 से 1.5 चम्मच स्टफिंग भर दीजिए और लोई को चारों ओर से प्लेट बनाते हुए मोदक का आकार देते हुए बंद कर दीजिए. इसी तरह सारे मोदक बनाकर तैयार कर लीजिए.

मोदक भाप में पकाइए
इसके लिये कोई भी ऐसा बर्तन ले लीजिए जिसमें छलनी आ जाए. बर्तन में 2 कप पानी उबलने के लिए रख दीजिए, छलनी को घी लगाकर चिकना कर लीजिए. छलनी में मोदक को थोड़ी-थोडी़ दूरी पर लगाते हुए रख दीजिए.
पानी में उबाल आने पर छलनी को बर्तन के ऊपर रख कर ढक दीजिए. मोदक को भाप में 12 मिनिट तक पकने दीजिए. गैस की आंच को तेज ही रखें.
12 मिनिट बाद मोदक बन कर तैयार हैं. गैस बंद कर दीजिए. छलनी को बरतन से निकाल कर जाली स्टैंड पर रख दीजिए और मोदक को ठंडा होने दीजिए.
मोदक ठंडे हो जाने पर इन्हें छलनी में से निकाल कर प्लेट में रख दीजिए. स्वाद से भरपूर मोदक बन कर तैयार हैं. आप इन्हें बनाएं और इनके स्वाद का मजा लीजिए.
सुझाव
- मोदक के लिए चावल का बारीक आटा लें.
- ड्राय फ्रूट आप अपनी पसंद से जो डालना चाहें डाल सकते हैं जैसे कि चिरौंजी, पिस्ता, अखरोट इत्यादि. ड्राय फ्रूट्स अपनी पसंद के अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं.
- मोदक के लिए आटा इतना चिकना होना चाहिए कि जब उससे लोई बनाएं तो वे फटे नहीं या उसमें क्रेक न दिखाई दें.
Modak recipe | मोदक । How to make Ukdiche Modak without Mould
कमेंट (9)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: ज्योती जी, आप अपनी पसंद अनुसार बदलाव कर सकती हैं.
निशा: शालिनी जी, ताजा नारियल लेना है.
Mam hum microwave me modak steam kar sakte hain idli stand par agar kar sakte hain to kitni der tak microwave karna hai
निशा:शालिनी जी, मोदक माइक्रोवेव में अच्छे स्टीम नहीं हो पायेंगे.
निशा: शिवांजली जी, बहुत बहुत धन्यवाद. आप ये रेसिपी बनाएं और अपने अनुभव हमारे साथ जरूर शेयर कीजिएगा.
निशा: बहुत बहुत धन्यवाद. आप ये रेसिपी बनाएं और अपने अनुभव हमारे साथ जरूर शेयर कीजिए.
निशा: मनीषा जी, आप इसकी स्टफिंग में खसखस का उपयोग कर सकती हैं और इन्हें फ्रिज में रख कर 3 से 4 दिन तक उपयोग में ला सकती हैं.
निशा: जी हां आप इन्हें फ्राय भी कर सकते हैं.