फ्राइड मोमोज - Veg fried momos - Fried Dim Sum Recipe

📅 29 अगस्त 2016 👁 2.5 लाख बार देखी गई 💬 32 कमेंट ★ 3.0 (2028)


नेपाल-तिब्बत की रेसीपी मोमोज, दिल्ली आकर फ्राइड और तंदूरी मोमोज के रूप में बहुत पसंद की जा रही हैं.  हाफ कुक्ड मोमोज को कुरकुरा तल कर व्हाइट सॉंस और चटनी के साथ परोसिये.

Read - Veg fried momos - Fried Dim Sum Recipe In English 

आवश्यक स‌ामग्री - Ingredients for Fried momos

  • मैदा - 1 कप (125 ग्राम)
  • बंद गोभी- 1 ( 350 ग्राम)
  • गाजर - 1 (50-60)
  • हरा धनिया - 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • तेल - 2 टेबल स्पून
  • हरी मिर्च - 1 (बारीक कटा हुआ )
  • अदरक - 1/2 इंच (कद्दूकस किया हुआ)
  • नमक - 3/4 छोटी चम्मच (स्वादानुसार)
  • तेल - तलने के लिए

विधि - How to make Veg fried momos

मैदा को किसी बर्तन में निकाल लीजिये और इसमें 1/4 छोटी चम्मच नमक डालकर थोडा़ -थोडा़ पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ कर तैयार कर लीजिये. हाथ पर थोडा़ सा तेल लगाकर आटे को मसल-मसल कर चिकना कर लीजिए. गुंथे आटे को 15-20 मिनिट के लिए ढककर रख दीजिये, ताकि आटा फूल कर सैट हो जाय.

स्टफिंग बनाएं
बंदगोभी को अच्छे से धोकर साफ करके कद्दूकस कर लीजिए और गाजर को छीलकर अच्छे से धोकर साफ करके कद्दूकस कर लीजिए.

पैन में 2-3 छोटे चम्मच तेल डाल कर गरम करें, गरम तेल में कद्दूकस किया हुआ अदरक, हरी मिर्च डालकर थोड़ा सा भूनिये, गैस बंद कर दीजिए और भूने मसाले को कद्दूकस की हुई सब्जियों में डाल दीजिये. साथ में 1/2 छोटी चम्मच नमक और बारीक कटा हरा धनिया डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिलाते हुए मिक्स कर लीजिए. स्टफिंग बनकर के तैयार है.

आटा सैट होकर तैयार है, हाथ पर थोडा़ सा तेल लेकर आटे को मसल कर चिकना कर लीजिए. आटे से छोटी छोटी गोल लोई बनायें और ढककर रख दीजिए ताकि ये सूखें नहीं.


एक लोई उठाएं उसे गोल कीजिए और सूखे मैदा में लपेटें और गोल गोल 2.5 -3 इंच व्यास की पूरी की तरह पतला बेल लीजिए. (अगर बेलते समय लोई चकले से चिपकने लगे तो फिर से सूखा मैदा लगाकर इसे बेलें). पूरी को किनारों पर दबाव देते हुए बेलें इसे बीच से पतला न करें. बेली हुई पूरी को प्लेट में रख दीजिए और इसी तरह से सारी पूरियां बेल कर तैयार कर लीजिए.

एक पूरी को हथेली पर रखें और इसमें 1 से डेढ चम्मच स्टफिंग रख दीजिए, अब पूरी के किनारे को पकड़ कर फोल्ड करते हुए चिपका दीजिए इसके बाद दूसरा फोल्ड करते हुए उसे पहले वाले के साथ चिपका दीजिए इसी तरह से फोल्ड करते हुए चिपकाएं और आखिर में इसे बंद करते हुए चिपका दीजिए (फोल्ड करने का तरीका विडियो में देख सकते हैं).

सभी मोमोज इसी तरह से बना कर तैयार कर लीजिए.

अब मोमोज को भाप में पकाना है. इसके लिये या तो आपको मोमोज पकाने वाला बर्तन लेना पड़ेगा, लेकिन अगर हमारे पास मोमोज पकाने का यह बर्तन नहीं हैं तो किसी इस तरह के बर्तन में पानी भर कर गरम कीजिये जिसमें छलनी आ जाय.

बरतन में 2 कप पानी उबलने के लिए रख दीजिए, छलनी को तेल लगाकर चिकना कर लीजिए. छलनी में मोमोज को थोड़ी थोडी़ दूरी पर लगाते हुए रख दीजिए. पानी में उबाल आने पर छलनी को बर्तन के ऊपर रख कर ढक दीजिए. फ्राइड मोमोज बनाने के लिए मोमोज को भाप में 5 मिनिट तक आधा पका लीजिए. 5 मिनिट बाद मोमोज को निकाल कर ठंडा होने के लिए रख दीजिए. मोमोज को थोड़ा ठंडा होने के बाद प्याले में निकाल लीजिए. जब मोमोज को स‌र्व करना हो, तब गरम गरम मोमोज को फ्राई कर लीजिए.

फ्राई करने के लिए
मोमोज फ्राई करने के लिए कड़ाही में तेल डाल कर गरम कर लीजिए. मीडियम गरम तेल में मोमोज को डाल दीजिए. (एक बार में जितने मोमोज तेल में आ जाए तल लीजिए). मोमोज को मीडियम-धीमी आंच पर पलट-पलट कर गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए. मोमोज जब चारों ओर गोल्डन ब्राउन कलर के स‌िक जाय, तब उसे कलछी पर रखकर, कुछ देर कड़ाही के ऊपर रख लीजिए. जिससे मोमोज स‌े अतिरिक्त तेल कड़ाही में वापस चला जाए. मोमोज को प्लेट में निकाल कर रख लीजिए. इसी तरह स‌ारे मोमोज तल कर तैयार कर लीजिए. ( एक बार के मोमोज तलने में 5-6 मिनिट का स‌मय लग जाता है). फ्राइड मोमोज बन कर तैयार हैं.
 
स्वादिष्ट गरमा गरम फ्राइड मोमोज को आप लाल मिर्च की तीखी चटनी, टमाटर की हल्की तीखी चटनी या व्हाइट सॉस के साथ परोसिये और खाईये.

सुझाव

  • फ्राइड मोमोज बनाने के लिए मोमोज को भाप में ज्यादा देर तक नही पकाइये. मोमोज को कुछ देर भाप में पकने के बाद ही निकाल लीजिए.
  • अगर आपको फ्राइड मोमोज कुछ देर के बाद बनाकर खाने हैं, तो आप मोमोज को आधा पका कर रख लीजिए और जब खाने हों तो उन्हें आप तल कर गरमा गरम परोस‌कर खाइये.
  • संबन्धित रेसीपी - मोमोज के लिये चटनिया - How to make Chutnye for momos.

Veg fried momos - Fried Dim Sum Recipe

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.0 / 5 (2028 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (32)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

vidya
Thanks for the recipe. Loved it.

निशा: विद्या जी, बहुत बहुत धन्यवाद.