कुंदरू चटनी - Kundru Chutney Recipe - Ivy Gourd Chutney - Tindora Chutney Recipe

कुंदरू की सब्जी के स्वाद से सभी दो चार होंगे, लेकिन क्या आप जानते हैं कुंदरू की चटनी भी बनाई जाती है? हरे धनिये, उड़द-चना दाल, कुंदरू, करी पत्ते और मसालों से तैयार यह चटनी काफी लज़ीज होती है. आप एक बार इस चटनी को खाएंगे, तो इसका स्वाद आपकी ज़ुबां पर चढ़ जाएगा.
Read - Kundru Chutney Recipe - Ivy Gourd Chutney - Tindora Chutney Recipe in English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Tindora Chutney Recipe
- कुंदरू - 200 ग्राम
- तेल - 2 टेबल स्पून
- हरा धनिया - 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- उड़द दाल - 1 टेबल स्पून
- चना दाल - 1 टेबल स्पून
- नींबू - 1
- हरी मिर्च - 4
- करी पत्ता - 20 से 25
- हींग - 1 पिंच
- राई या सरसों के दाने - ¼ छोटी चम्मच
- जीरा - 1 छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - ½ छोटी चम्मच
- नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make Kundru Chutney
कुंदरू के दोनों ओर से डंठल हटा दीजिए और इन्हें गोल-गोल पतला-पतला काट लीजिए.
पैन को गैस पर रखिए और पैन मे थोडा़ सा तेल डालकर गरम कीजिए. तेल में चने और उड़द की दाल डाल दीजिए और हल्का ब्राउन होने तक भून लीजिए. दाल में जीरा भी डाल दीजिए. जीरा चटख जाने पर इसमें करी पत्ता डालकर भून लीजिए. मसाला भुन जाने के बाद, इसे एक प्लेट में निकाल लीजिए.

पैन में फिर से थोडा़ सा तेल डालकर गरम कीजिए. तेल के गरम होने पर इसमें कुंदरू डाल कर क्रन्ची होने तक तल लीजिए. कुंदरू के तल जाने पर इन्हें भी प्लेट में निकाल कर ठंडा होने दीजिए. कुंदरू को मध्यम-तेज आंच पर तलने में 6 से 7 मिनिट लगे हैं.
कुंदरू के ठंडा होने पर इन्हें मसाले के स़ाथ मिक्सर में डाल दीजिए और साथ में हरी मिर्च, लाल मिर्च, नमक, हरा धनिया और नींबू का रस भी डाल दीजिए. सभी सामग्रियों को बारीक पीस लीजिए और इसे प्याले में निकाल लीजिए. इतनी चटनी पिसने में ½ कप पानी का इस्तेमाल हुआ है.
चटनी में तड़का लगाने के लिए, पैन में तेल गरम कीजिए. तेल गरम होने पर इसमें राई, हींग डालकर भून लीजिए और तड़के को चटनी के ऊपर डाल कर अच्छे से मिक्स कर दीजिए.
कुंदरू की चटनी बनकर तैयार है, चटनी को आप चीला, डोसा, इडली या खाने के साथ परोस सकते हैं. कुंदरू की चटनी को फ्रिज में रखकर के 3-4 दिन तक आराम से खाया जा सकता है.
सुझाव
- चटनी में नींबू के रस के बदले इमली का पल्प या 1 छोटी चम्मच अमचूर पाउडर डाल सकते हैं.
Kundru Chutney Recipe - Ivy Gourd Chutney - Tindora Chutney Recipe
कमेंट (5)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: शिखा जी, कच्ची दाल लेनी है, जिसे भून कर उपयोग करना है.
निशा: गंगाधर जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: संदीप जी, कुंदरू दिखने में परवल जैसे होते हैं पर ये परवल से अलग होते हैं. ये थोड़े छोटे साइज के होते हैं और इन्हें टिन्डोरा, टेन्डली और किनरू भी कहते हैं.
निशा: इदरिश जी, वह केक अन्डे का केक होता है और लम्बे कन्टेनर में बना होता है आप सादा स्पंज केक को उस तरह के कन्टेनर में बनायेंगे तो उसी तरह का केक बनकर तैयार हो जायेगा, और स्वाद में उससे अच्छा केक बनेगा. ट्राई कीजिये आप अच्छा केक बनायेंगे, केक में बेकिंग सोडा और बेकिंग पाउडर दोंनो डाले जाते हें.